T20 WC 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया का अगला मुकाबला नामीबिया के साथ होने वाला है। इस मैच से पहले भारतीय टीम के लिए दो बड़ी खुशखबरी सामने आई हैं। स्टार ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अब पूरी तरह फिट होकर टीम के साथ जुड़ गए हैं। वहीं, ओपनर अभिषेक शर्मा की तबियत को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं और वह अगले मैच में बाहर रह सकते हैं।

टी20 वर्ल्ड कप का 18वां मैच भारत और नामीबिया के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के लिए यह टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला है।

बुमराह ने नेट्स में दिखाई रफ्तार

टीम इंडिया की प्रैक्टिस सेशन के दौरान जसप्रीत बुमराह मैदान पर नजर आए। बीमार होने के कारण उन्होंने पिछला मैच नहीं खेला था। असिस्टेंट कोच रेयान टेन डोएशे ने बताया कि बुमराह ने पिछले 10 दिनों तक गेंदबाजी नहीं की थी, लेकिन अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने हल्की दौड़ के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव के खिलाफ नेट्स में तेज गेंदबाजी की और अभ्यास के दौरान कप्तान को अपनी रफ्तार से बोल्ड भी किया।

सुंदर ने बॉलिंग और फील्डिंग का अभ्यास किया

न्यूजीलैंड सीरीज से बाहर रहने वाले वॉशिंगटन सुंदर भी अब दिल्ली में टीम के साथ जुड़े हैं। पहले मैच से बाहर रहने वाले सुंदर ने प्रैक्टिस सेशन में फील्डिंग पर विशेष ध्यान दिया। इसके बाद उन्होंने बल्लेबाज तिलक वर्मा को बॉलिंग कराकर अभ्यास पूरा किया। असिस्टेंट कोच ने कहा कि सुंदर कल टीम में शामिल हुए और आज उन्होंने प्रैक्टिस में पूरी भागीदारी दिखाई।

अभिषेक शर्मा हो सकते हैं अगले मैच से बाहर

टीम इंडिया के खेमे से एक चिंता की खबर भी आई है। ओपनर अभिषेक शर्मा फिलहाल बीमार हैं और उनके नामीबिया के खिलाफ मैच खेलने पर संशय है। टीम के असिस्टेंट कोच ने कहा कि उनके स्वास्थ्य पर अभी दो दिन का समय है और देखते हैं कि प्रैक्टिस सेशन में उनकी हालत कैसी रहती है। यदि वे अभ्यास में शामिल नहीं होते हैं तो संभव है कि वह अगले मैच को मिस करें। हालांकि उम्मीद जताई जा रही है कि 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ मैच तक वे पूरी तरह फिट हो जाएंगे।

टीम इंडिया के लिए यह अच्छी खबर है कि सुंदर और बुमराह अब पूरी फिटनेस के साथ टीम में वापसी कर चुके हैं। दोनों खिलाड़ियों के शामिल होने से टीम की गेंदबाजी और बैटिंग लाइनअप को मजबूती मिलेगी। वहीं, अभिषेक शर्मा के फिट होने तक चयनकर्ता उनकी जगह अन्य विकल्पों पर भी विचार कर सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H