कुंदन कुमार/ पटना। बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री अशोक चौधरी ने हाल ही में आयोजित एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी होनी ही चाहिए।
युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़
अशोक चौधरी ने कांग्रेस की समझ पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्षी दल को यह एहसास ही नहीं है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) युवाओं के भविष्य के लिए कितना महत्वपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोग देश के विकास और युवाओं के स्वर्णिम भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उनके अनुसार, एआई समिट जैसे आयोजन तकनीक के इस दौर में बेहद जरूरी हैं ताकि देश की नई पीढ़ी वैश्विक बदलावों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सके।
वैश्विक मंच पर देश की छवि का सवाल
मंत्री ने चिंता जताई कि आज के दौर में भारत की हर घटना की चर्चा पूरी दुनिया में होती है। ऐसे में समिट के दौरान हंगामा करने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की किरकिरी होती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, कांग्रेस के लोग प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करते-करते अब देश का विरोध करने लगे हैं, जो कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
कॉमनवेल्थ गेम बनाम एआई समिट
एक सवाल के जवाब में चौधरी ने अतीत की तुलना करते हुए कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स का समय और परिस्थितियां कुछ और थीं, लेकिन आज समय बदल चुका है। आज का युग तकनीक का है। युवाओं को एआई से अवगत कराना राष्ट्र निर्माण का हिस्सा है। उन्होंने दोहराया कि राजनीतिक रंजिश के लिए देश की प्रगति को रोकना किसी भी नजरिए से सही नहीं है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


