आशुतोष द्विवेदी, रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। निजी अस्पताल में लिफ्ट हादसे के बाद एक मरीज की मौत ने हॉस्पिटल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिया है। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद मामले को दबाने के लिए 16 लाख रुपये के समझौते की बात सामने आई। सवाल सिर्फ एक मौत का नहीं है… सवाल यह है कि अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
रीवा के नेशनल हॉस्पिटल में लिफ्ट गिरने से एक मरीज की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश है। आरोप है कि अस्पताल की लापरवाही के चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ। हादसे के बाद अस्पताल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। परिजनों के मुताबिक, नेशनल अस्पताल प्रबंधक डॉ. अखिलेश पटेल की ओर से मृतक के परिवार को 16 लाख रुपये में समझौते की पेशकश/राशि दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जांच बेहद जरूरी है।
ये भी पढ़ें: ‘स्मार्टगिरी’ पड़ी भारी: कान में फोन… हाथ से गई गाड़ी और कट गया 4500 का भारी-भरकम चालान!
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या किसी इंसान की जिंदगी की कीमत महज 16 लाख रुपये तय की जा सकती है? अगर अस्पताल में लगी लिफ्ट मरीजों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार है, तो उसकी नियमित जांच, रखरखाव और सुरक्षा मानकों की निगरानी कौन कर रहा था ? रीवा की स्वास्थ्य व्यवस्था में यह घटना सिर्फ एक अस्पताल पर सवाल नहीं उठाती, बल्कि पूरे सिस्टम की जवाबदेही पर सवाल खड़ा करती है। मौत के बाद मुआवजा देना आसान है, लेकिन सवाल यह है कि मौत से पहले सुरक्षा क्यों नहीं दी गई?
अब जरूरत है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो, लिफ्ट की तकनीकी जांच कराई जाए और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई हो। क्योंकि अस्पताल इलाज की जगह है, जहां जिंदगी बचाई जानी चाहिए, जिंदगी की कीमत नहीं लगाई जानी चाहिए। एसडीओपी मनस्वी शर्मा ने कहा कि अस्पताल में लिफ्ट हादसे की जांच होगी। परिजनों के धरने पर उन्होंने बताया कि उनकी कुछ मांगे थी, जिसे लेकर अस्पताल प्रशासन ने बात हुई है। दोनों के बीच कुछ समझौता हुआ है। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच पड़ताल की जाएगी। जांच के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



