संजय विशिवकर्मा, उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र से एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक सड़क से फिसलकर घोड़छत्र नदी के पास गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में ट्रक के भीतर ड्राइवर और क्लीनर दोनों बुरी तरह फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुँची और लगभग 8 घंटे तक चले लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
देर रात हुआ हादसा, ड्राइवर को तुरंत निकाला गया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच नौरोजाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर 108 एम्बुलेंस की टीम और डायल 112 की टीम पहुँची। पुलिस और स्वास्थ्य कर्मियों ने मिलकर तत्परता दिखाई और रात में ही ट्रक में फंसे ड्राइवर का सफल रेस्क्यू कर लिया। घायल ड्राइवर को तुरंत पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।
करीब 8 घंटे तक ट्रक में फंसा रहा क्लीनर
ड्राइवर के रेस्क्यू के बाद भी ट्रक की स्थिति और खाई की गहराई के कारण क्लीनर अंदर ही फंसा रह गया। हादसे के बाद से ही क्लीनर पिछले 6 से 7 घंटों से अधिक समय से ट्रक के केबिन में फंसा हुआ था। मौके पर लगातार राहत और बचाव कार्य जारी रहा। लगभग 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार सुबह करीब 9 बजे क्लीनर को भी ट्रक से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसके पैरों में चोट के गंभीर निशान हैं। रेस्क्यू के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे भी पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है।
शिखिल ब्योहार, भोपाल। मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी के चुनावी हलफनामे से बेहद चौंकाने वाले और दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं। वर्ष 2018 और 2019 के पुराने हलफनामों से यदि तुलना की जाए तो दोनों की संयुक्त चल संपत्ति इन 8 वर्षों में बढ़कर 4 गुना हो गई है, जो अब 4.22 करोड़ रुपए से छलांग लगाकर 17.20 करोड़ रुपए पर पहुंच गई है। खास बात यह है कि संपत्ति और आय के मामले में केंद्रीय मंत्री की पत्नी अपने पति से काफी आगे निकल गई हैं।
पत्नी की आय पति से दोगुनी, 5 वर्षों में 11 गुना बढ़ी
केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी की पत्नी लक्ष्मी पुरी की वित्तीय स्थिति में पिछले कुछ वर्षों में जबरदस्त इजाफा देखा गया है। उनकी सालाना आय पिछले पांच वित्त वर्षों के दौरान करीब 11 गुना बढ़ गई है। वित्त वर्ष 2021-22 में उनकी सालाना आय 15.40 लाख रुपए थी, जो बढ़कर 2025-26 में 1.70 करोड़ रुपए पर पहुंच गई है। यह उनके वित्तीय सफर में 1003 प्रतिशत की अभूतपूर्व बढ़ोतरी को दर्शाता है। इसके उलट, इस अवधि के दौरान खुद हरदीप पुरी की आय में केवल 19 प्रतिशत की मामूली वृद्धि दर्ज की गई, जो 2021-22 में 63.37 लाख रुपए से बढ़कर 2025-26 में 75.57 लाख रुपए हुई। इन आंकड़ों के बाद अब लक्ष्मी पुरी की सालाना आय उनके पति से दोगुने से भी अधिक हो गई है।
प्रॉपर्टी के लिए 14 करोड़ का एडवांस और कर्ज मुक्त दंपती
हलफनामे के अनुसार, संपत्ति खरीदने के मामले में भी दोनों ने बड़े निवेश किए हैं। दंपती ने विभिन्न संपत्तियों के लिए कुल 14.17 करोड़ रुपए का एडवांस दे रखा है, जिसमें अकेले हरदीप पुरी ने 5.50 करोड़ रुपए और उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी ने 8.67 करोड़ रुपए का भुगतान किया है। इस पूरे वित्तीय ब्योरे की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि दोनों पर वर्तमान में किसी भी तरह की कोई देनदारी या बैंक कर्ज नहीं है। वे पूरी तरह से कर्जमुक्त हैं।
केंद्रीय मंत्री की पत्नी लक्ष्मी पुरी के पास जिनेवा (स्विट्जरलैंड) में 311 वर्गमीटर का एक शानदार फ्लैट भी मौजूद है। उन्होंने यह फ्लैट वर्ष 2006 में 16 लाख स्विस फ्रैंक में खरीदा था, जिसकी मौजूदा कीमत बढ़कर अब 30 लाख स्विस फ्रैंक हो गई है। गौरतलब है कि वर्ष 2018-19 के दौरान इस प्रॉपर्टी पर 8.85 लाख स्विस फ्रैंक का कर्ज था, जिसे अब पूरी तरह चुका दिया गया है। ज्ञात हो कि लक्ष्मी पुरी एक प्रतिष्ठित पूर्व भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी रह चुकी हैं, संयुक्त राष्ट्र में सहायक महासचिव की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं और वर्तमान में अपोलो टायर्स में स्वतंत्र निदेशक के रूप में कार्य कर रही हैं।
