रायपुर: राजधानी के श्याम भक्तों के लिए फाल्गुन मास की खुशबू और भक्ति का अनूठा संगम होने जा रहा है. आगामी 13 फरवरी 2026 को अशोक रॉयल, अशोक रत्न कैंपस में ‘फाग महोत्सव 4.0’ का भव्य आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6:01 बजे से बाबा श्याम की पावन ज्योति प्रज्वलित कर की जाएगी.

इस सांस्कृतिक और धार्मिक उत्सव के मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध श्याम भजन गायक होंगे. खाटूधाम से पधार रहे अजहर अली, नीमच की प्रसिद्ध गायिका कनिका ग्रोवर और रायपुर के चहेते सुरेश राजस्थानी अपनी सुमधुर आवाज में भजनों की अमृत वर्षा करेंगे. भक्तों को झूमने पर मजबूर करने के लिए कलाकारों की यह टोली फाल्गुन के विशेष भजनों की प्रस्तुति देगी.

महोत्सव के विशेष आकर्षण

आयोजन समिति ने इस वर्ष महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए कई विशेष प्रबंध किए हैं.

  • भव्य दरबार एवं श्रृंगार: बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार और नयनाभिराम भव्य दरबार.
  • इत्र वर्षा एवं चंदन छिड़काव: पूरे परिसर को दिव्य सुगंध से सराबोर करने के लिए विशेष व्यवस्था.
  • 56 भोग एवं पान भोग: बाबा को छप्पन प्रकार के व्यंजनों और विशेष पान का भोग लगाया जाएगा.
  • श्याम रसोई एवं फागुन मेला: आगंतुकों के लिए प्रसाद स्वरूप श्याम रसोई और उत्सव का आनंद लेने के लिए फागुन मेले का आयोजन.
  • श्याम कुंड एवं श्याम बगीची: आयोजन स्थल पर खाटूधाम की तर्ज पर प्रतीकात्मक श्याम कुंड और बगीची का निर्माण किया जाएगा.

आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमियों से सपरिवार इस भक्तिमय उत्सव में शामिल होकर पुण्य लाभ कमाने की अपील की है. कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और सुलभ दर्शन के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं.