पटना। जेडीयू कार्यालय में बुधवार को मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें रेयाजुल हक उर्फ राजू अपने समर्थकों के साथ जनता दल यूनाइटेड में शामिल हुए। समारोह में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, एमएलसी खालिद अनवर, मंत्री श्रवण कुमार और विधायक अमरेंद्र पांडे मौजूद रहे। सभी नेताओं ने राजू और उनके समर्थकों का पार्टी में स्वागत किया।

पार्टी नेतृत्व की प्रतिक्रिया

प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि जेडीयू समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और राजू के आने से संगठन और मजबूत होगा। विधायक अमरेंद्र पांडे ने उन्हें जमीनी स्तर के नेता बताते हुए कहा कि उनके आने से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी। मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर लगातार लोग जेडीयू से जुड़ रहे हैं।

रियाजुल हक की बात

राजू ने कहा कि भले ही वे पहले अन्य दलों में रहे हों, लेकिन मन से हमेशा नीतीश कुमार के समर्थक रहे हैं। उन्होंने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि यह अब पूंजीपतियों की पार्टी बन चुकी है। इसके चलते उन्होंने राजद छोड़कर जेडीयू में शामिल होने का निर्णय लिया। उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों से भी अपील की कि वे जेडीयू से जुड़कर नीतीश कुमार के विकास मॉडल को मजबूत करें।

राजनीतिक सफर

राजू लंबे समय तक राजद से जुड़े रहे और 2025 में टिकट न मिलने पर बसपा में शामिल हुए। गोपालगंज की बरौली विधानसभा सीट से सक्रिय, उन्होंने 2025 में बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा। महागठबंधन सरकार के कार्यकाल में उन्हें बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग का अध्यक्ष बनाया गया था।