Automobile Desk: भारतीय पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में अपनी बादशाहत बरकरार रखने के लिए मारुति सुजुकी एक बार फिर बड़े स्तर पर प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को अपडेट करने की तैयारी में है। आने वाले समय में कंपनी अलग-अलग सेगमेंट को ध्यान में रखते हुए 5 नई गाड़ियों को सड़कों पर उतारने की योजना बना रही है। इनमें एंट्री-लेवल इलेक्ट्रिक कार, 3-रो फैमिली एमपीवी और पॉपुलर मॉडल्स के फेसलिफ्ट वर्जन शामिल हैं।
आइए जानते हैं कि मारुति के इस नए प्लान में कौन-कौन सी गाड़ियां जगह बनाने जा रही हैं:
मारुति फ्रोंक्स फेसलिफ्ट (Maruti Fronx Facelift)
कंपनी की लोकप्रिय कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर फ्रोंक्स को नया लुक देने की तैयारी अंतिम दौर में है। हाल में टेस्टिंग के दौरान देखे गए मॉडल से संकेत मिलते हैं कि इसके फ्रंट ग्रिल, बंपर और हेडलाइट सेटअप में विजुअल बदलाव देखने को मिलेंगे। सबसे खास बात यह है कि टेस्टिंग म्यूल में रडार आधारित सुरक्षा तकनीक यानी ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) के सेंसर नजर आए हैं। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि नए मॉडल में एडाप्टिव क्रूज कंट्रोल और ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग जैसी आधुनिक सेफ्टी सुविधाएं मिल सकती हैं। हालांकि, मेकैनिकल मोर्चे पर 1.2-लीटर नेचुरल एस्पिरेटेड और 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन के विकल्प पहले की तरह बरकरार रहने की संभावना है।
मारुति YMC इलेक्ट्रिक 7-सीटर एमपीवी
इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में मजबूत पकड़ बनाने के लिए मारुति अपनी पहली ऑल-इलेक्ट्रिक 3-रो एमपीवी पर काम कर रही है, जिसे कोडनेम YMC दिया गया है। सामने आई तस्वीरों से पता चलता है कि इसमें एसयूवी जैसा बोल्ड डिजाइन और लंबी रूफलाइन दी गई है, जिससे केबिन के भीतर बेहतर स्पेस मिलेगा। यह मॉडल कंपनी की ई-विटारा के प्लेटफॉर्म और पावरट्रेन पर आधारित हो सकता है। रिपोर्ट्स की मानें तो इसमें 49kWh और 61kWh क्षमता वाले बैटरी पैक के विकल्प दिए जा सकते हैं, जिससे लंबी रेंज मिलने की उम्मीद है।
मारुति विक्टोरिस (Maruti Victoris)
बीते साल बाजार में उतारी गई मारुति विक्टोरिस के एक ढके हुए टेस्टिंग मॉडल को हाल ही में सड़कों पर देखा गया है। इससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि कंपनी इसके पावरट्रेन में कुछ बदलाव या नया अपडेट लाने की सोच रही है। हालांकि, स्पाई शॉट्स से यह साफ नहीं हो सका है कि यह कार का फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल है या फिर इलेक्ट्रिक अवतार। कंपनी ने फिलहाल इसके कॉस्मेटिक बदलावों या फीचर लिस्ट को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
छोटी बजट इलेक्ट्रिक कार
सस्ते इलेक्ट्रिक ऑप्शन की मांग को देखते हुए मारुति एक कॉम्पैक्ट ईवी पर तेजी से काम कर रही है। यह कार सीधे तौर पर टाटा पंच ईवी जैसी स्थापित गाड़ियों को टक्कर देगी। हालांकि इस मॉडल का नाम और टेक्निकल डिटेल्स अभी गुप्त रखी गई हैं, लेकिन इंडस्ट्री सूत्रों के अनुसार कंपनी इसे साल 2027 तक बाजार में पेश कर सकती है।
प्रीमियम एमपीवी सेगमेंट में कंपनी अपनी फ्लैगशिप कार इनविक्टो का अपडेटेड वर्जन लाने की योजना बना रही है। नए फेसलिफ्ट मॉडल में एक्सटीरियर डिजाइनिंग को थोड़ा फ्रेश किया जाएगा और केबिन के भीतर कुछ नए फीचर्स जोड़े जा सकते हैं। गाड़ी में मौजूदा 2.0-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पेट्रोल इंजन और e-CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का कॉम्बिनेशन ही जारी रहने की पूरी संभावना है। आधिकारिक लॉन्च टाइमलाइन का ऐलान होना अभी बाकी है।
मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. रामनगरी मे दसवें दीपोत्सव में इस बार रामनगरी की सांस्कृतिक विरासत और विकास की झलक एक साथ देखने को मिलेगी. दीपोत्सव की शोभायात्रा को विशेष स्वरूप देते हुए पहली बार रामलीला के ‘सोलह शृंगार’ की परंपरा को शामिल किया जा रहा है. साकेत महाविद्यालय से निकलने वाली 21 झांकियों में रामायण के सातों कांडों के प्रसंगों के साथ प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा.सूचना विभाग की ओर से 14 झांकियां तैयार की जा रही हैं, जबकि पर्यटन एवं संस्कृति विभाग रामायण के सातों कांडों पर आधारित सात झांकियां निकालेगा. साकेत महाविद्यालय परिसर में इनके निर्माण का काम शुरू हो चुका है.
