अनिल मालवीय, ​सीहोर। सीहोर जिले में आखिरकार सर्दी की आहट महसूस होने लगी है। रविवार की सुबह जिले के लोगों ने इस सीजन का पहला हल्का कोहरा देखा। सुबह-सुबह चारों तरफ धुंध की हल्की चादर लिपटी नजर आई, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई है। सुबह की इस सुहानी शुरुआत के साथ ही तापमान में भी खासी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे यह साफ हो गया है कि अब धीरे-धीरे गर्मी की विदाई और ठंड का दौर शुरू हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, आज सुबह न्यूनतम तापमान गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो कि इस सीजन का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान माना जा रहा है। वहीं बीते 24 घंटों के दौरान जिले का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में हल्की धूप खिलने के कारण गर्मी का अहसास होता है, लेकिन सुबह और देर रात वायुमंडल में ठंडक बढ़ गई है।

ओस और हल्का कोहरा

​राज्य से दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह विदा हो चुका है और अब उत्तर-पूर्वी तथा उत्तरी दिशा से ठंडी हवाएं आनी शुरू हो गई हैं। अब दिन छोटे और रातें लंबी होने लगी हैं। आसमान साफ रहने के कारण रात के समय धरती की गर्मी तेजी से अंतरिक्ष में लौटती है जिससे सुबह के वक्त तापमान तेजी से गिरता है और नमी के संपर्क में आकर कोहरा या धुंध बनती है।​ सीहोर के खुले मैदानों और ग्रामीण अंचलों में सुबह के वक्त ओस और हल्का कोहरा बनने के लिए अनुकूल परिस्थितियां पैदा होने लगी हैं।

सीहोर में बढ़ेगी सिहरन

​मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में सीहोर के मौसम में ठंडक और अधिक बढ़ेगी। नवंबर के दूसरे सप्ताह से रात और सुबह के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की और कमी देखने को मिल सकती है। दिन का अधिकतम तापमान भले ही 29 के आसपास बना रहे, लेकिन सुबह टहलने निकलने वाले लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को अब हल्की स्वेटर या जैकेट की जरूरत महसूस होने लगी है। आने वाले कुछ दिनों तक सीहोर में बारिश की कोई संभावना नहीं है। आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, जिससे धूप तेज खिलेगी लेकिन शाम ढलते ही सिहरन बढ़ती जाएगी। ​कुल मिलाकर सीहोरवासियों के लिए अब गुलाबी ठंड का दौर शुरू हो चुका है, जिसका लोग सुबह की सैर के साथ आनंद उठाते नजर आ रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

Lifestyle Desk: खूबसूरत, साफ और ग्लोइंग त्वचा पाने के लिए लोग कई तरह के घरेलू नुस्खे अपनाते हैं। इन्हीं में चेहरे पर गर्म भाप लेना और बर्फ से सिकाई करना काफी लोकप्रिय है। कुछ लोगों का मानना है कि भाप लेने से चेहरे के पोर्स खुलते हैं और गंदगी बाहर निकलती है, जबकि बर्फ लगाने से त्वचा में कसाव आता है और सूजन कम होती है। लेकिन क्या वाकई ये दोनों तरीके स्किन के लिए फायदेमंद हैं ? इनका सही इस्तेमाल कैसे करना चाहिए और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है? आइए जानते हैं।

चेहरे पर गर्म भाप लेने के फायदे

चेहरे पर हल्की गर्म भाप लेने से त्वचा की ऊपरी परत को नमी मिल सकती है और चेहरे पर जमा तेल और गंदगी को साफ करना थोड़ा आसान हो जाता है। खासकर ऑयली स्किन वाले लोगों को इससे कुछ समय के लिए आराम महसूस हो सकता है।

त्वचा को करती है मुलायम

गर्म भाप से त्वचा की ऊपरी परत नरम हो सकती है, जिससे चेहरा साफ करना आसान हो जाता है।

बंद पोर्स की सफाई में मदद

भाप त्वचा पर जमा सीबम और गंदगी को ढीला करने में मदद कर सकती है। हालांकि, यह पोर्स को वास्तव में खोलती नहीं है।

त्वचा को देती है नमी का एहसास

भाप लेने से चेहरे पर कुछ समय के लिए हाइड्रेशन का एहसास हो सकता है।

रिलैक्स महसूस कराती है

हल्की गर्म भाप लेने से चेहरे की मांसपेशियों को आराम मिल सकता है और थकान कम महसूस होती है।

चेहरे पर बर्फ लगाने के फायदे

चेहरे पर बर्फ से सिकाई करना भी स्किन केयर का एक लोकप्रिय तरीका है। ठंडक के कारण त्वचा की रक्त वाहिकाएं कुछ समय के लिए सिकुड़ती हैं, जिससे सूजन और लालिमा में अस्थायी कमी आ सकती है।

चेहरे की सूजन कम करे

सुबह उठने के बाद आंखों के आसपास होने वाली हल्की सूजन में ठंडी सिकाई से राहत मिल सकती है।

