कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। बिहार में होली के त्योहार को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में मुजफ्फरपुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर शराब तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप बरामद की है।

मोतीपुर: जमीन के नीचे छिपी थी 1013 लीटर शराब
पहली बड़ी कार्रवाई मोतीपुर थाना क्षेत्र के बथनाहा बसवारी में हुई। यहां तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए शराब को जमीन के अंदर छिपा रखा था। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने मिट्टी खोदकर 1013 लीटर विदेशी शराब बरामद की। हालांकि, इस दौरान तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

अहियापुर: दो ऑटो से 38 पेटी शराब बरामद, दो तस्कर दबोचे गए
दूसरी कार्रवाई अहियापुर थाना क्षेत्र के दादर के पास हुई। यहां पुलिस ने दो संदिग्ध ऑटो को रोककर तलाशी ली, जिसमें से 38 पेटी विदेशी शराब मिली। इस कार्रवाई के दौरान सीडीपीओ नगर-2 विनीत सिन्हा स्वयं मौके पर मौजूद रहीं। पुलिस ने घटनास्थल से मुजफ्फरपुर निवासी राजा कुमार और वैशाली के राजन कुमार को गिरफ्तार किया है। साथ ही, तस्करी में प्रयुक्त दोनों ऑटो को भी जब्त कर लिया गया है।
एसएसपी की चेतावनी
एसएसपी कांतेश मिश्रा ने बताया कि होली के मद्देनजर शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए विशेष टीम सक्रिय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब की आवक रोकने के लिए सीमाओं और स्थानीय इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है। फिलहाल मोतीपुर और अहियापुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