झांकियों के साथ अयोध्या की 16 रामलीला टीमें भी पहली बार शोभायात्रा का हिस्सा बनेंगी. अयोध्या अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान के सलाहकार एवं विशेष कार्याधिकारी आशुतोष द्विवेदी के अनुसार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में 14 प्रदेशों और उत्तर प्रदेश की 11 टीमें शामिल होंगी. हरियाणा का फाग, केरल का कथककली, राजस्थान का झूमर, पंजाब का भांगड़ा और ओडिशा का संबलपुरी नृत्य आकर्षण का केंद्र होंगे. गाजीपुर का डिबिया नृत्य सहित विभिन्न लोककलाओं की प्रस्तुतियां भी होंगी. करीब 650 कलाकार रामपथ पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे.
जिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन ने बताया कि सरकारी योजनाओं पर आधारित झांकियों में जल जीवन मिशन, ओडीओपी, आयुष्मान कैशलेस योजना, मिशन शक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर सहित 14 विषय शामिल हैं. आधुनिक तकनीक और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था के जरिए इन्हें तैयार किया जा रहा है.
CTI Write Letter To Rahul Gandhi: दिल्ली के रामलीला मैदान (Ramlila Maidan Rally) में आज INDIA ब्लॉक की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली का आयोजन किया जा रहा है। सीईसी ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के इस्तीफे की मांग को लेकर आज विपक्ष (INDIA ब्लॉक) दिल्ली रामलीला मैदान में महारैली कर रहा है। रामलीला मैदान में रैली के बीच चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री यानी सीटीआई ने एक बार फिर राहुल गांधी को चिट्ठी लिखी है। CTI) ने रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली के कारण दिल्ली के व्यापार पर गंभीर संकट पर चिंता जताई है। CTI ने राहुल गांधी से व्यापार बचाने की गुहार लगाई है। CTI इससे पहले भी राहुल गांधी तीन बार पत्र लिखा रैली को रद्द करने की मांग की थी। अब ये चौथा पत्र लिखा है।
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने कहा कि राहुल गांधी ने आज रैली में आने वाले लोगों से अपील की है कि वो दिल्ली के बाजारों में जाकर खरीददारी करें, CTI इस अपील का स्वागत करता है। हालांकि राहुस की अपील के उलट जमीन पर स्थिति बिल्कुल विपरीत है।
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि रैली के कारण रामलीला मैदान के आसपास के 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले बाजारों में लगभग 3 लाख दुकानों में से लगभग 2.5 लाख दुकानें (80%) बंद रहने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि जब दुकानें ही बंद रहेंगी तो रैली में शामिल होने वाले खरीददारी करने कहां जाएंगे। गोयल ने कहा कि 6 नवंबर को धनतेरस और 8 नवंबर को दिवाली है। 1 नवंबर उसकी तैयारी का सबसे पीक दिन है. अगर आज बाजार बंद और ट्रांसपोर्ट ठप रहा तो रोजाना होने वाला 10-12 हजार करोड़ का कारोबार ठप होगा। 20 लाख व्यापारियों और 75 लाख लोगों की रोजी-रोटी पर संकट है।
CTI चेयरमैन ने अपील करते हुए पत्र में कहा ‘हम फिर कह रहे हैं, हम रैली के विरोधी नहीं हैं। रैली करिए, लेकिन 20 बाजारों के दिवाली व्यापार की कीमत पर नहीं। राहुल गांधी जी आप कह रहे हैं बाजार में जाओ, लेकिन जब बाजारें-दुकानें ही बंद रहेंगी, ट्रांसपोर्ट ही ठप रहेगा, रास्ते ही बंद रहेंगे, तो रैली में आने वाले लोग कहां जाएंगे खरीदारी करने? पहले रास्ता तो खुला रखिए।