त्वचा को दे ताजगी

बर्फ की ठंडक से चेहरा कुछ समय के लिए फ्रेश और तरोताजा महसूस होता है।

लालिमा में राहत

हल्की लालिमा या गर्माहट में ठंडी सिकाई आराम दे सकती है। हालांकि, संवेदनशील त्वचा पर यह जलन भी बढ़ा सकती है।

पिंपल्स की सूजन में राहत

मुंहासों पर ठंडी सिकाई करने से दर्द और सूजन कुछ समय के लिए कम हो सकती है। लेकिन इससे मुंहासे जड़ से खत्म नहीं होते।

भाप और बर्फ इस्तेमाल करने का सही तरीका

चेहरे पर भाप या बर्फ का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। गलत तरीके से इस्तेमाल करने पर त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है।

भाप लेने का सही तरीका

सबसे पहले चेहरे को हल्के फेसवॉश से साफ करें।
हल्के गर्म पानी से निकलने वाली भाप से चेहरे को सुरक्षित दूरी पर रखें।शुरुआत में 3-5 मिनट से ज्यादा भाप न लें।
पानी बहुत गर्म न हो और चेहरे को गर्म पानी के बर्तन के बिल्कुल पास न ले जाएं।इसके बाद चेहरे को हल्के हाथों से सुखाकर मॉइस्चराइजर लगाएं।

बर्फ से सिकाई करने का सही तरीका:

बर्फ को सीधे चेहरे पर न लगाएं।इसे साफ मुलायम कपड़े में लपेट लें।चेहरे पर हल्के हाथों से थोड़ी देर सिकाई करें।
एक ही जगह पर लंबे समय तक बर्फ न रखें।इसके बाद त्वचा पर मॉइस्चराइजर लगाएं।

किस स्किन टाइप के लिए क्या बेहतर है ?

ऑयली स्किन-कभी-कभार हल्की भाप ली जा सकती है, लेकिन इससे पोर्स स्थायी रूप से साफ नहीं होते।
ड्राई स्किन-ज्यादा भाप लेने से बचें, क्योंकि इससे त्वचा में रूखापन बढ़ सकता है।
सेंसिटिव स्किन-भाप और बर्फ दोनों का इस्तेमाल सावधानी से करें। ये जलन और लालिमा बढ़ा सकते हैं।
एक्ने प्रोन स्किन-सूजन वाले मुंहासों पर कपड़े में लपेटकर ठंडी सिकाई की जा सकती है।

किन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी ?

अगर आपकी त्वचा पर रोसैसिया, एक्जिमा, टूटी हुई त्वचा या ज्यादा संवेदनशीलता की समस्या है, तो भाप और बर्फ से सिकाई करने से बचें या पहले त्वचा विशेषज्ञ की सलाह लें। बहुत गर्म भाप से जलने का खतरा रहता है, जबकि सीधे बर्फ लगाने से त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है।

क्या भाप और बर्फ एक साथ इस्तेमाल करना सही है ?

कुछ लोग पहले चेहरे पर भाप लेते हैं और फिर बर्फ से सिकाई करते हैं। हालांकि, इस तरीके से त्वचा को अतिरिक्त फायदा मिलने का कोई ठोस वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। तापमान में अचानक बदलाव से संवेदनशील त्वचा में जलन और लालिमा हो सकती है। इसलिए दोनों तरीकों को एक ही दिन इस्तेमाल करना जरूरी नहीं है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

कुंदन कुमार, पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद मनोज झा ने हाल ही में बिहार विधान परिषद चुनाव के बाद हुए राजनीतिक घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्वतंत्र उम्मीदवारों के रूप में जीते राहुल कुमार और बंसिधर ब्रजवासी द्वारा चुनाव परिणाम के तुरंत बाद बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करने को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं और इसे लोकतंत्र की हत्या करार दिया है।

​हर जाति और समुदाय ने दिया स्पष्ट संदेश

​मनोज झा ने कहा कि बिहार की जनता ने हर जाति और समुदाय से ऊपर उठकर एक स्पष्ट संदेश दिया है। तमाम सरकारी तंत्र और हथकंडों के इस्तेमाल के बावजूद भारतीय जनता पार्टी केवल दो सीटें ही जीत पाई, जो इस बात का प्रमाण है कि जनता का विश्वास अब एनडीए गठबंधन से उठ चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की असली बेचैनी और जल्दबाजी अपनी सहयोगी पार्टी जेडीयू (JDU) को राजनीतिक रूप से कमजोर करने और समाप्त करने की है।

​दल-बदल कानून के तहत अयोग्य घोषित किए जाएं दोनों सदस्य

​सांसद मनोज झा ने स्पष्ट किया कि नियमों के अनुसार यदि कोई स्वतंत्र रूप से निर्वाचित सदस्य किसी राजनीतिक दल की सदस्यता ग्रहण करता है, तो उसकी सदस्यता स्वतः समाप्त हो जाती है।

  • ​सभापति को पत्र: राजद इस मामले को लेकर बिहार विधान परिषद के सभापति के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराएगा और मांग करेगा कि दोनों सदस्यों को तुरंत अयोग्य घोषित किया जाए।
  • ​चुनाव आयोग का दरवाजा: पार्टी इस अनैतिक और नियम-विरुद्ध खेल के खिलाफ चुनाव आयोग में भी अपनी शिकायत दर्ज कराएगी ताकि संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनी रहे।

