IND vs NAM, T20 World Cup 2026: अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले में भारत और नामीबिया के बीच मैच के दौरान ईशान किशन ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से इतिहास रच दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने ऐसी तेजतर्रार शुरुआत दिलाई, जिसने मैच का रुख ही बदल दिया।
ईशान किशन ने महज 24 गेंदों में 6 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 64 रनों की शानदार पारी खेली। खास बात यह रही कि उन्होंने अपनी फिफ्टी सिर्फ 20 गेंदों में पूरी कर ली। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के सामने नामीबिया के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
टी20 वर्ल्ड कप में रचा नया इतिहास
इस पारी के साथ ईशान किशन टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत की ओर से अर्धशतक लगाने वाले पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले किसी भी भारतीय विकेटकीपर ने इस टूर्नामेंट में पचास रन का आंकड़ा पार नहीं किया था।
इससे पहले भारतीय विकेटकीपर के रूप में सर्वाधिक स्कोर का रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम था, जिन्होंने 45 रन बनाए थे। अब ईशान किशन ने 64 रन की पारी खेलकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस सूची में ऋषभ पंत 42 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
संयुक्त रूप से तीसरी सबसे तेज फिफ्टी
ईशान किशन की यह फिफ्टी टी20 वर्ल्ड कप में किसी भारतीय द्वारा लगाई गई संयुक्त रूप से तीसरी सबसे तेज फिफ्टी है। भारत की ओर से इस टूर्नामेंट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम है, जिन्होंने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 12 गेंदों में पचासा जड़ा था।
इसके बाद केएल राहुल (18 गेंद, 2021), रोहित शर्मा (19 गेंद, 2024) और युवराज सिंह (20 गेंद, 2007) का नाम आता है। अब ईशान किशन ने भी 20 गेंदों में फिफ्टी लगाकर इस खास सूची में अपनी जगह बना ली है।
पावरप्ले में फिफ्टी लगाने वाले तीसरे भारतीय
नामीबिया के खिलाफ मुकाबले में ईशान किशन ने अपनी फिफ्टी पावरप्ले के भीतर ही पूरी कर ली। इसके साथ ही वह टी20 वर्ल्ड कप में पावरप्ले के अंदर अर्धशतक पूरा करने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि रोहित शर्मा (2024) और केएल राहुल (2021) हासिल कर चुके हैं।
टीम को दिलाई मजबूत शुरुआत, सबसे तेज 100 का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना
ईशान किशन की इस विस्फोटक पारी ने भारतीय टीम को तेज शुरुआत दिलाई और शुरुआती ओवरों में ही रन गति को ऊंचा कर दिया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने न सिर्फ दर्शकों का मनोरंजन किया, बल्कि टीम को मजबूत स्कोर की ओर भी अग्रसर किया। ईशान की इस विस्फोटक पारी के दम पर भारत ने टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे तेज 100 रनों का रिकॉर्ड भी बना दिया। टीम इंडिया ने सिर्फ 6.5 ओवर, यानि 41 गेंदों में 100 रन पार कर लिए थे जो कि एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है।
पावरप्ले में भारत का सबसे बड़ा स्कोर
यही नहीं ईशान किशन की धुआंधार पारी के दम पर भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में पावरप्ले में अपना सबसे बड़ा स्कोर भी बना दिया। पहले 6 ओवर में भारत ने 86 रन बनाए जो कि उसका बेस्ट प्रदर्शन है।
गौरतलब है कि युवा बल्लेबाज की इस पारी ने यह साबित कर दिया कि बड़े मंच पर दबाव के बीच भी वह मैच का रुख पलटने की क्षमता रखते हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में यह पारी लंबे समय तक याद रखी जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