गोयल ने कहा ‘हमें BJP का एजेंट बताया जा रहा है। 100 बड़ी मार्केट एसोसिएशन्स ने आपसे रैली टालने की अपील की थी। ये सब किसी पार्टी के एजेंट नहीं हैं, ये दिल्ली के व्यापारी हैं। इनका काम व्यापार करना है, राजनीति नहीं। हम किसी पार्टी के पक्ष या विपक्ष में नहीं हैं, हम दिवाली के पीक सीजन में अपनी रोजी-रोटी बचाने की गुहार लगा रहे थे। CTI चेयरमैन ने कहा कि रामलीला मैदान के 5 किलोमीटर के दायरे में जो बड़े बाजार हैं – कश्मीरी गेट, मोरी गेट, जनपथ, चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, खारी बावली, नया बाजार, सदर बाजार, अजमेरी गेट, दरियागंज, पहाड़गंज, कमला मार्केट, जामा मस्जिद, भागीरथ पैलेस, लाजपत राय मार्केट, किनारी बाजार, दरीबा कलां, बल्लीमारान, फतेहपुरी, तिलक बाजार, कनॉट प्लेस, पालिका बाजार, गफ्फार मार्केट – इनमें लगभग 3 लाख दुकानें हैं। उन्होंने कहा कि जो सूचना हमें सुबह से मिल रही है, उसके हिसाब से आज लगभग 2.5 लाख दुकानें बंद रहेंगी और 80% व्यापार पूरी तरह ठप रहेगा।
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा संकट ट्रांसपोर्ट का है। आज रामलीला मैदान के इर्द-गिर्द 10 किलोमीटर के दायरे में जितने भी ट्रांसपोर्ट हैं, वो लगभग बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि लोडिंग-अनलोडिंग नहीं होगी, माल की आवाजाही नहीं होगी, गाड़ियां माल लेकर आ-जा नहीं पाएंगी। उन्होंने कहा कि रोजाना नरेला, बवाना, ओखला, मायापुरी, मुंडका, उद्योग नगर सहित 56 इंडस्ट्रियल एरिया से 5000 ट्रक-टेम्पो माल लेकर इन बाजारों में आते हैं और यहां से 3000 ट्रक NCR समेत पूरे देश में जाते हैं।
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि रामलीला मैदान में 200 बड़ी बसों की भी पार्किंग नहीं है। 10 लाख लोगों को लाने के लिए 15,000 से 20,000 बसें, कारें, टेम्पो की जरूरत पड़ेगी। ये सभी वाहन JLN मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, अजमेरी गेट, चांदनी चौक रोड पर खड़े होंगे। इससे सेंट्रल दिल्ली और पुरानी दिल्ली में लॉकडाउन जैसे हालात बनेंगे।
Automobile Desk: सड़क पर बढ़ते ट्रैफिक के बीच मैनुअल गियर बदलने की सिरदर्दी से हर कोई बचना चाहता है। अगर आप भी अपने परिवार के लिए एक ऐसी गाड़ी की तलाश में हैं जो चलाने में बेहद आसान हो, जिसकी माइलेज बेहतरीन हो और जेब पर ज्यादा भारी न पड़े, तो 6 लाख रुपये के आसपास का बजट एकदम परफेक्ट माना जाता है। इस रेंज में आपको भारतीय ऑटो बाजार में दमदार सेफ्टी फीचर्स, आधुनिक टेक्नोलॉजी और शानदार ग्राउंड क्लीयरेंस वाली कई हैचबैक और कॉम्पैक्ट SUV के विकल्प मिल जाते हैं। Maruti Suzuki और Tata Motors जैसे बड़े ब्रांड्स की ये कारें न सिर्फ रोजमर्रा की ड्राइविंग को सुगम बनाती हैं, बल्कि इनकी रनिंग कॉस्ट भी बेहद किफायती रहती है।
Tata Punch
टाटा मोटर्स की सबसे पॉपुलर माइक्रो SUV टाटा पंच उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है जो कम बजट में मजबूत लुक और दमदार सेफ्टी चाहते हैं। 5.74 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत वाली यह कार अपनी 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग और ऊंचे ड्राइविंग रुख के लिए काफी पसंद की जाती है। इसमें 1.2-लीटर का पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 88 PS की पावर जेनरेट करता है। 90-डिग्री तक खुलने वाले दरवाजे और 6 एयरबैग्स के साथ आने वाली यह कार करीब 18 से 20 किमी प्रति लीटर तक का माइलेज दे देती है।
