MP TOP NEWS TODAY: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में आज गुरुवार 9 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं। आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

दिल्ली हाईकोर्ट में राजेंद्र भारती की सजा पर बहस पूरी

मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती की सजा से जुड़ी बड़ी खबर हैं। दिल्ली हाईकोर्ट में दोषसिद्धि पर रोक की मांग को लेकर सुनवाई हुई। HC ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनी और मामले में फैसला सुरक्षित रखा है। बताया जा रहा है कि 10 जुलाई को फैसला आ सकता है। यहां पढ़ें पूरी खबर

30 हजार की रिश्वत लेते पटवारी ट्रैप

एमपी के शमशाबाद विधानसभा के नटेरन में लोकायुक्त भोपाल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी संदीप यादव को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता प्रमेन्द्र धाकड़ ने लोकायुक्त से शिकायत की थी कि पारिवारिक भूमि के बंटवारा, नामांतरण और फौती प्रकरण में कार्रवाई करने के बदले पटवारी रिश्वत मांग रहा था। यहां पढ़ें पूरी खबर

राकेश यादव ने थामा बीजेपी का दामन

मध्य प्रदेश बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने राकेश यादव को भाजपा की सदस्यता दिलाई है। कुछ दिन पहले राकेश यादव ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दिया था। इतना ही नहीं राकेश ने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी पर गंभीर आरोप भी लगाए थे। उन्होंने यह भी कहा कि अंधभक्त कांग्रेस में है भारतीय जनता पार्टी में नहीं है। बीजेपी में देशभक्ति है। यहां पढ़ें पूरी खबर

बाबा बागेश्वर के समर्थन में उतरा हिंदू समाज

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में सोशल मीडिया पर की गई एक कथित पोस्ट को लेकर विवाद गहरा गया है। बाबा बागेश्वर की ओर से उठाई गई हिंदू राष्ट्र की मांग पर एक युवक की कथित टिप्पणी के बाद हिंदू समाज के लोगों में नाराज़गी देखने को मिली। मामले को लेकर बमीठा थाने में लिखित शिकायत दी गई है और संबंधित युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यहां पढ़ें पूरी खबर

चिता आंदोलन’ का सातवां दिन

केन-बेतवा लिंक समेत विभिन्न परियोजनाओं से विस्थापित परिवारों का ‘चिता आंदोलन’ सातवें दिन भी उग्र रूप से जारी रहा। सरकार के रूंझ और मझगांय क्षेत्र में मुआवजा राशि 5 लाख से बढ़ाकर 12.50 लाख रुपये करने और पन्ना के लिए 39 करोड़ रुपये स्वीकृत करने को प्रदर्शनकारियों ने अपनी आंशिक जीत माना है। हालांकि, उनका साफ कहना है कि जब तक शत-प्रतिशत पीड़ितों को न्याय और भ्रष्टाचार के दोषियों को जेल नहीं होती, आंदोलन खत्म नहीं होगा। यहां पढ़ें पूरी खबर

मध्यप्रदेश में एक साल में बंद हुए 2,426 स्कूल

मध्य प्रदेश में स्कूली शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार के ‘यूडाइस प्लस’ (UDISE+) पोर्टल पर बेहद चौंकाने वाले और चिंताजनक आंकड़े सामने आए हैं। यह रिपोर्ट बताती है कि राज्य में पिछले महज एक साल के भीतर करीब ढाई हजार स्कूल कम हो गए हैं। इसके साथ ही, हाईस्कूल (कक्षा 9वीं और 10वीं) में बच्चों का ड्रॉपआउट रेट (स्कूल छोड़ने की दर) बढ़कर 13 फीसदी तक पहुंच गया है। बता दें कि यह डेटा राज्य सरकारों द्वारा दी जाने वाली रिपोर्ट के आधार पर केंद्र सरकार द्वारा हर साल तैयार किया जाता है। यहां पढ़ें पूरी खबर

पुलिस हिरासत में जीतू के भाई नाना पटवारी

मध्य प्रदेश की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद इंदौर स्थित जीतू पटवारी के निवास पर कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा लग गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने भी नाना पटवारी को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है। यहां पढ़ें पूरी खबर

राजा रघुवंशी की मां ने सोनम को बताया मर्डर की मास्टरमाइंड

देशभर में चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक बार फिर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी ने सुप्रीम कोर्ट में जवाबी हलफनामा दाखिल कर खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया है। सोनम का दावा है कि उसे इस मामले में साजिश के तहत फंसाया गया है और वह जांच से लेकर ट्रायल तक हर स्तर पर जांच एजेंसियों का सहयोग कर रही है। अब इस मामले में सभी की नजरें सुप्रीम कोर्ट पर हैं, जहां उसकी जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है। यहां पढ़ें पूरी खबर

दिनदहाड़े 30 युवकों ने किया युवती का अपहरण

मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां दिनदहाड़े एक युवती को उठाकर ले गए। बताया जा रहा है कि 25 से 30 युवकों ने गांव से अपहरण कर लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह पूरा मामला राजपुर थाना क्षेत्र का है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। यहां पढ़ें पूरी खबर

बालिग प्रेमी जोड़े की पसंद का सम्मान

मध्य प्रदेश के ग्वालियर हाईकोर्ट ने एक बालिग प्रेमी जोड़े की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। हाईकोर्ट ने साफ कहा है कि किसी भी स्थिति में ऑनर किलिंग जैसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोर्ट ने ग्वालियर के एसएसपी को प्रेमी जोड़े की सुरक्षा तय करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि परिवार या रिश्तेदार किसी तरह की धमकी देते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यहां पढ़ें पूरी खबर

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m