Bilaspur News Update : बिलासपुर। बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में साइबर ठगों ने आईडीएफसी बैंक के एक कर्मी को अपना शिकार बना लिया। लोन डिपार्टमेंट में पदस्थ कर्मी के खाते से लंच ब्रेक के दौरान मात्र 20 मिनट में 2 लाख रुपए पार कर दिए। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित के पास संबंधित बैंक का क्रेडिट कार्ड तक नहीं था, फिर भी राशि क्रेडिट कार्ड बिल पेमेंट के नाम पर कट गई।

अशोकनगर खमतराई निवासी प्रार्थी राजाराम साहू के अनुसार, 14 जनवरी को उनके दोस्त कामता प्रसाद कश्यप ने अपना लोन क्लोज करने इंडसइंड बैंक खाते में 2 लाख रुपए कैश ट्रांसफर किए थे। उस समय राजाराम लंच पर थे। करीब 20 मिनट बाद शाम 4:36 बजे जब उन्होंने लोन की प्रक्रिया पूरी करने मोबाइल पे चेक किया, तो खाते से 1,98,000 रुपए किसी ने क्रेडिट कार्ड बिल पेमेंट में ट्रांसफर कर दिए। इसके तुरंत बाद आकाश कुमार नामक व्यक्ति के खाते में 2,000 रुपए डेबिट हुए। राजाराम ने कभी भी क्रेडिट कार्ड नहीं बनवाया, फिर यह ट्रांजेक्शन कैसे हुआ, यह उनके लिए समझ से बाहर है। पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने साइबर ठग के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने साइबर सेल से तकनीकी प्रतिवेदन मांगा है और संबंधित खातों को होल्ड करने के लिए रिक्वेस्ट भेज दी है। प्राथमिक जांच में ठगी की पुष्टि होने के बाद पुलिस अब उस क्रेडिट कार्ड और बैंक खाते की पूरी जानकारी जुटा रही है।
हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले पर एफआईआर
बिलासपुर। बिलासपुर हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले अज्ञात आरोपियों पर बीएनएस और आईटी एक्ट समेत आधा दर्जन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। धमकी देने के मामले में साइबर सेल ने जांच भी शुरू कर दी है। देश भर में धमकी मिलने के बाद से पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। यह धमकी सभी जगहों पर डिजिटल माध्यम से आ रही है। अब साइबर सेल की टीम धमकी देने वाले के आईपी एड्रेस को ट्रैक करने का प्रयास कर रही है। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत सरकारी काम को रोकना, देश की संप्रभुता को खतरा, लोक सेवक को धमकी, आपराधिक धमकी और सार्वजनिक शांति भंग करने की अफवाह के साथ आईटी एक्ट की धारा 66(सी) के तहत मामला दर्ज किया है।
खेत गिरवी के नाम पर तीन लाख की ठगी
जांजगीर-चांपा। खेत गिरवी रखने के नाम पर तीन लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपित को मुलमुला पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपित ने जमीन गिरवी रखने का इकरारनामा कर रकम ली, लेकिन बाद में भूमि किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी। पुलिस के अनुसार मस्तुरी जिला बिलासपुर निवासी भूरी बाई कुर्रे ने थाना मुलमुला में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बहन सुकवारा बाई, निवासी ग्राम कोसा, के माध्यम से जानकारी मिली थी कि गांव का एक व्यक्ति घरेलू खर्च के लिए अपनी निजी भूमि गिरवी रखना चाहता है। इसी पर भरोसा कर प्रार्थिया ने ग्राम कोसा निवासी राजालाल बर्मन (36 वर्ष) की 1.829 हेक्टेयर भूमि 26 फरवरी 2024 को पामगढ़ तहसील में 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर नोटरी इकरारनामा के माध्यम से गिरवी ली और तीन लाख रुपये नगद दिए। अनुबंध के अनुसार रकम वापसी तक प्रार्थिया की भूमि पर खेती करती रही। कुछ समय बाद दोबारा बुवाई के मौसम में आरोपी ने न तो रकम लौटाई और न ही खेत में बोआई करने दी। जानकारी लेने पर पता चला कि आरोपी ने उक्त भूमि बिना सूचना दिए किसी अन्य व्यक्ति को रजिस्ट्री कर बेच दी है। पैसा वापस मांगने पर वह टालमटोल करने लगा और धमकी भी दी। रिपोर्ट पर थाना मुलमुला में अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया।
अपर कलेक्टर ने पंडरभट्ठा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
मुंगेली। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर एवं हेल्थ ओआईसी जी.एल. यादव ने मुंगेली विकासखंड अंतर्गत पंडरभट्ठा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सालय परिसर की साफ-सफाई, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाएं, दवा वितरण व्यवस्था तथा स्टॉक रजिस्टर एवं पंजी का गहन अवलोकन किया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर आवश्यक दवाएं एवं उपचार उपलब्ध हों।
अपर कलेक्टर ने प्रसव कक्ष, जनरल वार्ड, महिला वार्ड एवं दवा भंडार कक्ष का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज सहित स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
पुरी और पुणे के मध्य एक फेरे के लिए स्पेशल ट्रेन का परिचालन
