Bilaspur News Update : बिलासपुर. भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने बोर्ड परीक्षा शुल्क वृद्धि के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के नाम ज्ञापन सौंपा. जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 10वीं-12वीं के परीक्षा शुल्क में की गई बढ़ोतरी को छात्र-विरोधी बताया गया. जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह ने कहा कि सरकार शिक्षा को सुलभ बनाने के बजाय छात्रों पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है. मंडल के आदेश के अनुसार नियमित परीक्षा शुल्क करीब 460 रुपए से बढ़ाकर लगभग 800 रुपए और आवेदन शुल्क 80 रुपए से बढ़ाकर 150 रुपए कर दिया गया है. कुल मिलाकर लगभग 22 प्रकार के शुल्कों में वृद्धि से अभिभावकों और विद्यार्थियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा, खासकर ग्रामीण व मध्यमवर्गीय परिवारों पर इसका असर अधिक होगा.

एनएसयूआई के प्रदेश सचिव रंजेश सिंह ने कहा कि शुल्क वृद्धि तत्काल वापस नहीं ली गई तो संगठन छात्रहित में प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा को महंगा बनाकर सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है. एनएसयूआई ने मांग की है कि सभी बढ़े हुए शुल्क तत्काल कम किए जाएं, अन्यथा आंदोलन तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन की होगी.

ज्ञापन देने के दौरान एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव विकास सिंह ठाकुर, प्रदेश महासचिव अर्पित केसरवानी, संयुक्त प्रदेश महासचिव अभिलाष रजक, प्रदेश सचिव लोकेश नायक, तखतपुर विधानसभा अध्यक्ष प्रियांशु डहरिया, युवा कांग्रेस जिला महासचिव भूपेंद्र साहू, जिला महासचिव शुभम जायसवाल, जिला महासचिव शिवांश पाठक, जिला महासचिव प्रवीण साहू, जिला महासचिव राजा साहू, विपिन साहू, उमेश पटेल, पुष्कर पाल, राज नायक, आकाश सिंह आदि एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

28 फरवरी तक सभी उपार्जन केंद्रों से धान उठाव के निर्देश

रायगढ़. कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिला कलेक्टर सभा कक्ष में समय सीमा की बैठक में कामकाज की गहन समीक्षा की. इस दौरान कलेक्टर में 28 फरवरी तक सभी उपार्जन केंद्रों से धान का पूर्ण उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. साथ ही उठाव के अनुपात में चावल को नागरिक आपूर्ति निगम में शीघ्र जमा करवाने के भी निर्देश दिए. प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं शहरी के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शेष आवासों की स्वीकृति हेतु तत्काल प्रस्ताव राज्य शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान नामांतरण खाता विभाजन सीमांकन अभिलेख दुरुस्ती,लैंड बैंक का भौतिक सत्यापन जल्दी करने के निर्देश दिए है.

नाबालिग से छेड़छाड़ मामले में 2 गिरफ्तार

रायगढ़. घर घुसकर नाबालिग से छेड़खानी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई  करते हुए कुछ ही घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड भेज दिया है. महिला थाना में पीड़िता की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 फरवरी की रात्रि 11:30 बजे गांव का रोहन उरांव और पवन कुमार मिंज घर के पीछे से उनके मकान में घुसकर सो रही नाबालिग बालिका से गलत नीयत से छेड़खानी करने लगे. बालिका के चिल्लाने पर परिजन जाग गए और आस– पास के लोग भी मौके पर पहुंच गए. जिन्हें देखकर आरोपी छिप गए. पड़ोसियों द्वारा पकड़ने का प्रयास करने आरोपी हाथ छुड़ाकर जंगल की ओर भाग गए. रिपोर्ट पास महिला थाना में धारा 331(4),74,75(2),3(5) बीएनएस 8 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया.

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों में दबिश दी गई. जल्द ही दोनों आरोपियों रोहन उरांव पिता दिलबंधु उरांव उम्र 20 वर्ष एवं पवन कुमार मिंज पिता स्व. जोहन मिंज उम्र 25 वर्ष,दोनों निवासी उर्दना थाना सिटी कोतवाली जिला रायगढ़ को गिरफ्तार कर जेल दाखिल करवाया गया है.

