अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। रोहतास पुलिस ने नेटवर्किंग कंपनी के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी रौशन कुमार कश्यप को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से सासाराम के शेरगंज का निवासी है, जिसे पुलिस ने गुड़गांव के सेक्टर-85 स्थित एक आलीशान फ्लैट से दबोचा।
10% मुनाफे और जमीन का झांसा
रौशन कुमार कश्यप ‘myadapool.net’ और ‘टीसीएल आडा’ जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए अपना जाल फैलाता था। उसने निवेशकों को हर महीने 10% मुनाफे का लालच दिया था। विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने यह भरोसा भी दिलाया था कि निवेश सुरक्षित न रहने पर वह अपनी जमीन या पूरी पूंजी वापस कर देगा। हालांकि, मुनाफे की जगह जब मूलधन लौटाने का समय आया, तो आरोपी फरार हो गया और उसके परिजनों ने पीड़ितों को धमकाना शुरू कर दिया।
सेमिनार और सिंडिकेट का खेल
ठगी को अंजाम देने के लिए आरोपी स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भव्य सेमिनार आयोजित करता था ताकि लोग झांसे में आ सकें। इस सिंडिकेट में रौशन की पत्नी अमृता कश्यप, भाई राकेश और राजू कश्यप समेत दिल्ली और गुड़गांव के अन्य साथी भी शामिल हैं। इन लोगों ने मिलकर सासाराम और आसपास के दर्जनों लोगों से 2 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का गबन किया है।
पुलिस की कार्रवाई और अपील
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। रोहतास पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अधिक मुनाफे वाली ऐसी किसी भी अनाधिकृत स्कीम या वेबसाइट के झांसे में न आएं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

