T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप के बीच श्रीलंकाई टीम को एक बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर और मुख्य स्पिनर वानिंदु हसरंगा चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने इसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी है और उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर लेग स्पिनर दुशान हेमंथा को टीम में शामिल किया गया है।

टूर्नामेंट के दौरान लगातार खिलाड़ियों के चोटिल होने के सिलसिले में यह श्रीलंका के लिए अब तक की सबसे बड़ी चिंता मानी जा रही है, क्योंकि हसरंगा टीम के प्रमुख मैच विनर खिलाड़ियों में शामिल हैं।

आयरलैंड के खिलाफ जीत के हीरो थे हसरंगा

28 वर्षीय वानिंदु हसरंगा श्रीलंका के पहले मुकाबले में आयरलैंड के खिलाफ जीत के सबसे बड़े हीरो रहे थे। इस मैच में उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में केवल 25 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए थे। हालांकि, मैच के दौरान वह काफी दर्द में नजर आए और तकलीफ के बावजूद गेंदबाजी करते दिखे।

मैच के बाद हसरंगा का MRI स्कैन कराया गया, जिसमें हैमस्ट्रिंग इंजरी की पुष्टि हुई। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार चोट गंभीर पाई गई, जिसके चलते उन्हें पूरे T20 वर्ल्ड कप से बाहर करने का फैसला लिया गया।

श्रीलंका के सबसे सफल T20I गेंदबाज हैं हसरंगा

वानिंदु हसरंगा का टूर्नामेंट से बाहर होना श्रीलंका के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है। वह श्रीलंका की ओर से T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने अब तक 95 T20I मैचों में 154 विकेट अपने नाम किए हैं।

इतना ही नहीं, T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भी हसरंगा का रिकॉर्ड शानदार रहा है। वह इस टूर्नामेंट में बांग्लादेश के शाकिब अल हसन (50 विकेट) के बाद दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। हसरंगा ने महज 20 विश्व कप मुकाबलों में 40 विकेट झटके हैं, जो उनकी मैच विनर क्षमता को दर्शाता है।

इसे भी पढ़ें: पाकिस्तान की निकल गई सारी हेकड़ी! ICC ने PCB की तीनों शर्तें कीं खारिज, 15 फरवरी को कोलंबो में भारत-पाकिस्तान महामुकाबले की राह साफ

रिप्लेसमेंट के तौर पर दुशान हेमंथा को मौका

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने हसरंगा की जगह लेग स्पिनर दुशान हेमंथा को टीम में शामिल किया है। हेमंथा घरेलू क्रिकेट और सीमित मौकों में अपने प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि वह बड़े मंच पर खुद को कितना साबित कर पाते हैं।

हसरंगा की गैरमौजूदगी में श्रीलंका की चुनौती बढ़ी

T20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में हसरंगा जैसे अनुभवी और प्रभावशाली खिलाड़ी की गैरमौजूदगी से श्रीलंका की रणनीति पर सीधा असर पड़ेगा। स्पिन विभाग की जिम्मेदारी अब महीश थीक्षाना, दुशान हेमंथा और युवा गेंदबाजों पर होगी। ऐसे में आने वाले मुकाबलों में श्रीलंका की टीम कैसा प्रदर्शन करती है, इस पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए श्रीलंका का अपडेटेड स्क्वॉड

दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, कामिन्दु मेंडिस, कुसल जेनिथ परेरा, चरिथ असलंका, जेनिथ लियानागे, पवन रथनायके, दुनिथ वेललागे, दुशान हेमंथा, महीश थीक्षाना, दुष्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना, प्रमोद मदुशन।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H