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत होगी भर्ती

बिलासपुर. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संविदा के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए 28 फरवरी 2026 तक रात्रि 12 बजे तक ऑनलाईन आवेदन मंगाये गये है. इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार एएनएम, फिजियोथेरेपिस्ट, फॉर्मासिस्ट, डेंटल असिस्टेंट, नर्सिंग ऑफिसर, स्टाफ नर्स, एमपीडब्ल्यू, काउंसलर, फीडिंग डेमोनस्ट्रेटर, टीबीएसव्ही, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर, ब्लॉक डाटा मैनेजर, सेक्रेटियल असिस्टेंट, एकाउंटेंट, चतुर्थ श्रेणी, क्लीनर, आया बाई, हाउसकीपिंग स्टाफ, अटेंडेंट, कुक जैसे विभिन्न संविदों पदों पर जिले की वेबसाईट http://bilaspur.gov.in के माध्यम से ऑनलाईन आवेदन कर सकते है. ऑनलाईन आवेदन, नियम व शर्ते जिले की वेबसाईट में देखा, भरा या डाउनलोड किया जा सकता है. 

खमरिया–सोंठी–नवापारा मार्ग के उन्नयन की प्रक्रिया तेज

बिलासपुर. जिला बिलासपुर के बहुप्रतीक्षित खमरिया–सोंठी–नवापारा मार्ग (लंबाई 12.00 कि.मी.) के उन्नयन कार्य को लेकर सकारात्मक प्रगति हुई है. वित्तीय वर्ष 2025–26 के बजट में शामिल 25.37 करोड़ के इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का विस्तृत प्राक्कलन तैयार कर सचिव, छत्तीसगढ़ शासन, लोक निर्माण विभाग, नया रायपुर को प्रेषित कर दिया गया है.

लोक निर्माण विभाग के ईई सीएस विंध्यराज ने बताया कि मंत्रालय स्तर पर आवश्यक तकनीकी सुधार एवं औपचारिकताओं की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है. इस संबंध में उप अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी को मंत्रालय स्तर पर बुला कर आवश्यक संशोधन कराए गए, जिसके बाद प्रकरण अब प्रशासकीय स्वीकृति जारी होने के अंतिम चरण में पहुंच गया है. इस मार्ग के निर्माण/उन्नयन से क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों एवं दैनिक आवागमन करने वाले नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा. सड़क की स्थिति बेहतर होने से परिवहन सुगम होगा, कृषि उपज के परिवहन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस सकारात्मक प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शीघ्र प्रशासकीय स्वीकृति जारी होने की अपेक्षा जताई है. स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारंभ होने का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा.

पान दुकान बना हुक्का बार, संचालक गिरफ्तार

रायगढ़. रायगढ़ की कोतवाली और सायबर थाना की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस की पान एवं कॉस्मेटिक दुकान में हुक्का पिलाने वाले संचालक पर कार्रवाई  की है. 15 फरवरी की शाम कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रेलवे स्टेशन के पास स्थित शंकर पान एवं कॉस्मेटिक दुकान में संदेहास्पद गतिविधियां संचालित हो रहीं हैं. सूचना पर पहुंची पुलिस को सार्वजनिक रूप से युवक–युवतियों को हुक्का पिलाते हुए दुकान संचालक मिला. जिस पर दुकान संचालक गिरीश भाटिया पिता विजय भाटिया उम्र 36 वर्ष निवासी पक्की खोली चक्रधरनगर रायगढ़ को गिरफ्तार कर हुक्का पॉट,फ्लेवर युक्त तंबाकू जप्त कर कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की है.

बोड़सरा रेल अंडरब्रिज 8 दिनों तक रहेगा बंद

बिलासपुर. बिलासपुर रेल मंडल क्षेत्राधिकार के अंतर्गत रेलवे अंडरब्रिज में लोगों को बेहतर सड़क आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने हेतु रेल प्रशासन प्रतिबद्ध है. इसी क्रम में रेलवे प्रशासन द्वारा जांजगीर नैला-अकलतरा स्टेशनों के मध्य बोड़सरा गांव में स्थित अंडरब्रिज (एलएसएस-347) को दिनांक 19 फरवरी (गुरुवार) प्रातः 08 बजे से 26 फरवरी 2026 (गुरुवार) शाम 06 बजे तक पूर्णतः बंद करआवश्यक मरम्मत कार्य करने का निर्णय लिया गया है. इसके फलस्वरूप यह अंडरब्रिज दिनांक 19 फरवरी (गुरुवार) प्रातः 08 बजे से 26 फरवरी 2026 (गुरुवार) शाम 06 बजे तक पूर्णतः बंद रहेगा. इस अवधि में आमजनों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में समपार संख्या 348 (कापन फाटक) एवं कन्हाईबंद अंडरब्रिज (एलएचएस-346) पर बने रोड का उपयोग किया जा सकता है.

कच्ची महुआ शराब के साथ युवक गिरफ्तार

बिलासपुर. रतनपुर पुलिस ने ग्राम जाली से एक युवक को 30 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी अनिल कुमार नेताम से जब्त शराब की कीमत 6,000 रुपए आंकी गई. आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत की जा रही कार्रवाई.