सतीश सिंह, मथुरा. श्रीकृष्ण जन्माष्टमी (Shri Krishna Janmashtami) पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ब्रज क्षेत्र को 1,051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर मुख्यमंत्री मथुरा जाएंगे. इस दौरान वह गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी, वृंदावन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे.

मथुरा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा 540 करोड़ रुपये से अधिक की 62 पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 437 करोड़ रुपये से अधिक की 167 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा. इनमें वृंदावन स्थित श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह भी शामिल है, जिसका वह लोकार्पण करेंगे.

इसे भी पढ़ें : रामलला की लड़ाई से राम मंदिर ट्रस्टी तक : मदन मोहन पांडेय बोले- जो दायित्व मिलेगा पूरी निष्ठा से निभाऊंगा, विपक्ष पर साधा निशाना

7240 लाभार्थियों को करेंगे सहायता राशि का वितरण

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 7,240 लाभार्थियों को सहायता राशि का वितरण किया जाएगा. इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, ट्रैक्टर की चाबी और चेक भी वितरित किए जाएंगे.

4 को करेंगे दर्शन पूजन

वहीं जन्माष्टमी पर 4 सितंबर को मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण जन्मभूमि में दर्शन-पूजन करेंगे. इसके साथ ही वह गो पूजन भी करेंगे. मुख्यमंत्री के मथुरा प्रवास के दौरान विकास के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी विशेष समन्वय देखने को मिलेगा. वह पूज्य साधु-संतों से मुलाकात करेंगे और बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार कार्यक्रम में भी शामिल होंगे. इसके अलावा मुख्यमंत्री ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे. अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ‘कान्हा भक्ति स्तम्भ मार्ग’ का भ्रमण और निरीक्षण भी करेंगे.