जोधपुर। जोधपुर कमिश्नरेट की पश्चिम जिला डीएसटी टीम और सरदारपुरा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हवाला के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। सोमवार दोपहर सी रोड स्थित एक फ्लैट पर दबिश देकर पुलिस ने 77 लाख 80 हजार रुपए नकद बरामद किए। मौके से अहमदाबाद निवासी एक कारोबारी समेत तीन अन्य लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, सरदारपुरा थाना क्षेत्र में हवाला के जरिए बड़ी रकम के लेनदेन की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीएसटी टीम और स्थानीय थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और बताए गए फ्लैट पर छापा मारा। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई, जिसे जब्त कर लिया गया।

किराए के फ्लैट से चल रहा था लेनदेन

डीएसटी इंचार्ज महेंद्र ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अहमदाबाद के कृष्ण नगर निवासी दिनेश जायसवाल (39) पुत्र जगदीश जायसवाल ने सरदारपुरा इलाके में उक्त फ्लैट किराए पर ले रखा था। वह पिछले करीब साढ़े तीन महीनों से यहां रह रहा था और हवाला के जरिए पैसों का लेनदेन कर रहा था। पुलिस टीम ने मौके से 77.80 लाख रुपए की नकद राशि बरामद की।

मौके से ही गिरफ्तार, पूछताछ जारी

पुलिस ने दिनेश जायसवाल को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ मौजूद तीन अन्य व्यक्तियों को भी शांतिभंग में गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में हवाला नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद रकम कहां से लाई गई थी और इसे कहां भेजा जाना था।

आयकर विभाग को भी सूचना

मामले की गंभीरता को देखते हुए जब्त राशि की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है, ताकि आर्थिक अपराध के दृष्टिकोण से विस्तृत जांच की जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर हवाला नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जा सकती है।

जोधपुर में हुई इस कार्रवाई को हवाला कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुटी है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H