​सीएम की चुप्पी पर सवाल

​दिल्ली में आयोजित एक मेगा रैली के बीच मनोज झा ने मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री इस प्रकार की खुली बेईमानी और लोकतंत्र के चीरहरण को चुपचाप होने देते हैं, तो इसका फैसला जनता की अदालत में होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि बिहार की जनता इस अवसरवादी राजनीति का जवाब आने वाले समय में जरूर देगी।

संजय विशिवकर्मा, उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र से एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक सड़क से फिसलकर घोड़छत्र नदी के पास गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में ट्रक के भीतर ड्राइवर और क्लीनर दोनों बुरी तरह फंस गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुँची और लगभग 8 घंटे तक चले लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

देर रात हुआ हादसा, ड्राइवर को तुरंत निकाला गया

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच नौरोजाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर 108 एम्बुलेंस की टीम और डायल 112 की टीम पहुँची। पुलिस और स्वास्थ्य कर्मियों ने मिलकर तत्परता दिखाई और रात में ही ट्रक में फंसे ड्राइवर का सफल रेस्क्यू कर लिया। घायल ड्राइवर को तुरंत पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।

करीब 8 घंटे तक ट्रक में फंसा रहा क्लीनर

ड्राइवर के रेस्क्यू के बाद भी ट्रक की स्थिति और खाई की गहराई के कारण क्लीनर अंदर ही फंसा रह गया। हादसे के बाद से ही क्लीनर पिछले 6 से 7 घंटों से अधिक समय से ट्रक के केबिन में फंसा हुआ था। मौके पर लगातार राहत और बचाव कार्य जारी रहा। लगभग 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार सुबह करीब 9 बजे क्लीनर को भी ट्रक से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसके पैरों में चोट के गंभीर निशान हैं। रेस्क्यू के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से उसे भी पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

शिखिल ब्योहार, भोपाल। मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने वाले केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी के चुनावी हलफनामे से बेहद चौंकाने वाले और दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं। वर्ष 2018 और 2019 के पुराने हलफनामों से यदि तुलना की जाए तो दोनों की संयुक्त चल संपत्ति इन 8 वर्षों में बढ़कर 4 गुना हो गई है, जो अब 4.22 करोड़ रुपए से छलांग लगाकर 17.20 करोड़ रुपए पर पहुंच गई है। खास बात यह है कि संपत्ति और आय के मामले में केंद्रीय मंत्री की पत्नी अपने पति से काफी आगे निकल गई हैं।

ये भी पढ़ें: हरदीप पुरी के नामांकन पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का तंज; चोरों की तरह नॉमिनेशन भरने और मुंह छिपाने का लगाया आरोप

पत्नी की आय पति से दोगुनी, 5 वर्षों में 11 गुना बढ़ी

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी की पत्नी लक्ष्मी पुरी की वित्तीय स्थिति में पिछले कुछ वर्षों में जबरदस्त इजाफा देखा गया है। उनकी सालाना आय पिछले पांच वित्त वर्षों के दौरान करीब 11 गुना बढ़ गई है। वित्त वर्ष 2021-22 में उनकी सालाना आय 15.40 लाख रुपए थी, जो बढ़कर 2025-26 में 1.70 करोड़ रुपए पर पहुंच गई है। यह उनके वित्तीय सफर में 1003 प्रतिशत की अभूतपूर्व बढ़ोतरी को दर्शाता है। इसके उलट, इस अवधि के दौरान खुद हरदीप पुरी की आय में केवल 19 प्रतिशत की मामूली वृद्धि दर्ज की गई, जो 2021-22 में 63.37 लाख रुपए से बढ़कर 2025-26 में 75.57 लाख रुपए हुई। इन आंकड़ों के बाद अब लक्ष्मी पुरी की सालाना आय उनके पति से दोगुने से भी अधिक हो गई है।

प्रॉपर्टी के लिए 14 करोड़ का एडवांस और कर्ज मुक्त दंपती

हलफनामे के अनुसार, संपत्ति खरीदने के मामले में भी दोनों ने बड़े निवेश किए हैं। दंपती ने विभिन्न संपत्तियों के लिए कुल 14.17 करोड़ रुपए का एडवांस दे रखा है, जिसमें अकेले हरदीप पुरी ने 5.50 करोड़ रुपए और उनकी पत्नी लक्ष्मी पुरी ने 8.67 करोड़ रुपए का भुगतान किया है। इस पूरे वित्तीय ब्योरे की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि दोनों पर वर्तमान में किसी भी तरह की कोई देनदारी या बैंक कर्ज नहीं है। वे पूरी तरह से कर्जमुक्त हैं।

ये भी पढ़ें: MP Weather Update: राज्य में ठंड ने दी दस्तक, चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से कई संभागों में छाए रहे बादल; जानें अपने शहर का हाल

स्विट्जरलैंड में फ्लैट और शानदार करियर बैकग्राउंड

केंद्रीय मंत्री की पत्नी लक्ष्मी पुरी के पास जिनेवा (स्विट्जरलैंड) में 311 वर्गमीटर का एक शानदार फ्लैट भी मौजूद है। उन्होंने यह फ्लैट वर्ष 2006 में 16 लाख स्विस फ्रैंक में खरीदा था, जिसकी मौजूदा कीमत बढ़कर अब 30 लाख स्विस फ्रैंक हो गई है। गौरतलब है कि वर्ष 2018-19 के दौरान इस प्रॉपर्टी पर 8.85 लाख स्विस फ्रैंक का कर्ज था, जिसे अब पूरी तरह चुका दिया गया है। ज्ञात हो कि लक्ष्मी पुरी एक प्रतिष्ठित पूर्व भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी रह चुकी हैं, संयुक्त राष्ट्र में सहायक महासचिव की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं और वर्तमान में अपोलो टायर्स में स्वतंत्र निदेशक के रूप में कार्य कर रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

Automobile Desk: भारतीय पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में अपनी बादशाहत बरकरार रखने के लिए मारुति सुजुकी एक बार फिर बड़े स्तर पर प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को अपडेट करने की तैयारी में है। आने वाले समय में कंपनी अलग-अलग सेगमेंट को ध्यान में रखते हुए 5 नई गाड़ियों को सड़कों पर उतारने की योजना बना रही है। इनमें एंट्री-लेवल इलेक्ट्रिक कार, 3-रो फैमिली एमपीवी और पॉपुलर मॉडल्स के फेसलिफ्ट वर्जन शामिल हैं।

आइए जानते हैं कि मारुति के इस नए प्लान में कौन-कौन सी गाड़ियां जगह बनाने जा रही हैं:

  1. मारुति फ्रोंक्स फेसलिफ्ट (Maruti Fronx Facelift)

कंपनी की लोकप्रिय कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर फ्रोंक्स को नया लुक देने की तैयारी अंतिम दौर में है। हाल में टेस्टिंग के दौरान देखे गए मॉडल से संकेत मिलते हैं कि इसके फ्रंट ग्रिल, बंपर और हेडलाइट सेटअप में विजुअल बदलाव देखने को मिलेंगे। सबसे खास बात यह है कि टेस्टिंग म्यूल में रडार आधारित सुरक्षा तकनीक यानी ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) के सेंसर नजर आए हैं। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि नए मॉडल में एडाप्टिव क्रूज कंट्रोल और ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग जैसी आधुनिक सेफ्टी सुविधाएं मिल सकती हैं। हालांकि, मेकैनिकल मोर्चे पर 1.2-लीटर नेचुरल एस्पिरेटेड और 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन के विकल्प पहले की तरह बरकरार रहने की संभावना है।

  1. मारुति YMC इलेक्ट्रिक 7-सीटर एमपीवी

इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में मजबूत पकड़ बनाने के लिए मारुति अपनी पहली ऑल-इलेक्ट्रिक 3-रो एमपीवी पर काम कर रही है, जिसे कोडनेम YMC दिया गया है। सामने आई तस्वीरों से पता चलता है कि इसमें एसयूवी जैसा बोल्ड डिजाइन और लंबी रूफलाइन दी गई है, जिससे केबिन के भीतर बेहतर स्पेस मिलेगा। यह मॉडल कंपनी की ई-विटारा के प्लेटफॉर्म और पावरट्रेन पर आधारित हो सकता है। रिपोर्ट्स की मानें तो इसमें 49kWh और 61kWh क्षमता वाले बैटरी पैक के विकल्प दिए जा सकते हैं, जिससे लंबी रेंज मिलने की उम्मीद है।

  1. मारुति विक्टोरिस (Maruti Victoris)

बीते साल बाजार में उतारी गई मारुति विक्टोरिस के एक ढके हुए टेस्टिंग मॉडल को हाल ही में सड़कों पर देखा गया है। इससे यह कयास लगाए जा रहे हैं कि कंपनी इसके पावरट्रेन में कुछ बदलाव या नया अपडेट लाने की सोच रही है। हालांकि, स्पाई शॉट्स से यह साफ नहीं हो सका है कि यह कार का फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल है या फिर इलेक्ट्रिक अवतार। कंपनी ने फिलहाल इसके कॉस्मेटिक बदलावों या फीचर लिस्ट को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

  1. छोटी बजट इलेक्ट्रिक कार

सस्ते इलेक्ट्रिक ऑप्शन की मांग को देखते हुए मारुति एक कॉम्पैक्ट ईवी पर तेजी से काम कर रही है। यह कार सीधे तौर पर टाटा पंच ईवी जैसी स्थापित गाड़ियों को टक्कर देगी। हालांकि इस मॉडल का नाम और टेक्निकल डिटेल्स अभी गुप्त रखी गई हैं, लेकिन इंडस्ट्री सूत्रों के अनुसार कंपनी इसे साल 2027 तक बाजार में पेश कर सकती है।

  1. मारुति इनविक्टो फेसलिफ्ट (Maruti Invicto Facelift)

