कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने हर किसी के दिल को झकझोर कर रख दिया है। यहां पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के बरा गांव में महज 8 साल की एक बेकसूर मासूम बच्ची को चोरी के शक में तालिबानी सजा दे दी गई। बच्ची को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया जिससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस क्रूरता की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पड़ोसी दंपत्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है, जबकि आरोपी की पत्नी अभी भी फरार है।
ये भी पढ़ें: डिजिटल इंडिया की खुली पोल! BSNL ने दिव्यांग को दिया धोखा, सालों से जमीन का किराया और मानदेय दबाए बैठे अधिकारी
मां का साया पहले ही उठ चुका था, मजदूरी कर पिता पाल रहे थे मासूम को
ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के बरा गांव की यह दर्दनाक घटना हर किसी की आंखें नम कर रही है। 8 साल की मासूम अलीना खान के सिर पर मां का साया नही था। उसके पिता सलमान खान दिनभर मजदूरी कर किसी तरह अपनी लाड़ली का पालन पोषण कर रहे थे। बीते गुरुवार को अलीना खेलते-खेलते पड़ोसी अमीन खान के घर पहुंच गई।
शक के घेरे में सरेआम हैवानियत: बांधकर डंडों से पीटा
आरोप है कि अमीन को शक था कि बच्ची ने उसके घर से रुपए और जेवर चुराए हैं। इसी शक में अमीन खान और उसकी पत्नी रेशमा खान ने इंसानियत की सारी हदें पार कर दीं। दोनों ने मासूम बच्ची को बांधकर डंडों से बेरहमी से पीटा। पिटाई इतनी निर्मम थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और दिमागी सदमे में चली गई।
सुबह जगाने गए पिता, तो हमेशा के लिए खामोश हो चुकी थी बेटी
शाम को जब मजदूरी से लौटे पिता सलमान खान बेटी को लेने पहुंचे तो अलीना डरी-सहमी हालत में मिली। आरोपी ने चोरी का आरोप लगाते हुए बच्ची और उसके पिता को ऑटो से घर छोड़ दिया।
घर पहुंचते ही सहमी हुई अलीना पलंग पर लेट गई। पिता ने सोचा कि बच्ची थकी हुई है और सुबह डॉक्टर के पास ले जाएंगे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था, शुक्रवार सुबह जब पिता ने बेटी को जगाने की कोशिश की तो वह हमेशा के लिए खामोश हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें: होटल की लिफ्ट में 15 मिनट तक फंसे रहे 7 मासूम, तोड़ने पर भड़का संचालक, परिजनों से की बदसलूकी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ खुलासा, पुलिस ने दर्ज किया मर्डर का केस
मासूम की मौत के बाद जब पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो डॉक्टर ने मौत की वजह शरीर पर आई गंभीर चोटें और गहरा दिमागी सदमा बताया। रिपोर्ट आते ही पुरानी छावनी थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई और पिता की शिकायत पर आरोपी अमीन खान और उसकी पत्नी रेशमा खान के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी अमीन को सलाकों के पीछे भेज दिया है, जबकि उसकी फरार पत्नी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय वहां और कौन-कौन मौजूद था और इस घटना में किसकी क्या भूमिका रही।