बिलासपुर। रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने तथा उन्हे सुगम, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुरी और पुणे के मध्य एक फेरे के लिए स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है | इस गाड़ी का वाणिज्यिक ठहराव दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, एवं गोंदिया स्टेशनों पर दिया गया है।
गाड़ी संख्या 08405 पुरी–पुणे स्पेशल ट्रेन 27 फरवरी (शुक्रवार) 2026 को पुरी से 06.00 बजे रवाना होगी तथा खुर्दा रोड आगमन 06.45 बजे, प्रस्थान 06.50 बजे, भुवनेश्वर आगमन 07.15 बजे, प्रस्थान 07.20 बजे, कटक आगमन 07.50 बजे, प्रस्थान 07.55 बजे, ढेंकानाल आगमन 08.45 बजे, प्रस्थान 08.47 बजे, तालचेर रोड आगमन 09.30 बजे, प्रस्थान 09.32 बजे, अनुगुल आगमन 09.55 बजे, प्रस्थान 09.57 बजे, संबलपुर सिटी आगमन 12.20 बजे, प्रस्थान 12.25 बजे, झारसुगुड़ा रोड आगमन 13.30 बजे, प्रस्थान 13.35 बजे, रायगढ़ आगमन 15.13 बजे, प्रस्थान 15.15 बजे, बिलासपुर आगमन 18.15 बजे, प्रस्थान 18.25 बजे, रायपुर आगमन 20.05 बजे, प्रस्थान 20.10 बजे, दुर्ग आगमन 21.05 बजे, प्रस्थान 21.10 बजे, गोंदिया आगमन 23.04 बजे, प्रस्थान 23.06 बजे तथा दूसरे दिन नागपुर आगमन 01.10 बजे, प्रस्थान 01.15 बजे, वर्धा आगमन 02.10 बजे, प्रस्थान 02.12 बजे, बडनेरा आगमन 03.15 बजे, प्रस्थान 03.18 बजे, भुसावल आगमन 06.15 बजे, प्रस्थान 06.20 बजे, मनमाड़ आगमन 09.05 बजे, प्रस्थान 09.10 बजे, कोपरगांव आगमन 10.20 बजे, प्रस्थान 10.22 बजे, अहिल्यानगर आगमन 12.10 बजे, प्रस्थान 12.13 बजे, दौंड आगमन 14.58 बजे, प्रस्थान 15.00 बजे होते हुए 16.50 बजे पुणे स्टेशन पहुंचेगी।
गलत नामों से मजदूरी निकालने का उठा विधानसभा में मुद्दा
बिलासपुर। आवास मजदूरी में 2151 दिन की मजदूरी में गड़बड़ी करते हुए गलत नामों से 5.17 लाख रुपए की मजदूरी निकाले जाने का मामला कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने विधानसभा में उठाया। मस्टर रोल फर्जीवाड़ा का मामला सामने आने के बाद अब बाकी जगह भी आवास योजना में लाखों की मजदूरी की हेराफेरी होने की आशंका जताई जा रही है।
कोटा विधायक श्रीवास्तव ने विधानसभा के प्रश्नकाल में आवास योजना के तहत मजदूरी भुगतान में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। उन्होंने कोटा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामों में मजदूरी भुगतान में गड़बड़ी और इस पर की गई कार्रवाई की जानकारी मांगी थी। प्रश्न के जवाब में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि जांच में मस्टर रोल में गलत तरीके से हाजिरी दर्ज कर भुगतान किए जाने की पुष्टि हुई है। ग्राम कुंवारीमुड़ा में 2151 दिनों की मजदूरी जो करीब 5.17 लाख रुपए है,अन्य व्यक्तियों के नाम से दर्ज कर गबन किया गया है। इस मामले में तत्कालीन ग्राम रोजगार सहायक से राशि वसूली की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि ग्राम सेमरा में प्राप्त शिकायत की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विधायक श्रीवास्तव ने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से गरीब ग्रामीणों की आवास मजदूरी में लगातार गबन हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां-जहां आवास निर्माण हो रहा है, वहां एक चैनल बनाकर मजदूरी राशि निकाली जा रही है। ग्रामीणों को मजदूरी भुगतान की जानकारी तक नहीं मिलती और फर्जी मस्टर रोल के जरिए भुगतान हो जाता है।
विधायक ने मांग की कि आवास योजना के मजदूरी भुगतान की व्यापक जांच कराई जाए। उनका कहना है कि यदि पंचायत स्तर पर जांच हो, तो कई स्थानों पर इसी तरह के मामले सामने आएंगे।
लापरवाही पर ग्राम पंचायत उलखर का सचिव निलंबित
सारंगढ़। सारंगढ़ जिला पंचायत सारंगढ़-बिलाईगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी इंद्रजीत बर्मन ने प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत सचिव प्रभुनाथ कर्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई प्रधानमंत्री आवास योजना में लापरवाही बरतने, समीक्षा बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने और शासकीय राशि के उपयोग में अनियमितता पाए जाने पर की गई है। जानकारी के अनुसार 24 फरवरी को प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा बैठक आयोजित थी, जिसमें सचिव बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहे। इसके अलावा गौण खनिज मद की पुलिया निर्माण राशि 3 लाख रुपए आहरित करने के बाद समय पर ग्राम पंचायत खाते में जमा नहीं की गई। इस संबंध में पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन सचिव द्वारा तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इस पर सचिव के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


