उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। जिले के राघव झुनझुनवाला ने यूपीएससी में AIR 4 हासिल कर शहर के साथ पूरे बिहार का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देने के लिए उनके घर पर लोगों का तांता लगा हुआ है। आज रविवार (8 मार्च) को कई जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य लोग राघव के घर पहुंचे और उन्हें सम्मानित करते हुए शुभकामनाएं दीं।

केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी, भाजपा नेता विवेक कुमार, पूर्व विधायक विजेंद्र चौधरी, उत्तर बिहार होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष जुनैद खान, वार्ड पार्षद केपी पप्पू, ड्रग एसोसिएशन के पदाधिकारी रंजन साहू और पूर्व विधायक केदार प्रसाद सहित कई लोग आज रविवार को राघव को बधाई देने पहुंचे। सभी ने कहा कि राघव ने सिर्फ मुजफ्फरपुर ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार का मान बढ़ाया है।

इस मौके पर परिवार के लोग भी मौजूद रहे। राघव के मामा अरुण चमड़िया, बड़े मामा ललित चमड़िया और नाना बेनी प्रसाद चमड़िया ने भी उन्हें आशीर्वाद दिया। आगंतुकों ने राघव को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया, बुके भेंट किए और मिठाई खिलाकर उनकी सफलता की खुशी साझा की।

राघव की शुरुआती पढ़ाई मुजफ्फरपुर के आदर्श विद्या मंदिर से हुई। इसके बाद उन्होंने डीसी और जीडी मदर स्कूल में भी पढ़ाई की। स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद वे दिल्ली चले गए, जहां उन्होंने श्री राम कॉलेज में इकोनॉमिक्स से ऑनर्स से इकोनॉमिक्स ऑनर्स किया। पढ़ाई के दौरान उनका प्रदर्शन इतना अच्छा रहा कि उन्हें इकोनॉमिक्स में गोल्ड मेडल भी मिला।

कॉलेज से पढ़ाई पूरी होने के बाद एक निजी कंपनी ने उन्हें करीब 30 लाख रुपये सालाना पैकेज पर नौकरी का प्रस्ताव दिया था। हालांकि राघव का लक्ष्य शुरू से ही यूपीएससी की परीक्षा पास करना था, इसलिए उन्होंने नौकरी का ऑफर ठुकरा दिया और तैयारी जारी रखी।

यूपीएससी की तैयारी के दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना भी करना पड़ा। पहली बार मेंस परीक्षा से ठीक पहले उन्हें डेंगू हो गया, जिस वजह से वे परीक्षा नहीं दे सके। लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और दोबारा तैयारी में जुट गए। तीसरे प्रयास में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक चार हासिल कर ली।

राघव की इस सफलता से उनके परिवार और शहर के लोगों में खुशी का माहौल है। मुजफ्फरपुर में लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- कैमूर में पशु तस्करों की दबंगई: मवेशियों से भरी गाड़ी रोकने पर तीन युवकों को बीच सड़क पर पीटा, डायल 112 पुलिस पर पैसे लेने का आरोप