Bihar Rajya Sabha Elections: बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो चुकी है। बिहार की 5 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है। चुनाव से पहले संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। चर्चा यह भी है कि बीजेपी इस बार पवन सिंह को राज्यसभा भेजने का विचार कर रही है।

पवन सिंह को राज्यसभा भेजे जाने की अटकलों के बीच खेसारी लाल यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। मीडिया से बातचीत में खेसारी लाल यादव ने कहा कि, उन्हें बधाई। जाएं, बेहतर काम करें। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, मैं जहां हूं बहुत खुश हूं और मुझे यहीं रहना है।

गौरतलब है कि पावर स्टार पवन सिंह ने बीते गुरुवार (26 फरवरी) को दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की थी। पवन सिंह और नितिन नबीन की मुलाकात इसलिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि इस समय राज्यसभा चुनाव को लेकर उम्मीदवारों के नाम पर मंथन चल रहा है।

नितिन नबीन से मुलाकात के बाद पवन सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, मैंने सिर्फ उनसे आशीर्वाद लिया, शिष्टाचार मुलाकात की। वहीं, राज्यसभा भेजे जाने के सवाल पर कहा कि, मैं पार्टी का सिपाही हूं, मालिक जो चाहेंगे वही होगा। पवन सिंह ने भले ही इसे शिष्टाचार मुलाकात बता रहे हो लेकिन सियासी गलियों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं।

बता दें कि इस बार पवन सिंह को बीजेपी कोटे से राज्यसभा भेजे जाने की चर्चा है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान या घोषणा नहीं की गई है। गौरतलब है कि पवन सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी के लिए जमकर प्रचार-प्रसार किया था।

इससे पहले लोकसभा चुनाव 2024 में उन्हें बीजेपी ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल सीट से टिकट दिया था। हालांकि टिकट मिलते ही उनके भोजपुरी गाने को लेकर विवाद उठने लगा, जिसके बाद पवन सिंह टिकट वापस कर दिया था। वहीं, अब कहा जा रहा है कि बीजेपी अब पवन सिंह को सीधे राज्यसभा भेज सकती है।

ये भी पढ़ें- ‘बिहार में शराबबंदी सफल नहीं’, जदयू सांसद का बड़ा बयान, बोले- मैं शुर से इसके पक्ष में नहीं, यदि हट जाए तो…