गुजरात के 32 स्कूलों में ईमेल के जरिए बम की धमकी दी गई है। वडोदरा के 17 और अहमदाबाद के 15 स्कूल शामिल हैं। ईमेल में लिखा गया कि गुजरात खालिस्तान बन जाएगा, हिंदुस्तान टुकड़ों में बंट जाएगा। जानकारी सामने आते ही पैरेंट्स तुरंत स्कूल पहुंचे और बच्चों को वापस ले आए। बम निरोधक दस्ते ने स्कूलों में तलाशी शुरू कर दी है। फिलहाल स्कूलों को खाली करा लिया गया है और वाहनों व स्कूल परिसरों की जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर वडोदरा के उर्मी स्कूल के छात्रावास को भी खाली करा लिया गया है।

पुलिस बोली- ईमेल भेजने वाले का पता लगा रहे हैं

वडोदरा पुलिस कमिश्नर नरसिम्हा कुमार ने बताया कि टीचर्स और स्टूडेंट को स्कूलों से घर भेज दिया गया है। 9 स्कूलों पर जांच पूरी हो चुकी है, बाकी जगह जारी है। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जाएगी। हम पता लगा रहे हैं कि ईमेल किस आईडी से और कहां से भेजा गया है।

सभी बच्चों को घर भेजा गया

वडोदरा के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उर्मी, डीआर अमीन, नालंदा, जीवन साधना, शानन स्कूल और नवयुग स्कूल को खाली करा दिया गया है। उर्मी स्कूल के छात्रावास से भी बच्चों को जांच के चलते बाहर किया गया है। अहमदाबाद के ट्यूलिप स्कूल, SGVP गुरुकुल, सिल्वर बेल स्कूल, निरमा विश्वविद्यालय, एजी हाई स्कूल, जेजी इंटरनेशनल स्कूल, विद्यानगर स्कूल, दीवान बल्लूभाई स्कूल, सीएन स्कूल, खालसा लिटिल समेत अन्य स्कूलों में पुलिस की टीम पहुंच गई है। सभी स्कूल परिसर खाली हैं।

धमकी भरे ईमेल में क्या लिखा है?

गुजरात समाचार की ओर से साझा किए गए धमकी भरे ईमेल में वही भाषा लिखी है जो पिछले दिनों दिल्ली और अन्य स्कूलों में भेजे गए ईमेल में लिखी थी। इसमें लिखा है, “गुजरात बनेगा खालिस्तान। कार बम धमाका, अहमदाबाद-बड़ौदा के स्कूल बसों में। खालिस्तान सिखों के दुश्मन गुजराती मोदी-शाह निशाने पर हैं। कार बम धमाके के हथियार खालिस्तान के। पंजाब की आजादी तक, हिंदुस्तान के टुकड़े-टुकड़े।” बता दें, अहमदाबाद के कई स्कूलों को पिछले दिनों भी धमकी मिली थी।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री ने जांच की बात कही

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने लगातार धमकियों को लेकर कहा कि पुलिस महानिदेशक को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। राज्य में धमकी को लेकर एक गहन और विस्तृत जांच चल रही है। सतर्क रहने को कहा गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m