धमतरी। अदम्य साहस और मानवता की मिसाल बने ग्राम बगदेही निवासी जयंत कुमार ध्रुव को उनके वीरतापूर्ण कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय धमतरी के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक परिहार ने कहा कि जयंत ध्रुव ने अपनी जान की परवाह किए बिना कुएं में कूदकर दुर्घटनाग्रस्त लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर समाज के सामने साहस, कर्तव्य और मानवीय संवेदना का अत्यंत प्रेरणास्पद उदाहरण प्रस्तुत किया है। ऐसे नागरिक समाज में सकारात्मक ऊर्जा और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।


उल्लेखनीय है कि रविवार को धमतरी जिले के ग्राम बगदेही में ऑटो चालक की लापरवाही के चलते बुजुर्गों और छोटे बच्चों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर गहरे कुएं में जा गिरा। हादसे के समय ऑटो में चालक सहित कुल 7 लोग सवार थे, जिनमें 3 से 4 वर्ष के मासूम बच्चे और बुजुर्ग शामिल थे।
घटना को देखते ही ग्राम के सरपंच पति जयंत ध्रुव ने बिना समय गंवाए कुएं में छलांग लगाई और अपनी जान जोखिम में डालकर डूब रहे मासूम बच्चों सहित सभी 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी तत्परता और साहस से एक बड़ा हादसा टल गया। इस अवसर पर एसपी सूरज सिंह परिहार ने जयंत ध्रुव के उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु की कामना की।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