Tata Aeris
टाटा की ओर से बजट सेगमेंट में एक और बेहद व्यावहारिक विकल्प टाटा एरीस है, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 5.29 लाख रुपये रखी गई है। इसमें आपको 419 लीटर का काफी बड़ा बूट स्पेस मिलता है, जो लंबे सफर के दौरान सामान रखने के लिए काफी सुविधाजनक साबित होता है। 1.2-लीटर पेट्रोल और CNG दोनों विकल्पों में आने वाली यह कार पेट्रोल में 19-20 किमी प्रति लीटर और CNG पर लगभग 26-27 किमी प्रति किलोग्राम का माइलेज देती है। सेफ्टी के लिहाज से इसमें 6 एयरबैग और ESP जैसे फीचर्स शामिल हैं।
Maruti Suzuki Swift
अपने स्पोर्टी लुक और जबरदस्त परफॉर्मेंस के कारण युवाओं के बीच मारुति स्विफ्ट की मांग हमेशा बनी रहती है। 5.83 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत वाली इस हैचबैक में कंपनी का नया 1.2-लीटर Z-सीरीज पेट्रोल इंजन मिलता है। यह कार ऑटोमैटिक (AMT) ट्रांसमिशन के साथ करीब 25.75 किमी प्रति लीटर तक का माइलेज देने में सक्षम है। इसका ऑल-ब्लैक केबिन, 6 एयरबैग्स और हिल-होल्ड असिस्ट जैसे फीचर्स इसे रोजाना की ड्राइविंग के लिए बेहद आरामदायक बनाते हैं।
Maruti Suzuki Baleno
अगर आपकी प्राथमिकता थोड़ा ज्यादा केबिन स्पेस और प्रीमियम फील है, तो मारुति बलेनो एक शानदार चॉइस बन सकती है। 5.99 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत में यह प्रीमियम हैचबैक डुअल-टोन इंटीरियर और 90 PS पावर वाले 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ आती है। इसका ऑटोमैटिक वेरिएंट शहर और हाईवे दोनों जगह स्मूथ राइड देता है और लगभग 22.35 किमी प्रति लीटर का माइलेज निकाल लेता है। इसमें ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और 6 एयरबैग्स जैसे फीचर्स भी मिल जाते हैं।
Maruti Suzuki Wagon R
पारिवारिक जरूरतों के हिसाब से मारुति वैगनआर भारतीय परिवारों की पहली पसंद बनी हुई है। 4.99 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत से आने वाली इस टॉल-बॉय डिजाइन कार में बैठने के लिए बेहतरीन हेडरूम और 341 लीटर का बूट स्पेस मिलता है। 1.0-लीटर और 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ यह कार बेहद किफायती साबित होती है। इसका पेट्रोल वेरिएंट लगभग 25.19 किमी प्रति लीटर और CNG वेरिएंट 34.05 किमी प्रति किग्रा का शानदार माइलेज देता है। शहर की तंग गलियों में चलाने के लिए इसका ऑटोमैटिक ऑप्शन काफी सहूलियत भरा रहता है।
Bilaspur News Update : बिलासपुर. विजयादशमी उत्सव के उपलक्ष्य में महाराणा प्रताप उपनगर सिरगिट्टी बस्ती के बन्नाकचौक में आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से पथ संचलन निकाला जाएगा. दोपहर 2 बजे शुरू होने वाला यह संचलन मुख्य मार्गों से होते हुए गोविंद नगर पहुंचेगा, जहां से वापस बन्नाक चौक लौटकर संपन्न होगा. आयोजन को लेकर क्षेत्र के संघ स्वयंसेवक तैयारियों में जुटे हैं. पथ संचलन में स्वयंसेवक निर्धारित गणवेश में अनुशासित कदमताल करते हुए एकजुटता, संगठन और राष्ट्रसेवा का संदेश देंगे. संघ की परंपरा में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित पथ संचलन अनुशासन, सामूहिकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक माना जाता है.
