Ambikapur News Update : अंबिकापुर. शंकरगढ़ थाना में पदस्थ आरक्षक देवस राम एक्का, राजपुर के अपने पैतृक ग्राम घोरगड़ी पहुंचा और पत्नी को फोन कर बताया कि उसने जहर का सेवन कर लिया है और वह कोटगहना जंगल में है. परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और उसे राजपुर चिकित्सालय से रेफर करने पर मेडिकल कालेज चिकित्सालय लेकर पहुंचे. जहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

आत्महत्या का कारण अज्ञात

जानकारी के अनुसार, राजपुर के ग्राम घोरगड़ी निवासी देवस राम एक्का शंकरगढ़ थाना में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे. उनकी पत्नी शंकरगढ़ में ही रहकर हाईस्कूल में लिपिक के पद पर पदस्थ हैं. देवस तीन दिनों पूर्व छुट्टी लेकर अपने गृहग्राम आया था. रायपुर में काम होने की वजह से वह रायपुर चला गया था. रायपुर से आज घर पहुंचा और गांव के समीप कोटगहना जंगल में पहुंच पत्नी को फोन कर बताया कि उसने जहर का सेवन कर लिया है और वह जंगल में पड़ा है. पत्नी तत्काल परिजनों को जानकारी दी. सूचना मिलते ही परिजन कोटगहना जंगल पहुंचे और आरक्षक देवस राम को गंभीर हालत में देख तत्काल उसे राजपुर चिकित्सालय पहुंचाया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने आरक्षक को मेडिकल कालेज चिकित्सालय रेफर कर दिया. यहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बताया कि आत्महत्या करने का कारण अभी ज्ञात नहीं है. मामले की जांच की जा रही है.

बेटे को पेट्रोल डाल आग लगाने वाले माता–पिता, भाई गिरफ्तार

जशपुर. जमीन बिक्री में हिस्से की राशि मांगने पर हुए परिवारिक विवाद में पिता ने अपने ही बेटे पर पेट्रोल डाल आग लगाकर जान से मारने की कोशिश की. इस कोशिश में मां और भाई ने भी साथ दिया. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है.

नारायणपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर में रहने वाली 25 वर्षीय प्रार्थियां कामना भगत पति कोशल राम ने नारायणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसके ससुर शिवशंकर यादव द्वारा दो वर्ष पूर्व जमीन बिक्री किया गया था, जिसमें उसके पति कौशल यादव उम्र 30 वर्ष द्वारा अपने हिस्से की मांग जाती थी. जिससे क्षुब्ध होकर उसके ससुर शिव शंकर यादव, सास चन्द्रमुनी भगत एवं देवर अंकुश भगत एक राय होकर गाली–गलौज कर उसके पति के साथ मारपीट किए हैं.

शिवशंकर यादव ने अपने ही बेटे कोशल यादव को जान से मारने की नियत से उसके ऊपर पेट्रोल छिड़क कर माचिस जलाकर फेंक दी,जिससे वह गम्भीर रूप से झुलस गया. उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है.

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर को 126 करोड़ से अधिक की सौगात

जशपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के पोड़ी में 126 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया. कार्यक्रम में 88 करोड़ की लागत के 59 नए कार्यों का भूमिपूजन और 38 करोड़ की 82 परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ.

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 88 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 59 विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन संपन्न किया. साथ ही, 38 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके 82 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया गया. इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, भवन विकास, सामुदायिक सुविधाएं और बुनियादी ढांचे से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं.