Bihar Top News Today 08 march 2026: बिहार (BIHAR) में आज 08 मार्च को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

जदयू में शामिल हुए निशांत कुमार

बिहार की सत्ताधारी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) में रविवार को एक बड़ा बदलाव देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार औपचारिक रूप से राजनीति में शामिल हो गए हैं। उन्होंने पटना में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिसे आगामी चुनावों और पार्टी के भविष्य के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने निशांत को विधिवत पार्टी की सदस्यता दिलाई, जबकि पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने उन्हें जेडीयू का पारंपरिक गमछा पहनाकर स्वागत किया। पढ़ें पूरी खबर……..

सीएम नीतीश ने पटना को दी बड़ी सौगात

राजधानी में कला और इतिहास के दो बड़े केंद्रों- बिहार म्यूजियम और पटना म्यूजियम को जोड़ने के लिए अंडरग्राउंड टनल का काम आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार सुबह बिहार म्यूजियम पहुंचकर टनल बोरिंग मशीन (TBM) का बटन दबाया और इस महत्वाकांक्षी परियोजना की खुदाई का उद्घाटन किया। पढ़ें पूरी खबर…….

प्रेम-प्रसंग में दो बच्चों के पिता की हत्या

नालंदा जिले के पांकी गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां चचेरी बहन के साथ प्रेम प्रसंग के चलते 25 वर्षीय मणि कुमार की ईंटों से कूचकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक के भाई सन्नी कुमार का आरोप है कि आरोपियों ने इस हत्याकांड को केवल इसलिए अंजाम दिया ताकि उनकी बहन की इसी महीने होने वाली शादी में कोई बाधा न आए। ​मृतक मणि कुमार शादीशुदा था और दो बच्चों का पिता था, जो छपरा की एक फैक्ट्री में काम करता था। पढ़ें पूरी खबर……

खनन टीम पर जानलेवा हमला

छपरा शहर में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने गई प्रशासन की टीम पर बालू माफिया ने सरेआम हमला कर दिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दहियावां टोला स्थित जगदम कॉलेज रेलवे ढाला के पास 25 से 30 बाइक सवार अपराधियों ने खनन निरीक्षक प्रदीप कुमार की गाड़ी को घेरकर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला किया। इस हिंसक वारदात में ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गई हैं। पढ़ें पूरी खबर…….

भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में चाकूबाजी

मोतिहारी में जमीनी विवाद को लेकर हो रही पंचायती उस वक्त खूनी संघर्ष में बदल गई, जब दोनों पक्षों के बीच अचानक चाकूबाजी शुरू हो गई। इस हमले में चार लोग घायल हो गए, जिसमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पूरी घटना छतौनी थाना क्षेत्र के छोटा बरियारपुर की है। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पंचायत बैठी थी। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते चाकू निकल आए और एक-दूसरे पर हमला शुरू हो गया। पढ़ें पूरी खबर………

रोहिणी आचार्य ने सीएम नीतीश पर कसा तंज

निशांत कुमार के जदयू में शामिल होने पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने तीखा तंज कसा है। रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- चाचा जी … कहां विलुप्त हो गई दूसरों के संदर्भ में कही गई आपकी परिवारवाद वाली थोंथी दलील व बेतुकी थ्योरी? रोहिणी ने आगे लिखा- आपकी कथनी और करनी में हमेशा बड़ा फर्क रहा है। सच कहूं तो आप राजनीतिक व वैचारिक विरोधाभास की वो पराकाष्ठा रहे हैं, जिस पर सटीक बैठती है, ये कहावत “पर उपदेश कुशल बहुतेरे”। पढ़ें पूरी खबर…….

10 मार्च से ‘समृद्धि यात्रा’ पर मुख्यमंत्री नीतीश

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आगामी 10 मार्च से 13 मार्च तक कोसी और सीमांचल क्षेत्र के जिलों के सघन दौरे पर रहेंगे। इस ‘समृद्धि यात्रा’ का मुख्य केंद्र मधेपुरा जिला होगा, जहां मुख्यमंत्री तीन रातों तक प्रवास करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री मधेपुरा को अपना बेस कैंप बनाकर आसपास के सभी जिलों में विकास कार्यों का जायजा लेंगे और जनता से संवाद करेंगे। पढ़ें पूरी खबर………

पूर्व पैक्स अध्यक्ष का VIDEO वायरल

बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के बीच मोतिहारी से एक चौंकाने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मधुबन थाना क्षेत्र के तालिमपुर पंचायत के पूर्व पैक्स अध्यक्ष चन्नू साह अपने साथियों के साथ शराब की बोतल हाथ में लेकर हिंदी गानों पर जमकर डांस करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो दो से तीन दिन पुराना है और होली के मौके का है। पढ़ें पूरी खबर……..

ये भी पढ़ें- जदयू में शामिल होते ही पिता के पास पहुंचे निशांत, सीएम नीतीश को मिठाई खिलाकर लिया आशीर्वाद