Bilaspur News Update : बिलासपुर। शिक्षा विभाग के कोटा ब्लॉक में आर्थिक गड़बड़ी का मामला सामने आया है। तत्कालीन और वर्तमान बीईओ ने यहां पदस्थ चपरासी को डीडीओ यानि आहरण एवं संवितरण अधिकारी का अधिकार सौंप दिया। इसका फायदा उठाते हुए चपरासी ने पिछले 15 महीनों के भीतर अपने बैंक खाते में वेतन के नाम पर 29 लाख 62 हजार 322 रुपए की अतिरिक्त राशि जमा करा ली। आरोपी भृत्य ही पिछले 10-15 वर्षों से वेतन बिल बनाने का काम कर रहा था। मामले में संचालनालय कोष, लेखा एवं पेंशन ने बिलासपुर के वरिष्ठ कोषालय अधिकारी को जांच के आदेश दिए थे। जांच में गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने एक से अधिक आरोपियों के खिलाफ वित्तीय अनियमितता, दस्तावेजों से छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं के तहत जुर्म दर्ज किया है।

कोटा बीईओ कार्यालय में पदस्थ देवेन्द्र कुमार पालके वेतन बनाने वाली यानी मेकर आईडी से वेतन बनाता था। मूलतः वह भृत्य है। वह अधिकारियों की चेकर आईडी और डिजिटल सिग्नेचर का भी उपयोग कर रहा था। नियमों के अनुसार बिलों का सत्यापन आहरण एवं संवितरण अधिकारी को करना था, लेकिन कोटा बीईओ कार्यालय में चपरासी ही खुद बिल बनाता और खुद ही उसे पास कर कोषालय भेज देता था। संचालनालय कोष एवं लेखा व पेंशन ने जब डेटा का रैंडम परीक्षण किया तो पता चला कि एक चपरासी के वेतन में असामान्य वृद्धि हुई है। जांच में पता चला कि सितंबर 2024 से फरवरी 2025 के बीच आरोपी ने 25.04 लाख रुपए अतिरिक्त निकाले। मार्च 2025 से नवंबर 2025 के बीच फिर से 4.57 लाख रुपए निकाले गए। कई महीनों में तो चपरासी ने अपने खाते में 4.95 लाख रुपए तक की राशि ट्रांसफर की।
रिकॉर्ड में हेराफेरी का खुलासा
चपरासी ने चोरी पकड़े जाने के डर से कैश बुक और बिल रजिस्टर में पुरानी कम राशि की एंट्री कीं, जबकि बैंक खाते में बड़ी रकम ट्रांसफर की। यहां तक कि वह अपना फार्म- 16 भी खुद ही बना लेता था, जिसे कभी कार्यालय में जमा ही नहीं किया गया।
दो अलग-अलग मामलों में सात मवेशी तस्कर गिरफ्तार
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत थाना घरघोड़ा एवं लैलूंगा पुलिस ने अलग-अलग दो बड़ी कार्रवाइयों में कुल 7 मवेशी तस्करों को गिरफ्तार किया है।
थाना घरघोड़ा की कार्रवाई
दो मार्च पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कुडूमकेला क्षेत्र में दो पिकअप वाहनों (CG-13-AK-5603 एवं CG-13-AQ-7900) में 10 गौवंश को रस्सियों से बांधकर बिना चारा-पानी के अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा है।
पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश देकर 5 आरोपियों
आत्माराम चौहान, शंभुसाय पैंकरा (जशपुर), संतोष कुमार राठिया, विजय कुमार मांझी एवं बुधराम राठिया (जिला रायगढ़) — को हिरासत में लिया गया।
आरोपियों से 10 नग बैल, 10 रस्सियां एवं परिवहन में प्रयुक्त दो महिन्द्रा पिकअप वाहन जब्त किए गए। पशु चिकित्सक से परीक्षण उपरांत मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 75/2026 धारा 4, 6, 10, 11 छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
लैलूंगा पुलिस की सतत कार्रवाई
3 मार्च को होली ड्यूटी के दौरान पेट्रोलिंग करते समय थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव को सूचना मिली कि दो व्यक्ति तोलमा-जरलापारा के कच्चे मार्ग से 8 गौवंश को मारते-पीटते उड़ीसा ले जा रहे हैं।
तत्काल घेराबंदी कर आरोपी — गोपी यादव (45 वर्ष) एवं सुकरू लकड़ा — को हिरासत में लिया गया। उनके कब्जे से 8 नग गौवंश (कीमत लगभग 1,20,000 रुपये) जब्त किए गए।
आरोपियों के विरुद्ध धारा 4, 6, 10 छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर रिमांड पर भेजा गया।