बाघिन ने दो हिरणों का किया शिकार
लोरमी. वन परिक्षेत्र खुड़िया के कारीडोंगरी के जंगल में एक बाघिन ने दो हिरण का शिकार किया है. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग अलर्ट मोड पर है, पूरे क्षेत्र में सतर्कता के लिए मुनादी कराने के साथ-साथ बाघिन की खोजबीन शुरू कर दी गई है. मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम को वन परिक्षेत्र खुड़िया के कारिडोंगरी के पास पेट्रोलिंग करने वाले स्टाफ को एक बाघिन का पग मार्ग दिखा, उन्होंने इसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी. अधिकारियों के मार्गदर्शन में वन अमले ने आसपास गस्त किया, तब शाम को ही कक्ष क्रमांक 494/95 मे दो हिरण मृत अवस्था में पाया गया. जिसे देखते हुए बाघिन के हमले से हिरण का शिकार होने की आशंका जताई जा रही है. बाघिन का पगमार्ग मिलने और शिकार हुए हिरणों की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मैदानी अमले को तत्काल निगरानी के लिए आदेश दिए हैं. घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है. ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह भी दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो. उपवनमंडलाधिकारी डी एस सूर्यवंशी ने बताया कि वन अमले के द्वारा बाघिन की तलाश की जा रही है, उन्होंने बाघिन को संभवतः अचानकमार टाइगर रिजर्व में जाने की आशंका जताई है. वनमंडल अधिकारी तन्मय कौशिक ने बताया कि वन विभाग द्वारा क्षेत्र में ट्रैप कैमरा लगाया गया है और नियमित गश्ती एवं निगरानी की जा रही है. वन विभाग द्वारा ग्राम कारीडोंगरी झलरी दुल्लापुर खुडिया कंसरी सहित आसपास के सभी ग्रामों के निवासियों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल में प्रवेश न करें. मवेशियों को जंगल में चरने के लिए न ले जाएं बाघिन अथवा उसके पर्व मार्ग दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें.
सरपंच चुनाव की रंजिश में युवक की हत्या
मुंगेली. सरपंच चुनाव में महज 8-9 मतों से मिली हार की रंजिश में तुलसी साहू (32) की हत्या कर दी गई. मुंगेली पुलिस ने अंधेकत्ल का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. हत्या की साजिश मुख्य आरोपी धनीराम साहू ने रची थी, जिसके लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की सुपारी तय की थी. पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 के सरपंच चुनाव में धनीराम साहू हार गया था, झुलुराम वर्मा चुनाव जीतकर सरपंच निर्वाचित हुए थे. उसे शक था कि मतगणना अभिकर्ता रहे तुलसी साहू ने कुछ मत निरस्त करवाकर उसकी हार सुनिश्चित की. इसी रंजिश में उसने अपने साले भुवन साहू और अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई. 25 अक्टूबर की शाम तुलसी घर से निकला था. आरोपियों ने ग्राम पेण्ड्री ‘स’ के पास उसकी मोटरसाइकिल रुकवाकर कार में अपहरण कर लिया. उसे ट्यूबवेल के पंप हाउस में ले जाकर 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर चुनाव में कथित गड़बड़ी स्वीकार करवाने संबंधी बातें लिखवाईं और वीडियो बनाया. इसके बाद बिजली के तार से पैर बांधकर गमछे से गला घोंट दिया. हत्या के बाद शव को गणेश मिनरल्स के पास कीचड़ में फेंककर कांटेदार झाड़ियों से ढंक दिया गया.
वंदे भारत मेंटेनेंस प्रक्रिया और पिट लाइन का जीएम ने लिया जायजा
बिलासपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरूण प्रकाश ने आज 31 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर में वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो का विस्तृत निरीक्षण किया. उन्होंने डिपो में स्थापित विभिन्न मशीनों, उपकरणों एवं स्वचालित प्रणालियों की कार्यप्रणाली, कार्यक्षमता एवं संचालन व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया. साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों से इनके संचालन एवं रखरखाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की. उन्होंने सभी मशीनों एवं उपकरणों का संरक्षा मानकों के अनुरूप सुचारू एवं संरक्षित संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया. निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने डिपो में स्थापित अत्याधुनिक ऑटोमेटिक कोच वॉशिंग प्लांट का भी अवलोकन किया. इस दौरान महाप्रबंधक के समक्ष वंदे भारत एक्सप्रेस रैक की धुलाई का भौतिक परीक्षण किया गया. उन्होंने प्लांट की कार्यक्षमता एवं स्वचालित धुलाई प्रक्रिया का जायजा लेते हुए डिपो में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं के प्रभावी उपयोग पर बल दिया. इसके पश्चात लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर वंदे भारत डिपो में महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश द्वारा मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारियों एवं कमर्चारियों को देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा राष्ट्रीय एकता को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई. इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक वजय कुमार साहू, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित मुख्यालय और बिलासपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीउपस्थित थे.