प्रीमियम एमपीवी सेगमेंट में कंपनी अपनी फ्लैगशिप कार इनविक्टो का अपडेटेड वर्जन लाने की योजना बना रही है। नए फेसलिफ्ट मॉडल में एक्सटीरियर डिजाइनिंग को थोड़ा फ्रेश किया जाएगा और केबिन के भीतर कुछ नए फीचर्स जोड़े जा सकते हैं। गाड़ी में मौजूदा 2.0-लीटर स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पेट्रोल इंजन और e-CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का कॉम्बिनेशन ही जारी रहने की पूरी संभावना है। आधिकारिक लॉन्च टाइमलाइन का ऐलान होना अभी बाकी है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. रामनगरी मे दसवें दीपोत्सव में इस बार रामनगरी की सांस्कृतिक विरासत और विकास की झलक एक साथ देखने को मिलेगी. दीपोत्सव की शोभायात्रा को विशेष स्वरूप देते हुए पहली बार रामलीला के ‘सोलह शृंगार’ की परंपरा को शामिल किया जा रहा है. साकेत महाविद्यालय से निकलने वाली 21 झांकियों में रामायण के सातों कांडों के प्रसंगों के साथ प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा.सूचना विभाग की ओर से 14 झांकियां तैयार की जा रही हैं, जबकि पर्यटन एवं संस्कृति विभाग रामायण के सातों कांडों पर आधारित सात झांकियां निकालेगा. साकेत महाविद्यालय परिसर में इनके निर्माण का काम शुरू हो चुका है.

झांकियों के साथ अयोध्या की 16 रामलीला टीमें भी पहली बार शोभायात्रा का हिस्सा बनेंगी. अयोध्या अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान के सलाहकार एवं विशेष कार्याधिकारी आशुतोष द्विवेदी के अनुसार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में 14 प्रदेशों और उत्तर प्रदेश की 11 टीमें शामिल होंगी. हरियाणा का फाग, केरल का कथककली, राजस्थान का झूमर, पंजाब का भांगड़ा और ओडिशा का संबलपुरी नृत्य आकर्षण का केंद्र होंगे. गाजीपुर का डिबिया नृत्य सहित विभिन्न लोककलाओं की प्रस्तुतियां भी होंगी. करीब 650 कलाकार रामपथ पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे.

इसे भी पढ़ें : बड़ी सौगात: दिल्ली-वाराणसी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ, जानिए टाइमिंग, किराया और रूट की पूरी डिटेल

जिला सूचना अधिकारी अनुराग रंजन ने बताया कि सरकारी योजनाओं पर आधारित झांकियों में जल जीवन मिशन, ओडीओपी, आयुष्मान कैशलेस योजना, मिशन शक्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर सहित 14 विषय शामिल हैं. आधुनिक तकनीक और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था के जरिए इन्हें तैयार किया जा रहा है.

CTI Write Letter To Rahul Gandhi: दिल्ली के रामलीला मैदान (Ramlila Maidan Rally) में आज INDIA ब्लॉक की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली का आयोजन किया जा रहा है। सीईसी ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) के इस्तीफे की मांग को लेकर आज विपक्ष (INDIA ब्लॉक) दिल्ली रामलीला मैदान में महारैली कर रहा है। रामलीला मैदान में रैली के बीच चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री यानी सीटीआई ने एक बार फिर राहुल गांधी को चिट्ठी लिखी है। CTI) ने रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली के कारण दिल्ली के व्यापार पर गंभीर संकट पर चिंता जताई है। CTI ने राहुल गांधी से व्यापार बचाने की गुहार लगाई है। CTI इससे पहले भी राहुल गांधी तीन बार पत्र लिखा रैली को रद्द करने की मांग की थी। अब ये चौथा पत्र लिखा है।

चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने कहा कि राहुल गांधी ने आज रैली में आने वाले लोगों से अपील की है कि वो दिल्ली के बाजारों में जाकर खरीददारी करें, CTI इस अपील का स्वागत करता है। हालांकि राहुस की अपील के उलट जमीन पर स्थिति बिल्कुल विपरीत है।

CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि रैली के कारण रामलीला मैदान के आसपास के 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले बाजारों में लगभग 3 लाख दुकानों में से लगभग 2.5 लाख दुकानें (80%) बंद रहने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि जब दुकानें ही बंद रहेंगी तो रैली में शामिल होने वाले खरीददारी करने कहां जाएंगे। गोयल ने कहा कि 6 नवंबर को धनतेरस और 8 नवंबर को दिवाली है। 1 नवंबर उसकी तैयारी का सबसे पीक दिन है. अगर आज बाजार बंद और ट्रांसपोर्ट ठप रहा तो रोजाना होने वाला 10-12 हजार करोड़ का कारोबार ठप होगा। 20 लाख व्यापारियों और 75 लाख लोगों की रोजी-रोटी पर संकट है।

