अविनाश श्रीवास्तव/ सासाराम। बिहार के रोहतास जिले के चेनारी स्थित रामदुलारी हाई स्कूल के प्रांगण में ‘गुप्ता धाम महोत्सव’ का रंगारंग आयोजन किया गया। पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में भोजपुरी जगत के दिग्गज कलाकारों का जमावड़ा लगा। सुपरस्टार अरविंद अकेला कल्लू, अंकुश-राजा, गायिका शिवानी सिंह और हर्षप्रीत कौर ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से देर रात तक दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कलाकारों ने भगवान शिव के भजनों और लोकगीतों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
बेकाबू हुई भीड़, मचा हड़कंप
कार्यक्रम के अंतिम चरण में दर्शकों का उत्साह उस समय हंगामे में बदल गया जब भीड़ अचानक बेकाबू हो गई। अव्यवस्था इतनी बढ़ी कि लोगों ने कार्यक्रम स्थल पर रखी 200 से अधिक कुर्सियां तोड़ डालीं। इसके बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। हालांकि, जिला प्रशासन ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल
महोत्सव का उद्घाटन पूर्व मंत्री सह विधायक मुरारी प्रसाद गौतम, विधान पार्षद निवेदिता सिंह, उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडे और सासाराम एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। अधिकारियों ने बताया कि इस भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य गुप्तेश्वर महादेव शिवालय (गुप्ता धाम) का प्रचार-प्रसार करना है। इस क्षेत्र में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलेगी। भारी भीड़ ने यह साबित कर दिया कि श्रद्धालुओं और दर्शकों में इस महोत्सव को लेकर जबरदस्त उत्साह है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