ट्रेन की चपेट में आया युवक
रायगढ़. शहर में ओवरब्रिज के नीचे रेलवे फाटक के पास शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया. इस हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से युवक का दायां हाथ कटकर अलग हो गया है. हादसे के बाद वह बुरी तरह लहूलुहान होकर ट्रैक के पास ही गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल घटनास्थल का रुख किया. जवानों ने तत्परता दिखाते हुए खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल युवक को बिना समय गंवाए स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया. अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उसका सघन उपचार किया जा रहा है. इस दर्दनाक हादसे के तुरंत बाद जीआरपी ने भी मामले को संज्ञान में लेते हुए अपनी तहकीकात शुरू कर दी है. जीआरपी की टीम घटनास्थल का मुआयना कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह घटना महज एक हादसा है, या ट्रैक पार करते समय हुई कोई चूक. फिलहाल पुलिस घायल युवक की शिनाख्त करने के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है. घटना को लेकर जीआरपी की तहकीकात आरंभ कर दी गई है प्रारंभिक जांच में घायल पुसौर गांव के निवासी होने का पता चला है.
रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में बहुप्रतीक्षित इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के तहत एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। परियोजना के टीही-धार रेल खंड पर जल्द ही ट्रेनों के संचालन और ट्रैक की मजबूती परखने के लिए निरीक्षण एवं हाई-स्पीड ट्रायल की तैयारियां जोरों पर हैं। इस रेल खंड पर 130 किलोमीटर प्रति घंटे (130 Kmph) की रफ्तार से स्पीड ट्रायल किया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा और किसी भी अनहोनी को टालने के लिए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल द्वारा व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षा को लेकर रेलवे की चेतावनी
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित हाई-स्पीड ट्रायल को ध्यान में रखते हुए रेलवे ट्रैक के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और बस्तियों में मुनादी कराई जा रही है। रेलवे प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि स्पीड ट्रायल के दौरान ट्रैक पर चलना, बैठना या किसी भी प्रकार की गतिविधि करना बेहद खतरनाक और जानलेवा साबित हो सकता है।लोगों से यह भी विशेष अपील की जा रही है कि वे अपने पशुओं को भी रेलवे ट्रैक से पूरी तरह दूर रखें।
6 नवंबर को विशेष सतर्कता
आगामी 6 नवंबर को सुबह 8:00 से 9:00 बजे के बीच ट्रैक से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए माइक के माध्यम से विशेष प्रचार-प्रसार करवाया जा रहा है, साथ ही सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
प्रशासनिक सतर्कता के बाद लापरवाही की तस्वीरें
रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लोगों की जानमाल की सुरक्षा के लिए तमाम एहतियाती कदम उठा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ मैदानी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। तमाम चेतावनियों के बाद लोग बिना किसी डर या सावधानी के बेखौफ होकर रेलवे ट्रैक से गुजर रहे हैं। आलम यह है कि लोग अपने मवेशियों को लेकर सीधे रेलवे ट्रैक के बीच से निकलते नजर आ रहे हैं, जो कभी भी किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और अपने मवेशियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखें और स्पीड ट्रायल के दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास बिल्कुल न जाएं।
मध्य प्रदेश के धार जिले में बहुप्रतीक्षित इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के तहत एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। परियोजना के टीही-धार रेल खंड पर जल्द ही ट्रेनों के संचालन और ट्रैक की मजबूती परखने के लिए निरीक्षण एवं हाई-स्पीड ट्रायल की तैयारियां जोरों पर हैं। इस रेल खंड पर 130… pic.twitter.com/Jybv1qhAbn
नितिन नामदेव, रायपुर। केंद्र सरकार ने दीपावली से पूर्व छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों को टैक्स डिवोल्यूशन की अग्रिम किस्त जारी की गई है। छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपए की राशि आवंटित किए जाने पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया है.
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सोशल मीडिया में किए अपने पोस्ट में कहा कि इस राशि से प्रदेश में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिलेगी. इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद.