CTI चेयरमैन ने अपील करते हुए पत्र में कहा ‘हम फिर कह रहे हैं, हम रैली के विरोधी नहीं हैं। रैली करिए, लेकिन 20 बाजारों के दिवाली व्यापार की कीमत पर नहीं। राहुल गांधी जी आप कह रहे हैं बाजार में जाओ, लेकिन जब बाजारें-दुकानें ही बंद रहेंगी, ट्रांसपोर्ट ही ठप रहेगा, रास्ते ही बंद रहेंगे, तो रैली में आने वाले लोग कहां जाएंगे खरीदारी करने? पहले रास्ता तो खुला रखिए।

हम व्यापारी हैं, BJP एजेंट नहीं

गोयल ने कहा ‘हमें BJP का एजेंट बताया जा रहा है। 100 बड़ी मार्केट एसोसिएशन्स ने आपसे रैली टालने की अपील की थी। ये सब किसी पार्टी के एजेंट नहीं हैं, ये दिल्ली के व्यापारी हैं। इनका काम व्यापार करना है, राजनीति नहीं। हम किसी पार्टी के पक्ष या विपक्ष में नहीं हैं, हम दिवाली के पीक सीजन में अपनी रोजी-रोटी बचाने की गुहार लगा रहे थे। CTI चेयरमैन ने कहा कि रामलीला मैदान के 5 किलोमीटर के दायरे में जो बड़े बाजार हैं – कश्मीरी गेट, मोरी गेट, जनपथ, चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, खारी बावली, नया बाजार, सदर बाजार, अजमेरी गेट, दरियागंज, पहाड़गंज, कमला मार्केट, जामा मस्जिद, भागीरथ पैलेस, लाजपत राय मार्केट, किनारी बाजार, दरीबा कलां, बल्लीमारान, फतेहपुरी, तिलक बाजार, कनॉट प्लेस, पालिका बाजार, गफ्फार मार्केट – इनमें लगभग 3 लाख दुकानें हैं। उन्होंने कहा कि जो सूचना हमें सुबह से मिल रही है, उसके हिसाब से आज लगभग 2.5 लाख दुकानें बंद रहेंगी और 80% व्यापार पूरी तरह ठप रहेगा। 

10 KM दायरे में ट्रांसपोर्ट पूरी तरह बंद

उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा संकट ट्रांसपोर्ट का है। आज रामलीला मैदान के इर्द-गिर्द 10 किलोमीटर के दायरे में जितने भी ट्रांसपोर्ट हैं, वो लगभग बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि लोडिंग-अनलोडिंग नहीं होगी, माल की आवाजाही नहीं होगी, गाड़ियां माल लेकर आ-जा नहीं पाएंगी। उन्होंने कहा कि रोजाना नरेला, बवाना, ओखला, मायापुरी, मुंडका, उद्योग नगर सहित 56 इंडस्ट्रियल एरिया से 5000 ट्रक-टेम्पो माल लेकर इन बाजारों में आते हैं और यहां से 3000 ट्रक NCR समेत पूरे देश में जाते हैं।

पार्किंग का महासंकट

CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि रामलीला मैदान में 200 बड़ी बसों की भी पार्किंग नहीं है। 10 लाख लोगों को लाने के लिए 15,000 से 20,000 बसें, कारें, टेम्पो की जरूरत पड़ेगी। ये सभी वाहन JLN मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, अजमेरी गेट, चांदनी चौक रोड पर खड़े होंगे। इससे सेंट्रल दिल्ली और पुरानी दिल्ली में लॉकडाउन जैसे हालात बनेंगे।

SIR पर चुनाव आयोग में फूट! 10 महीने में 14 बार दो चुनाव आयुक्तों ने फैसलों पर जताई नाराजगी, जानकारी के बिना निर्णय लेने का लगाया आरोप

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

Automobile Desk: सड़क पर बढ़ते ट्रैफिक के बीच मैनुअल गियर बदलने की सिरदर्दी से हर कोई बचना चाहता है। अगर आप भी अपने परिवार के लिए एक ऐसी गाड़ी की तलाश में हैं जो चलाने में बेहद आसान हो, जिसकी माइलेज बेहतरीन हो और जेब पर ज्यादा भारी न पड़े, तो 6 लाख रुपये के आसपास का बजट एकदम परफेक्ट माना जाता है। इस रेंज में आपको भारतीय ऑटो बाजार में दमदार सेफ्टी फीचर्स, आधुनिक टेक्नोलॉजी और शानदार ग्राउंड क्लीयरेंस वाली कई हैचबैक और कॉम्पैक्ट SUV के विकल्प मिल जाते हैं। Maruti Suzuki और Tata Motors जैसे बड़े ब्रांड्स की ये कारें न सिर्फ रोजमर्रा की ड्राइविंग को सुगम बनाती हैं, बल्कि इनकी रनिंग कॉस्ट भी बेहद किफायती रहती है।

Tata Punch

टाटा मोटर्स की सबसे पॉपुलर माइक्रो SUV टाटा पंच उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है जो कम बजट में मजबूत लुक और दमदार सेफ्टी चाहते हैं। 5.74 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत वाली यह कार अपनी 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग और ऊंचे ड्राइविंग रुख के लिए काफी पसंद की जाती है। इसमें 1.2-लीटर का पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 88 PS की पावर जेनरेट करता है। 90-डिग्री तक खुलने वाले दरवाजे और 6 एयरबैग्स के साथ आने वाली यह कार करीब 18 से 20 किमी प्रति लीटर तक का माइलेज दे देती है।

