प्रदीप मालवीय, उज्जैन/ अनील मालवीय, सीहोर/रेणु अग्रवाल, धार। धर्म और आस्था की नगरी मध्य प्रदेश में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के मौके पर भक्ति का ऐसा अनूठा रंग देखने को मिला, जिसने पुरी के भव्य उत्सव की याद दिला दी। महाकाल की नगरी उज्जैन से लेकर राजा भोज की नगरी धार और सीहोर तक, पूरा प्रदेश ‘जय जगन्नाथ’ और हरिनाम संकीर्तन के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। लाखों श्रद्धालुओं ने सड़कों पर उतरकर भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के रथों की रस्सियाँ खींचीं और पलक-पावड़े बिछाकर भगवान का स्वागत किया। मध्य प्रदेश के इन तीन प्रमुख शहरों की भव्य यात्राओं का सफर:
उज्जैन: 3 अलग-अलग रथों पर निकले भगवान
अवंतिका नगरी उज्जैन में इस्कॉन (ISKCON) मंदिर द्वारा आयोजित रथयात्रा इस बार नए और बेहद भव्य आकर्षणों का केंद्र रही। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के लिए विशेष रूप से करीब ढाई लाख रुपये की लागत से तैयार की गई बेहद खूबसूरत शाही पोशाक तैयार की गई थी।
इस बार भगवान 35 फीट ऊंचे नंदी घोष रथ, भगवान बलराम तालध्वज रथ और माता सुभद्रा दर्पदलन रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले।
कृषि उपज मंडी चौराहे से शुरू हुई इस यात्रा में देश के कोने-कोने से आए भक्तों के साथ-साथ विदेशों से आए इस्कॉन अनुयायियों ने भी ढोल-ताशों की थाप पर जमकर नृत्य किया और माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।

सीहोर: पुरी की तर्ज पर ऐतिहासिक सफर
सीहोर में ऐतिहासिक चल समारोह निकाला गया, जिसने श्रद्धा और एकता की नई मिसाल पेश की। दिल्ली से आए विशेष कलाकारों ने आकर्षक धार्मिक व सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर हजारों श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। यात्रा के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर करीब 3 घंटे तक चक्काजाम जैसी स्थिति रही।

धार: भोजशाला से शुरू हुआ सफर, एक ड्रेस कोड में दिखे भक्त
राजा भोज की ऐतिहासिक नगरी धार पूरी तरह सांवरिया सेठ भक्त मंडल और सकल हिंदू समाज के रंग में रंगी नजर आई। यात्रा का श्रीगणेश ऐतिहासिक सरस्वती मंदिर भोजशाला से विधि-विधान से पूजा-अर्चना और महाआरती के बाद हुआ। भगवान जगन्नाथ के विग्रह को रथ पर विराजित कर उनका अलौकिक श्रृंगार किया गया।
इस विशाल रथयात्रा में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर विशेष रूप से शामिल हुईं और भगवान का आशीर्वाद लिया। धार में गजब का अनुशासन और भक्ति देखने को मिली। श्रद्धालु झाड़ू से सड़क बुहारते हुए रथ के आगे चल रहे थे। सभी भक्त एक ही ड्रेस कोड में नजर आए, जिसमें महिला श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