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा दीपावली के पावन पर्व से पूर्व छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों को टैक्स डिवोल्यूशन की अग्रिम किस्त जारी की गई है।
इसके अंतर्गत छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपए की महत्वपूर्ण राशि आवंटित की गई है। इससे प्रदेश में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिलेगी।
इस निर्णय के लिए यशस्वी प्रधानमंत्री जी एवं माननीय केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद।
@narendramodi @nsitharaman @PMOIndia
Automobile Desk: लक्जरी और हाई-परफॉर्मेंस सुपरकार्स बनाने के लिए मशहूर ब्रिटिश कार निर्माता कंपनी मैकलारेन (McLaren) ऑटोमोबाइल जगत में एक नया धमाका करने की तैयारी में है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कंपनी की ओर से एक नई सुपरकार की झलक दिखाई गई है, जिसे लेकर कार लवर्स के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कंपनी ने हाल ही में लंदन के मशहूर कोवेंट गार्डन (Covent Garden) में एक बेहद अनूठे अंदाज में McL 820 का टीजर सार्वजनिक किया है।
लंदन के इस प्रमुख स्थान पर कंपनी ने अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी एक विशाल ‘कीवी’ (Kiwi) बर्ड की प्रतिमा स्थापित की है। काले और नारंगी (ऑरेंज) रंग के इस आकर्षक स्टैच्यू पर स्पष्ट रूप से ‘McL 820’ लिखा गया है। ऑटो विशेषज्ञों का मानना है कि यह अनोखी पब्लिसिटी एक्टिविटी मैकलारेन की अगली जनरेशन सुपरकार का सीधा इशारा है।
अगर मैकलारेन के पारंपरिक नामकरण मॉडल की बात करें, तो कंपनी अक्सर अपनी गाड़ियों के मॉडल नेम में ही उनकी हॉर्सपावर या पावर आउटपुट का संकेत छुपाकर रखती है। इस आधार पर कयास लगाए जा रहे हैं कि नई McL 820 में 820 PS यानी लगभग 809 bhp की जोरदार मैक्सिमम पावर देखने को मिल सकती है। यदि यह कयास सच साबित होता है, तो यह कार मैकलारेन की अब तक की सबसे पावरफुल सीरीज-प्रोडक्शन रोड कार का खिताब अपने नाम कर सकती है। मौजूदा समय में उपलब्ध 750S मॉडल 740 bhp की पावर जेनरेट करता है, जिसके मुकाबले नई कार पावर के मामले में काफी आगे निकल जाएगी।
कार के नाम में ‘McL’ शब्द का इस्तेमाल भी अपने आप में काफी दिलचस्प है। इससे पहले यह खास नेमप्लेट केवल McL 6GT के साथ देखी गई थी, जिसे मॉन्टेरी कार वीक के दौरान शोकेस किया गया था। वहीं दूसरी तरफ, प्रमोटिंग के लिए इस्तेमाल किया गया ‘स्पीड कीवी’ मैकलारेन के फाउंडर ब्रूस मैकलारेन की न्यूजीलैंड की जड़ों से जुड़ने के इतिहास को दर्शाता है। हालांकि, मैकलारेन ने अभी तक आधिकारिक रूप से यह पुष्टि नहीं की है कि McL 820 किसी फाइनल प्रोडक्शन कार का आधिकारिक नाम होगा या कोई कांसेप्ट नेम।
पावरट्रेन और इंजन सेटअप की बात करें तो ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री से छनकर आ रही खबरों के मुताबिक नई McL 820 में एक नया हाइब्रिड V8 इंजन दिए जाने की पूरी संभावना है। कंपनी काफी समय से अपने इन-हाउस पावरट्रेन डेवलपमेंट पर काम कर रही है। करीब 820 PS की क्षमता वाले इस हाइब्रिड सेटअप के साथ यह नई कार वैश्विक बाजार में आते ही फेरारी 12Cilindri, एस्टन मार्टिन वैन्क्विश, फेरारी 296 और लेम्बोर्गिनी टेमेरारियो (Lamborghini Temerario) जैसी दिग्गज सुपरकारों को कड़ी टक्कर देगी।
ऑटोमोबाइल जगत में चल रही चर्चाओं के अनुसार यह नई McL 820 सीधे तौर पर मौजूदा McLaren 750S की जगह ले सकती है। कंपनी पहले ही 750S मॉडल के लिए फाइनल ऑर्डर लेने की घोषणा कर चुकी है और माना जा रहा है कि अगले साल तक इस मॉडल का प्रोडक्शन पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में McL 820 के आगमन से मैकलारेन के सुपरकार पोर्टफोलियो को एक बिल्कुल नया और ज्यादा पावरफुल आयाम मिलने वाला है।