उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। भारत के टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने पर जिले में दर्जनों जगह पर क्रिकेट प्रेमियों ने जश्न मनाया। मुख्य रूप से कल्याणी चौक पर जश्न मनाया गया, जहां पर क्रिकेट के खिलाड़ी क्रिकेट प्रेमी और क्रिकेट के कोच ढोल-ताशे पर झूमते और नाचते नजर आए।

कल्याणी चौक पर छोटी कल्याणी, केदारनाथ रोड, मोतीझील, हरीसभा चौक और जवाहरलाल रोड समेत आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। सभी ने एक साथ भारत की जीत की खुशी मनाई। इस दौरान लोगों ने तिरंगा लहराया, आतिशबाजी की और ढोल-ताशे की धुन पर जमकर नृत्य किया। लोगों ने भारतीय टीम के खिलाड़ियों का धन्यवाद देते हुए उनकी जीत पर गर्व जताया।

वहीं सरैयागंज टावर पर वार्ड पार्षद केपी पप्पू के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने भारत की जीत का जश्न मनाया। लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और टीम इंडिया की उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया। उधर केदारनाथ रोड पर सनातन सेवार्थ बिहार की ओर से भी जीत का जश्न मनाया गया। इस मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया, पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।

संस्था के बिहार संरक्षक प्रभात मालाकार ने कहा कि, यह नए भारत की पहचान है, जो हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह जीत भारतीय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। भारत ने लगातार टी-20, महिला और अंडर-19 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया है कि भारतीय खिलाड़ी किसी से कम नहीं हैं। इस मौके पर मनीष कुमार सोनी, राकेश तिवारी, रमण मिश्रा, प्रकाश कुमार, पवन महतो, प्रकाश किरण, जितेन्द्र कुमार, जिक्की, आशुतोष और प्रणय समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।

भारत ने 96 रनों से दर्ज की जीत

मैच की बात करे तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। भारत के लिए सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन (89) और अभिषेक शर्मा (52) ने रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। वहीं, इशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रनों की खेली। अंत में शिवम दुबे ने 8 गेंद में 26 रन बनाए।

256 का विशाल लक्ष्य हासिल करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। लगातार विकेट गिरने के कारण पूरी टीम 19 ओवर में 10 विकेट खोकर 159 रन ही बना सकी। टीम साइर्फट ने सबसे अधिक 52 रनों की पारी खेली। वहीं, कप्तान मिचेल स्टैनर ने 43 रन बनाए। इस तरह भारत ने 96 रनों से जीत हासिल करते हुए तीसरी बार टी-20 का विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया।

ये भी पढ़ें- मोतिहारी: AC लदे चलते ट्रक में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई अपनी जान, जलकर खाक हुआ वाहन