Bilaspur News Update: बिलासपुर। होली पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने 2, 3, 5 और 6 मार्च को (4 मार्च को छोड़कर) दुर्ग-रायगढ़-दुर्ग के बीच होली मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन नंबर 08834/08833 दुर्ग से सुबह 10:30 बजे रवाना होकर दोपहर 3:10 बजे बिलासपुर पहुंचेगी और शाम 6 :50 बजे रायगढ़ पहुंचेगी। 10 मिनट ठहराव के बाद शाम 7:00 बजे दुर्ग के लिए रवाना होकर रात 1:45 बजे दुर्ग पहुंचेगी। यह ट्रेन मार्ग के सभी निर्धारित स्टेशनों पर ठहरेगी।

इसी प्रकार भारतीय रेल द्वारा हटिया-एलटीटी-हटिया के मध्य होली स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। ट्रेन नंबर 08609 हटिया-एलटीटी 2 व 9 मार्च (सोमवार) को हटिया से शाम 4:20 बजे रवाना होकर अगले दिन 1:15 बजे बिलासपुर पहुंचेगी और आगे चलकर बुधवार को 12:40 बजे एलटीटी पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 08610 एलटीटी-हटिया 4 व 11 मार्च (बुधवार) को सुबह 5 बजे एलटीटी से रवाना होकर अगले दिन 7:45 बजे बिलासपुर पहुंचेगी तथा शाम 6 बजे हटिया पहुंचेगी।
इन स्पेशल ट्रेनों में कुल 22 कोच लगाए गए हैं, जिनमें एसएलआरडी, जनरल, स्लीपर, एसी-III, एसी-III इकोनॉमी, एसी-II तथा जनरेटर कार शामिल हैं। ट्रेनें राउरकेला, झारसुगुड़ा, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, नागपुर, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे सहित निर्धारित स्टेशनों पर ठहरेंगी।
हैवेंस पार्क गैंगवार मामले में हिस्ट्रीशीटर मैडी समेत 13 को 7-7 साल की सजा
बिलासपुर। तीन साल पहले तारबाहर थाना क्षेत्र के हैवेंस पार्क के सामने हुए गैंगवॉर के मामले में हिस्ट्रीशीटर मैडी और उसके 12 अन्य साथियों को हत्या के प्रयास की धारा 307 के तहत सात-सात साल की सजा सुनाई है। हैवंस पार्क होटल के सामने 7 मई 2023 को आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से चकरभाठा में रहने वाले भास्कर वर्मा पर जानलेवा हमला किया था। पुलिस ने इस मामले में सिद्धार्थ शर्मा, फरीद अहमद, रितेश निखारे उर्फ मैडी समेत 13 लोगों के खिलाफ तारबाहर थाने में अपराध दर्ज किया था। विवेचना के उपरांत पुलिस ने अनुसूचित जाति– जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की अदालत में 13 आरोपियों के खिलाफ चालान प्रस्तुत किया था।
न्यायालय ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि आरोपियों ने संगठित होकर जानलेवा हमले की साजिश रची थी। अदालत ने सभी 13 आरोपियों को हत्या के प्रयास में 7 साल की सजा और दो हजार रुपए के जुर्माना राशि से दंडित किया है। हालांकि, पर्याप्त साक्ष्यों के अभाव में न्यायालय ने आरोपियों को अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराओं से दोषमुक्त कर दिया है।
सजा पाने वाले 13 आरोपियों के नाम
दोषी करार दिए गए लोगों में सिद्धार्थ शर्मा उर्फ छोटू, फरीद अहमद उर्फ सोनू, आयुष मराठा, एम. वरुण, निकेत शर्मा, काव्य गढ़ेवाल, रूपेश दुबे, आदित्य प्रकाश दुबे, सोनू माली, मोहम्मद साबिर, विकास वैष्णव, विराज सिंह ध्रुव और रितेश निखारे उर्फ मैडी शामिल हैं।
मंथन में शहर विकास पर सुझाव, अमर बोले- संवाद से तय होंगे नए आयाम
बिलासपुर। बिलासपुर शहर की प्रगति और समग्र विकास को लेकर नगर विधायक अमर अग्रवाल ने फेसबुक लाइव संवाद कार्यक्रम ‘मंथन’ की शुरुआत की है। इसके दूसरे संस्करण में शनिवार को उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुझावों और विचारों पर चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य बिलासपुर को प्रदेश का अग्रणी और आदर्श शहर बनाना है। लाइव सत्र में सैकड़ों नागरिक जुड़े, जबकि 15 लोगों ने सीधे विधायक के समक्ष अपने सुझाव रखे। सीमा चतुर्वेदी ने बाल सुरक्षा एवं शिक्षा निगरानी समिति के गठन का सुझाव दिया। डॉ. मोनिका पाठक ने शहर को स्वस्थ बनाने के लिए नेचुरोपैथी सुविधाओं से युक्त एक उत्कृष्ट योग केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। वहीं रश्मि गुप्ता ने अरपा नदी के नाम पर गरिमामय लोकमहोत्सव आयोजित करने की बात कही। इसके अलावा सामाजिक सरोकार, लोकसंस्कृति, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर भी नागरिकों ने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। विधायक अग्रवाल ने सभी सुझावों की सराहना करते हुए उन्हें गंभीरता से लागू करने की दिशा में पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने शहर में चल रहे जनहितकारी कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि ‘मंथन’ जनप्रतिनिधि और जनता के बीच संवाद का सशक्त सेतु है, जो शहर के विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
घर की परछी में बना रही थी कच्ची शराब, महिला आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। पुलिस ने ग्राम घुटकू में दबिश देकर एक महिला को घर की परछी में अवैध रूप से महुआ शराब बनाते गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से भारी मात्रा में कच्ची शराब और निर्माण सामग्री जब्त की गई है।