Tata Aeris

टाटा की ओर से बजट सेगमेंट में एक और बेहद व्यावहारिक विकल्प टाटा एरीस है, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 5.29 लाख रुपये रखी गई है। इसमें आपको 419 लीटर का काफी बड़ा बूट स्पेस मिलता है, जो लंबे सफर के दौरान सामान रखने के लिए काफी सुविधाजनक साबित होता है। 1.2-लीटर पेट्रोल और CNG दोनों विकल्पों में आने वाली यह कार पेट्रोल में 19-20 किमी प्रति लीटर और CNG पर लगभग 26-27 किमी प्रति किलोग्राम का माइलेज देती है। सेफ्टी के लिहाज से इसमें 6 एयरबैग और ESP जैसे फीचर्स शामिल हैं।

Maruti Suzuki Swift

अपने स्पोर्टी लुक और जबरदस्त परफॉर्मेंस के कारण युवाओं के बीच मारुति स्विफ्ट की मांग हमेशा बनी रहती है। 5.83 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत वाली इस हैचबैक में कंपनी का नया 1.2-लीटर Z-सीरीज पेट्रोल इंजन मिलता है। यह कार ऑटोमैटिक (AMT) ट्रांसमिशन के साथ करीब 25.75 किमी प्रति लीटर तक का माइलेज देने में सक्षम है। इसका ऑल-ब्लैक केबिन, 6 एयरबैग्स और हिल-होल्ड असिस्ट जैसे फीचर्स इसे रोजाना की ड्राइविंग के लिए बेहद आरामदायक बनाते हैं।

Maruti Suzuki Baleno

अगर आपकी प्राथमिकता थोड़ा ज्यादा केबिन स्पेस और प्रीमियम फील है, तो मारुति बलेनो एक शानदार चॉइस बन सकती है। 5.99 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत में यह प्रीमियम हैचबैक डुअल-टोन इंटीरियर और 90 PS पावर वाले 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ आती है। इसका ऑटोमैटिक वेरिएंट शहर और हाईवे दोनों जगह स्मूथ राइड देता है और लगभग 22.35 किमी प्रति लीटर का माइलेज निकाल लेता है। इसमें ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और 6 एयरबैग्स जैसे फीचर्स भी मिल जाते हैं।

Maruti Suzuki Wagon R

पारिवारिक जरूरतों के हिसाब से मारुति वैगनआर भारतीय परिवारों की पहली पसंद बनी हुई है। 4.99 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत से आने वाली इस टॉल-बॉय डिजाइन कार में बैठने के लिए बेहतरीन हेडरूम और 341 लीटर का बूट स्पेस मिलता है। 1.0-लीटर और 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ यह कार बेहद किफायती साबित होती है। इसका पेट्रोल वेरिएंट लगभग 25.19 किमी प्रति लीटर और CNG वेरिएंट 34.05 किमी प्रति किग्रा का शानदार माइलेज देता है। शहर की तंग गलियों में चलाने के लिए इसका ऑटोमैटिक ऑप्शन काफी सहूलियत भरा रहता है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

Bilaspur News Update : बिलासपुर. विजयादशमी उत्सव के उपलक्ष्य में महाराणा प्रताप उपनगर सिरगिट्टी बस्ती के बन्नाकचौक में आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से पथ संचलन निकाला जाएगा. दोपहर 2 बजे शुरू होने वाला यह संचलन मुख्य मार्गों से होते हुए गोविंद नगर पहुंचेगा, जहां से वापस बन्नाक चौक लौटकर संपन्न होगा. आयोजन को लेकर क्षेत्र के संघ स्वयंसेवक तैयारियों में जुटे हैं. पथ संचलन में स्वयंसेवक निर्धारित गणवेश में अनुशासित कदमताल करते हुए एकजुटता, संगठन और राष्ट्रसेवा का संदेश देंगे. संघ की परंपरा में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित पथ संचलन अनुशासन, सामूहिकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक माना जाता है.

