पटना। राजधानी के जक्कनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मीठापुर बाईपास पर पुलिस ने रविवार को राहगीरों के साथ लूटपाट करने वाले एक कुख्यात ऑटो लिफ्टर गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गैंग के तीन सदस्यों को दबोच लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है। इनके पास से लूट के 800 रू., एक मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल ऑटो और डराने के लिए इस्तेमाल किया गया ‘गन लाइटर’ बरामद किया गया है।

​ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

​पूर्वी एसपी परिचय कुमार के मुताबिक, रविवार को एक यात्री दानापुर से ऑटो पकड़कर मीठापुर की ओर जा रहा था। मीठापुर फ्लाईओवर के पास ऑटो में पहले से सवार चार बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर यात्री से उसका मोबाइल और 6,300 रू.लूट लिए। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि जिस ‘पिस्तौल’ के दम पर यात्री को डराया गया था, वह दरअसल एक गन लाइटर था।

​पकड़े गए अपराधियों की पहचान

​गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विक्की कुमार, विकास कुमार और छोटू कुमार के रूप में हुई है। ये सभी पटना के ही रहने वाले हैं और इनका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस फिलहाल गैंग के चौथे सदस्य की तलाश में छापेमारी कर रही है।

​भीड़ का फायदा उठाकर बिछाते थे जाल

​पुलिस की शुरुआती जांच में इस गैंग के काम करने का तरीका सामने आया है। यह गैंग भीड़भाड़ वाले इलाकों में ऑटो लेकर खड़ा रहता था। ऑटो में गैंग के कुछ सदस्य पहले से ही ‘सवारी’ बनकर बैठे रहते थे। जैसे ही कोई अनजान यात्री बैठता, उसे सुनसान रास्ते या फ्लाईओवर पर ले जाकर लूट लिया जाता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों का पता लगाने में जुटी है।