प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजरायल दौरे की संभावना जताई जा रही है. अभी तक आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन संभावित तारीख 24-25 फरवरी बताई जा रही हैं. इस बारे में औपचारिक घोषणा अभी विदेश मंत्रालय की तरफ से नहीं की गई है. अगर यह दौरा होता है, तो यह 2017 के बाद प्रधानमंत्री मोदी का पहला इजरायल दौरा होगा. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने संबोधन में इस संभावित यात्रा का जिक्र करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह इजरायल आ रहे हैं. हमारे देशों के बीच एक मजबूत गठबंधन है और हम हर तरह के सहयोग पर चर्चा करेंगे.” उन्होंने आगे कहा, “भारत में इजरायल बहुत ज्यादा लोकप्रिय है… मैं चाहता हूं कि आप सभी यह जानें.”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित इजरायल दौरे को लेकर इजरायल में तैयारियां चल रही हैं. आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन अगले हफ्ते यात्रा की संभावना जताई जा रही है. पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने सहयोग बढ़ाने की बात कही है, जबकि दोनों देश फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) और तकनीकी साझेदारी पर बातचीत आगे बढ़ा रहे हैं.

जनवरी में भारत में इजरायल के राजदूत रयूवेन अजर ने भी पुष्टि की थी कि प्रधानमंत्री मोदी को दौरे का निमंत्रण दिया गया है. उन्होंने बताया था कि तैयारियां चल रही हैं और तारीखों की आधिकारिक घोषणा समय आने पर की जाएगी.

दोनों देश फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर भी बातचीत कर रहे हैं. हाल ही में नवंबर 2025 में भारत के वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने इजरायल का दौरा किया था, जहां उन्होंने आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने के लिए उच्चस्तरीय बैठकें कीं. इस दौरान इजरायल के अर्थव्यवस्था और उद्योग मंत्री नीर बरकात के साथ बातचीत हुई और दोनों देशों ने FTA के लिए ‘टर्म्स ऑफ रेफरेंस’ पर हस्ताक्षर किए.

भारत और इजरायल के संबंध 2017 में पीएम मोदी की यात्रा के दौरान रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाए गए थे. जुलाई 2017 में  पीएम मोदी ने तीन दिन का ऐतिहासिक दौरा किया था. वह पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने जिन्होंने इस देश का दौरा किया था. यह यात्रा 4 से 6 जुलाई तक चली और दोनों देशों के बीच औपचारिक कूटनीतिक रिश्तों के 25 साल पूरे होने के मौके पर हुई.

तब से दोनों देश इनोवेशन, रिसर्च, टेक्नोलॉजी और ‘मेक इन इंडिया’ जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर ध्यान दे रहे हैं. यह साझेदारी तकनीक आधारित सहयोग को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ी है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m