छात्रा ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा किसी को परेशान न करें
कोरबा। पुलिस लाइन में उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा 11वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका अपनी मां के साथ पुलिस कर्मी मामा के घर रहती थी। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया तो एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें अंग्रेजी के अक्षरों में सॉरी, किसी को परेशान न करें का जिक्र किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि जिला पुलिस में रजपाल सिंह कंवर आरक्षक के पद पर पदस्थ है। उसकी तैनाती बांकीमोंगरा थाने में है। उसके साथ पुलिस लाइन स्थित आवास में उसकी बहन व भांजी सांची कंवर रहती थी। सांची एक निजी विद्यालय में कक्षा 11 वीं की पढ़ाई कर रही थी। प्रतिदिन की तरह सोमवार को घर के सदस्य अपने अपने काम के सिलसिले में गए हुए थे। घर में छात्रा अकेली थी। उसने अपने कमरे में पंखे की हुक से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन घर पहुंचे तो घटना का खुलासा हुआ। छात्रा की खुदकुशी की खबर मिलते ही पुलिस लाइन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस घटना स्थल पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया तो सुसाइड नोट बरामद हो गया। फंदे पर लटक रही छात्रा के कान में ईयरफोन लगा हुआ था। संभावना जताई जा रही है कि आत्मघाती कदम उठाते समय मृतिका किसी से बातचीत की होगी। बहरहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मार्ग बाधित करने और पुलिस गाड़ी पर पथराव करने वाले पांच गिरफ्तार
जांजगीर। रास्ता बाधित करने और पुलिस गाड़ी पर पथराव करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीन– चार मार्च की दरमियानी रात लगभग 02:00 बजे थाना नवागढ़ की पेट्रोलिंग पार्टी ग्राम राछाभाटा से सेमरा-बुढ़ेना की ओर पेट्रोलिंग कर रही थी। ग्राम बुढ़ेना में कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मुख्य मार्ग पर लकड़ी एवं पत्थर रखकर आवागमन बाधित किया गया था। पुलिस पार्टी द्वारा मार्ग से अवरोध हटाया जा रहा था, तभी छिपे हुए व्यक्तियों द्वारा पुलिस के शासकीय वाहनों पर पत्थर फेंके गए, जिससे दोनों वाहनों के सामने एवं पीछे के शीशे टूट गए।
घटना के पश्चात आरोपी मौके से भागने लगे, जिनमें से कुछ को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पत्थरबाजी कर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाना एवं शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करना स्वीकार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- अनीश यादव, पिता शिवदयाल यादव, उम्र 19 वर्ष
- साहिल यादव, पिता केशव यादव, उम्र 21 वर्ष
- राज कश्यप, पिता लोकेश कश्यप, उम्र 19 वर्ष
- सुखराम कश्यप, पिता अशोक कश्यप, उम्र 22 वर्ष
- परमेश्वर यादव, पिता रामलाल यादव, उम्र 22 वर्ष
सभी निवासी ग्राम बूढ़ेना, थाना नवागढ़।
अवैध शराब पर शिकंजा, दो गांवों से 2 आरोपी गिरफ्तार, 85 लीटर शराब जब्त
बिलासपुर। बिलासपुर जिले की रतनपुर थाना पुलिस ने होली के दौरान दो अलग-अलग गांवों में कार्यवाही करते हुए 85 लीटर अवैध शराब को जब्त किया है। इसके साथ ही दो आरोपी ही गिरफ्तार किए गए हैं।
मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के बाद थाना स्तर पर दो अलग-अलग टीम बनाई गईं। पहली टीम ने खैरखुण्डी में लक्की प्रसाद प्रजापति के घर की बाड़ी में छापा मारा, जहां से 60 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। दूसरी टीम ने रिंगवार में शिवशंकर धनवार के घर से 25 लीटर शराब जब्त की। दोनों मामलों में कुल 17 हजार रुपये कीमत की शराब पुलिस ने कब्जे में ली और आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