कोनी पुलिस को सूचना मिली कि स्टेशन पारा, घुटकू निवासी केशर लोनिया (32) अपने घर की परछी में हाथ भट्टी के जरिए कच्ची महुआ शराब बना रही है। कोनी पुलिस ने टीम गठित कर गवाहों के साथ घेराबंदी की। छापे के दौरान पुलिस को मौके से 15-15 लीटर के दो प्लास्टिक डिब्बों में कच्ची शराब और शराब बनाने की दो एल्युमीनियम डेचकी मिली। जब्त शराब और सामान की कुल कीमत करीब 3 हजार रुपए है। पुलिस ने महिला के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज करने के बाद रिमांड पर जेल भेजा है।
कलेक्टर एवं एसएसपी का जिला जेल रायगढ़ में आकस्मिक निरीक्षण
रायगढ़। जिला जेल रायगढ़ का शनिवार को कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने संयुक्त रूप से आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंध, भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा सेवाएं तथा बंदियों को उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का विस्तार से अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों का भ्रमण कर बंदियों से सीधे संवाद स्थापित किया। बंदियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, अधिवक्ता से मुलाकात की व्यवस्था तथा निःशुल्क कानूनी सहायता से जुड़े विषय अधिकारियों के समक्ष रखे गए। कलेक्टर एवं एसएसपी ने सभी बिंदुओं पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के क्रम में पूर्व में आयोजित वृहद स्वास्थ्य शिविर की जानकारी भी ली गई। शिविर के दौरान नेत्र रोग से पीड़ित बंदियों को चश्मों का वितरण किया गया था। साथ ही अस्वस्थ बंदियों को फल वितरित कर स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील पहल का परिचय दिया गया। अधिकारियों ने चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल दिया।
जेल परिसर में उपस्थित बंदियों के परिजनों से भी चर्चा की गई। परिजनों ने मुलाकात व्यवस्था को सहज बनाने तथा प्रतीक्षा अवधि घटाने का आग्रह किया। इस पर अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को और व्यवस्थित एवं सुचारू बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
ऑर्डर लेकर आ रहे वीडियोग्राफर की सड़क हादसे में मौत
कोरबा। मुड़ापार बाइपास मार्ग में तेज रफ्तार ट्रेलर के चालक ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार युवक सड़क पर जा गिरा। उसे रौंदते हुए ट्रेलर का चालक भाग निकला। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस ने दुर्घटनाकारित वाहन को जब्त कर लिया है।
घटना शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात लगभग 12.30 बजे घटित हुई। बताया जा रहा है कि सीएसईबी पुलिस चौकी अन्तर्गत अप्पू गार्डन के पीछे विभागीय आवास में संगीता श्रीवास निवास करती हैं। उनका 21 वर्षीय पुत्र गौरव श्रीवास विभिन्न समारोह में वीडियो व फोटोग्राफी का काम करता था। वह देर शाम किसी विवाह कार्यक्रम के लिए वीडियोग्राफी का ऑर्डर लेने के नाम पर घर से निकला। उसने अपने दोस्त से बाइक की मांग की। वह बाइक में सवार होकर ऑर्डर लेने के लिए रवाना हो गया। गौरव वीडियोग्राफी का ऑर्डर लेकर मुड़ापार बाइपास मार्ग से लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर के चालक ने बाइक को चपेट में ले लिया। ट्रेलर का ठोकर लगते ही गौरव सड़क पर जा गिरा। जिससे वह पहिया के नीचे आ गया। हादसे में गौरव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर चालक वाहन सहित फरार हो गया। यह खबर मिलते ही मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर अपनी टीम के साथ घटना स्थल पहुंचे। उन्होंने शव को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल के मयूरी में शिफ्ट करा दिया। इसके साथ ही दुर्घटनाकारित वाहन की पतासाजी शुरू की गई। पुलिस ने कुछ ही घंटे के भीतर वाहन को जब्त कर लिया है, जबकि चालक फरार है। मामले में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत मृतक के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
आदतन गुंडे को एक वर्ष के लिए किया गया जिला बदर
जांजगीर-चांपा। जिले के थाना मुलमुला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसा निवासी आदतन बदमाश को एक वर्ष के लिए जिला बदर किया गया है। गोरी उर्फ रोहित कुमार बर्मन (40 वर्ष) के विरुद्ध जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने पर पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की गई है। जिला दंडाधिकारी जांजगीर-चांपा ने 11 नवंबर 2025 को आरोपी को एक वर्ष की अवधि के लिए जांजगीर-चांपा जिले सहित समीपवर्ती जिलों-शक्ति, रायगढ़, सारंगढ़, बिलासपुर एवं बलौदा बाजार की राजस्व सीमाओं से जिला बदर किया था। इसके बावजूद पुलिस को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी आदतन बदमाश बिना वैध अनुमति के अपने गृह ग्राम कोसा में छिपकर रह रहा है तथा ग्रामीणों को डरा- धमका रहा है कि सूचना पर मुलमुला पुलिस द्वारा अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना कार्यवाही में लिया गया था। बदमाश के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध होने से अपने सकुनत से फरार था जिसकी लगातार पातासाजी की जा रही थी जिसको मुखबिर सूचना से पकड़ा गया। गोरी उर्फ रोहित कुमार बर्मन के विरुद्ध छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत मामला पंजीबद्ध था। एक वर्ष की अवधि के लिए जांजगीर-चांपा जिले सहित समीपवर्ती जिलों- सक्ती, रायगढ़, सारंगढ़, बिलासपुर एवं बलौदाबाजार की राजस्व सीमाओं से जिला बदर किया था।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


