भिलाईनगर। वैशालीनगर के डाक्टर के सूने मकान से लगभग एक करोड़ रुपए की सनसनीखेज चोरी का दुर्ग पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस आरोपी तक पहुंचने के लिए भिलाई से गोंदिया, नागपुर, मिर्जापुर, प्रयागराज एवं भदोही (उत्तरप्रदेश) तक पीछा करते हुए फिल्मी स्टाइल में दबिश देकर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।
यह भी पढ़ें: पॉवर सेंटर : सीक्रेट डील… एक करोड़ रुपया… इन्वेस्टमेंट बैंकर… सख्त हेडमास्टर… मायूस कार्यकर्ता… – आशीष तिवारी
आरोपी ने चोरी के आभूषण घर के अंदर जमीन के नीचे गड्ढा खोदकर छिपाए गए थे, जबकि ज्वेलर्स ने सोने के आभूषण भट्टी में गलाकर उनका स्वरूप बदल दिया था। वहीं चोरी की रकम से दिल्ली में खरीदी गई एक्स.यू.वी कार एवं सुपर स्प्लेंडर मोटर साइकिल भी पुलिस ने बरामद की है। मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दुर्ग पुलिस की विशेष टीमें लगातार प्रयासरत हैं।
डीआईजी व दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि डॉक्टर नमिता मित्तल निवासी सुंदर नगर ने थाना वैशाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 17 अक्टूबर को वह अपने परिवार सहित घर में ताला लगाकर एक सप्ताह के लिए बाहर गई थी। 23 अक्टूबर की सुबह वापस लौटने पर घर के अंदर अलमारी में रखी नकदी रकम तथा सोने- चांदी एवं डायमंड के कीमती आभूषण गायब मिले। अज्ञात आरोपियों ने सूने मकान को निशाना बनाकर घर में प्रवेश किया तथा बड़ी मात्रा में कीमती संपत्ति चोरी कर ली थी। रिपोर्ट पर थाना वैशाली नगर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
एसएसपी अग्रवाल ने बताया कि उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर एवं भदोही क्षेत्र में आरोपियों की मौजूदगी की जानकारी मिली। इस पर पुलिस की विशेष टीम तत्काल उत्तरप्रदेश रवाना आरोपी लगातार प्रयागराज एवं मिर्जापुर के बीच अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए वह गंगा नदी के एक किनारे से दूसरे किनारे तक नाव के माध्यम से आवागमन कर रहा था।
स्थानीय पुलिस के सहयोग से अलग- अलग टीमें गठित कर घेराबंदी की। लगातार प्रयासों के बाद चोरी में शामिल आरोपी प्रदीप कुमार चौधरी को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर उसके हिस्से में आई नकदी रकम एवं सोने के आभूषण घर के अंदर कमरे के फर्श के नीचे जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाए गए स्थान से बरामद किए गए।
चोरी के सोने के आभूषण खरीदने वाला ज्वेलर्स भी गिरफ्तार
अग्रवाल ने बताया कि पूछताछ में प्रदीप कुमार चौधरी ने बताया कि उसने अपने हिस्से के सोने के आभूषण भदोही स्थित वैष्णवी ज्वेलर्स के संचालक सोनू जायसवाल को कम कीमत पर बेचे थे। इस सूचना पर पुलिस ने वैष्णवी ज्वेलर्स के संचालक से पूछताछ की। पूछताछ में उसके द्वारा चोरी के आभूषण कम कीमत पर खरीदना तथा कुछ आभूषणों को अपने घर में रखी भट्टी में गलाकर उनका स्वरूप बदलना स्वीकार किया।
जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराने वाले दो गिरफ्तार
भिलाईनगर। फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करा कर धोखाधड़ी कराने वाले दो आरोपियों को स्मृतिनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
शहर एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि 7 अप्रैल 2025 को प्रार्थी मोहन लाल देवांगन निवासी कोहका ने पुलिस अधीक्षक दुर्ग के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत की। शिकायत में बताया कि वर्ष 2016 में मकान निर्माण के लिए जमीन खरीदने के संबंध में उसकी मुलाकात आरोपी अवतार सिंह से हुई थी।
आरोपी अवतार सिंह ने अपने साथी के साथ जमीन खरीदी-बिक्री का कार्य करना बताया तथा प्रार्थी को मौजा कोहका स्थित खसरा नंबर 1704/88 की भूमि में से 1200 वर्गफीट का प्लॉट दिखाकर विक्रय का सौदा किया गया। उक्त भूमि के संबंध में आरोपी के माध्यम से 30 सितंबर को प्रार्थी के पक्ष में रजिस्ट्री कराई गई।
प्रार्थी के अनुसार, उसने जमीन खरीदी एवं मकान निर्माण के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल 23,28,000 आरोपियों को दिए थे। बाद में प्रार्थी को जानकारी मिली कि जिस भूमि पर मकान निर्माण कराया जा रहा था। वह वास्तव में किसी अन्य महिला माया सिंह की भूमि थी। इस संबंध में आरोपियों ने 22 सितंबर 2018 को इकरारनामा निष्पादित कर 23,28,000 एवं रजिस्ट्री खर्च 1,00,000 कुल 24,28,000 रुपए वापस करने हेतु भारतीय स्टेट बैंक, शाखा सुपेला के तीन चेक दिए गए, जो खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण अनादरित हो गए।
प्रार्थी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने 16 मार्च 2021 को मौजा कोहका स्थित खसरा नंबर 1704 /2, रकबा 1200 वगर्फीट भूमि की रजिस्ट्री चिरंजीवन कोनार नामक व्यक्ति को फर्जी रूप से खड़ा कर उसके पक्ष में कराई तथा वास्तविक भूमि स्वामी को भुगतान किए बिना कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से धोखाधड़ी की। पुलिस टीम ने प्रकरण में संलिप्तता के संबंध में आरोपी अवतार सिंह एवं मनोज कुमार सोनी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किए जाने संबंधी जानकारी के आधार पर कार्रवाई की है।
मतदाता सूची में गड़बड़ी चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस
भिलाईनगर। नगर पालिका आम निर्वाचन-2026 के लिए तैयार की जा रही निर्वाचक नामावली में मतदाता स्थानांतरित त्रुटि की सूचना सामने आई है। भिलाई चरोदा निगम के 40 वार्डों में से 16 वार्डों के 1204 मतदाताओं के नाम उनके निर्धारित वार्डों में दर्ज न होकर अन्य वार्डों में दर्ज है। इस पर कलेक्टर ने चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
कलेक्टर एवं जिला निवार्चन अधिकारी अभिजीत सिंह ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए चार अधिकारियों-रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रकाश सोनी, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रवि विश्वकर्मा, अतिरिक्त सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी आलोक पसीने और अतिरिक्त सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रभाकर शुक्ला को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी नोटिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार एवं पुनरीक्षित करने का कार्य किया जा रहा है। नगर पालिक निगम भिलाई चरोदा की निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 23 अक्टूबर 2026 को किया गया था। इसके बाद बूथ लेवल अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदाताओं के नाम दूसरे वार्डों में दर्ज होने की त्रुटि की जानकारी दी।
नोटिस में इस त्रुटि के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने में गंभीर लापरवाही बरतने तथा बीएलओ द्वारा प्रस्तुत आधार पत्रक 01 एवं 02 की समुचित जांच नहीं कराने का उल्लेख किया गया है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए चारों अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
पत्नी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार
भिलाईनगर। 20 सितंबर को एसीसी कॉलोनी जामुल निवासी अंजना शर्मा ने अपने पति के साथ पारिवारिक विवाद के चलते चूहे मारने की दवा का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया गया था। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए श्री शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान 25 सितंबर को उनकी मौत हो गई।
थाना जामुल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच की। मर्ग जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों एवं तथ्यों के आधार पर मृतका के पति संजीव कुमार शर्मा द्वारा उसे आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करना पाए जाने पर थाना जामुल में धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया। आरोपी संजीव कुमार शर्मा को घेराबंदी कर पकड़ा।
ड्राइवर ने मालिक पर चाकू से किया वार, दो घायल, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धनोरा में शराब के नशे में जेसीबी ड्राइवर ने अपने ही मालिक और उसके दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और साईं हॉस्पिटल कसारीडीह में भर्ती हैं। पद्मनाभपुर थाना प्रभारी राजेश मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोशन कुमार नेताम को गिरफ्तार कर लिया है, और उसके पास से धारदार चाकू बरामद किया है।
घटना रात करीब 8.45 बजे की है। प्रार्थी मोहित चंद्राकर (36) पिता मानिकलाल चंद्राकर निवासी न्यू आदर्श नगर, मोहित ट्रेडर्स जेमिनी हॉस्पिटल के पास पद्मनाभपुर अपने दुकान चंद्राकर स्टील के पीछे धनोरा में दोस्त जितेन्द्र कुमार साहू, खूबचंद साहू और जितेंद्र टंडन के साथ बैठा था। इसी दौरान उसकी दुकान के ऊपर रहने वाला जेसीबी चालक रोशन कुमार नेताम (41) निवासी ग्राम धनोरा, चंद्राकर ट्रेडर्स शराब के नशे में आकर गाली-गलौज करने लगा।
मोहित ने गाली देने से मना कर रूम में जाकर सोने को कहा तो रोशन अपने कमरे में जाकर हाथ में चाकू लेकर नीचे आया और जान से मारने की नियत से हमला कर दिया था। हमले में मोहित के बाएं कान के ऊपर और दाहिने हाथ भुजा में चोट आई है। बीच- बचाव करने आए जितेन्द्र कुमार साहू पर भी आरोपी ने चाकू मार दिया, जिससे उसकी दाहिनी गर्दन और दोनों हाथों की उंगलियों में चोट आई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल के दोस्त खूबचंद साहू, जितेंद्र टंडन और प्रखर चंद्राकर ने दोनों घायलों को गाड़ी से साई हॉस्पिटल केलाबाड़ी दुर्ग में भर्ती कराया गया है।
दुर्ग प्रधान डाकघर में 2 को लगेगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविर
भिलाईनगर। पेंशन भोगियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दुर्ग प्रधान डाकघर में 2 नवंबर (सोमवार) को प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा।
डाक विभाग द्वारा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) के माध्यम से 1 नवंबर से 30 नवंबर तक डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत केंद्र सरकार, राज्य सरकार एवं अन्य सरकारी संगठनों के पेंशनभोगियों के जीवन प्रमाण पत्र बायोमेट्रिक एवं फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से बनाए जाएंगे।
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए पेंशनभोगी शिविर में उपस्थित होकर अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं। प्रमाण पत्र बनवाने हेतु पेंशनभोगियों को आधार कार्ड, पीपीओ (पीपीओ ) की प्रति, बैंक पासबुक की छायाप्रति एवं निर्धारित शुल्क 70 साथ लाना अनिवार्य है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m