Surguja News Update: जशपुर। जशपुर में 28 फरवरी को 24 किलो गांजा के साथ शहर के दो युवक पकड़े गए थे। इन युवकों ने पुलिस को बताया कि उन्हें गांजा ओडिशा से नहीं, बल्कि तपकरा थाने से मिला है। आरक्षक अमित त्रिपाठी और धीरेंद्र मधुकर से गांजा मिलने की बात आरोपियों ने बयान में दी थी। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरक्षकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

इससे पहले तपकरा पुलिस ने से 26 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर लवाकेरा बैरियर पर नाकेबंदी कर कार से 67 किलो गांजा जब्त किया था। मामले में पुलिस ने कार सवार बिहार के वैशाली जिला अंतर्गत पातेपुर निवासी सुमन कुमार हिमांशु को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। जब्त गांजे की कीमत 33 लाख रुपए आंकी गई। कार्रवाई में शामिल दो आरक्षक अमित त्रिपाठी और धीरेंद्र मधुकर अब 2 मार्च को खुद अवैध गांजा बिक्री के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए हैं।

अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

कोरिया। कोरिया पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे के निर्देश पर होली पर्व के दौरान अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। सोनहत थाना क्षेत्र में पुलिस ने दबिश देकर मिलावटी अंग्रेजी शराब बनाते नीलेश कुशवाहा (28 वर्ष), निवासी ग्राम अमहर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मौके से करीब 9.5 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, लगभग 100 खाली बोतलें, विभिन्न कंपनियों के ढक्कन और मिलावट में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। जप्त सामग्री की कीमत लगभग 7,500 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, एक की मौत, चार घायल

बलरामपुर। होली के दिन तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक की मौत हो गई वही चार घायल हैं। मामला विजय नगर पुलिस चौकी क्षेत्र का है।

विजय नगर पुलिस चौकी क्षेत्र में। लावा–चुमरा मार्ग पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई,जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

स्कूल में मजदूरी करवाने का वीडियो वायरल होने पर जांच टीम गठित

सूरजपुर। सूरजपुर जिले के तिलसिंवा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में आरटीई के तहत पढ़ने वाले बच्चों से प्राचार्य ने मजदूरी करवाई। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में बच्चे सीमेंट का गारा–ईंट ले जाते दिख रहे हैं।

स्कूल की प्राचार्य पर आरोप है कि उन्होंने आरटीई के तहत पढ़ रहे बच्चों से स्कूल परिसर में मजदूरी और पुताई का काम करवाया। अभिभावकों की शिकायत के अनुसार बच्चों से स्कूल में सीमेंट, रेत ढुलवाने और कक्षाओं की पुताई जैसे काम कराए गए। शिकायत में बताया गया कि बच्चों ने काम करने से मना करने पर उन्हें स्कूल से निकालने की धमकी दी जाती थी। जब परिजन इस विषय पर बात करने स्कूल पहुंचे तो प्राचार्य विधु शर्मा ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। कहा कि आपके बच्चों को मुफ्त में बैग, किताबें और बिजली मिल रही है, आपका पैसा नहीं लगता, बाहर जाकर बात कीजिए। उन्होंने शिकायत में बताया कि प्राचार्य स्कूल की एक कक्षा का उपयोग अपने पति के साथ निवास के रूप में कर रही हैं। परिजनों ने बच्चों के काम करते हुए फोटो और वीडियो साक्ष्य के रूप में कलेक्टर को सौंपे।

वहीं मामले को मुख्यमंत्री सचिवालय ने संज्ञान में लिया है। घटना की जांच के लिए जांच टीम गठित की गई है। बता दे उक्त मामले को हाईकोर्ट ने भी संज्ञान में लेकर स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव से शपथ पत्र मांगा है।