बाघिन ने दो हिरणों का किया शिकार

लोरमी. वन परिक्षेत्र खुड़िया के कारीडोंगरी के जंगल में एक बाघिन ने दो हिरण का शिकार किया है. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग अलर्ट मोड पर है, पूरे क्षेत्र में सतर्कता के लिए मुनादी कराने के साथ-साथ बाघिन की खोजबीन शुरू कर दी गई है. मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम को वन परिक्षेत्र खुड़िया के कारिडोंगरी के पास पेट्रोलिंग करने वाले स्टाफ को एक बाघिन का पग मार्ग दिखा, उन्होंने इसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी. अधिकारियों के मार्गदर्शन में वन अमले ने आसपास गस्त किया, तब शाम को ही कक्ष क्रमांक 494/95 मे दो हिरण मृत अवस्था में पाया गया. जिसे देखते हुए बाघिन के हमले से हिरण का शिकार होने की आशंका जताई जा रही है. बाघिन का पगमार्ग मिलने और शिकार हुए हिरणों की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मैदानी अमले को तत्काल निगरानी के लिए आदेश दिए हैं. घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है. ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह भी दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो. उपवनमंडलाधिकारी डी एस सूर्यवंशी ने बताया कि वन अमले के द्वारा बाघिन की तलाश की जा रही है, उन्होंने बाघिन को संभवतः अचानकमार टाइगर रिजर्व में जाने की आशंका जताई है. वनमंडल अधिकारी तन्मय कौशिक ने बताया कि वन विभाग द्वारा क्षेत्र में ट्रैप कैमरा लगाया गया है और नियमित गश्ती एवं निगरानी की जा रही है. वन विभाग द्वारा ग्राम कारीडोंगरी झलरी दुल्लापुर खुडिया कंसरी सहित आसपास के सभी ग्रामों के निवासियों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल में प्रवेश न करें. मवेशियों को जंगल में चरने के लिए न ले जाएं बाघिन अथवा उसके पर्व मार्ग दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें.

सरपंच चुनाव की रंजिश में युवक की हत्या

मुंगेली. सरपंच चुनाव में महज 8-9 मतों से मिली हार की रंजिश में तुलसी साहू (32) की हत्या कर दी गई. मुंगेली पुलिस ने अंधेकत्ल का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. हत्या की साजिश मुख्य आरोपी धनीराम साहू ने रची थी, जिसके लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की सुपारी तय की थी. पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 के सरपंच चुनाव में धनीराम साहू हार गया था, झुलुराम वर्मा चुनाव जीतकर सरपंच निर्वाचित हुए थे. उसे शक था कि मतगणना अभिकर्ता रहे तुलसी साहू ने कुछ मत निरस्त करवाकर उसकी हार सुनिश्चित की. इसी रंजिश में उसने अपने साले भुवन साहू और अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई. 25 अक्टूबर की शाम तुलसी घर से निकला था. आरोपियों ने ग्राम पेण्ड्री ‘स’ के पास उसकी मोटरसाइकिल रुकवाकर कार में अपहरण कर लिया. उसे ट्यूबवेल के पंप हाउस में ले जाकर 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर चुनाव में कथित गड़बड़ी स्वीकार करवाने संबंधी बातें लिखवाईं और वीडियो बनाया. इसके बाद बिजली के तार से पैर बांधकर गमछे से गला घोंट दिया. हत्या के बाद शव को गणेश मिनरल्स के पास कीचड़ में फेंककर कांटेदार झाड़ियों से ढंक दिया गया.

वंदे भारत मेंटेनेंस प्रक्रिया और पिट लाइन का जीएम ने लिया जायजा

बिलासपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरूण प्रकाश ने आज 31 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर में वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो का विस्तृत निरीक्षण किया. उन्होंने डिपो में स्थापित विभिन्न मशीनों, उपकरणों एवं स्वचालित प्रणालियों की कार्यप्रणाली, कार्यक्षमता एवं संचालन व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया. साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों से इनके संचालन एवं रखरखाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की. उन्होंने सभी मशीनों एवं उपकरणों का संरक्षा मानकों के अनुरूप सुचारू एवं संरक्षित संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया. निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने डिपो में स्थापित अत्याधुनिक ऑटोमेटिक कोच वॉशिंग प्लांट का भी अवलोकन किया. इस दौरान महाप्रबंधक के समक्ष वंदे भारत एक्सप्रेस रैक की धुलाई का भौतिक परीक्षण किया गया. उन्होंने प्लांट की कार्यक्षमता एवं स्वचालित धुलाई प्रक्रिया का जायजा लेते हुए डिपो में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं के प्रभावी उपयोग पर बल दिया. इसके पश्चात लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर वंदे भारत डिपो में महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश द्वारा मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारियों एवं कमर्चारियों को देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा राष्ट्रीय एकता को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई. इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक वजय कुमार साहू, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित मुख्यालय और बिलासपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीउपस्थित थे.

ट्रेन की चपेट में आया युवक

रायगढ़. शहर में ओवरब्रिज के नीचे रेलवे फाटक के पास शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया. इस हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से युवक का दायां हाथ कटकर अलग हो गया है. हादसे के बाद वह बुरी तरह लहूलुहान होकर ट्रैक के पास ही गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल घटनास्थल का रुख किया. जवानों ने तत्परता दिखाते हुए खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल युवक को बिना समय गंवाए स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया. अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उसका सघन उपचार किया जा रहा है. इस दर्दनाक हादसे के तुरंत बाद जीआरपी ने भी मामले को संज्ञान में लेते हुए अपनी तहकीकात शुरू कर दी है. जीआरपी की टीम घटनास्थल का मुआयना कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह घटना महज एक हादसा है, या ट्रैक पार करते समय हुई कोई चूक. फिलहाल पुलिस घायल युवक की शिनाख्त करने के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है. घटना को लेकर जीआरपी की तहकीकात आरंभ कर दी गई है प्रारंभिक जांच में घायल पुसौर गांव के निवासी होने का पता चला है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H