कुमार उत्तम/मुजफ्फरपुर। बिजली विभाग की चरम लापरवाही मासूम पशुओं पर भारी पड़ रही है। मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी प्रखंड अंतर्गत बसौली पंचायत के वार्ड संख्या-1 में पिछले छह महीने से जमीन पर बिखरा एलटी (LT) केबल किसी बड़ी अनहोनी को दावत दे रहा है। ग्रामीणों की बार-बार की शिकायतों के बावजूद विभाग कुंभकर्णी नींद में सोया है।
जमीन पर रेंग रहा 200 KVA का करंट
कदाने नदी के किनारे स्थापित 200 केवीए ट्रांसफार्मर से निकली एलटी लाइन का केबल पिछले 6 माह से जमीन पर पड़ा है। यह केबल क्षेत्र के करीब 250 से 300 उपभोक्ताओं को बिजली की आपूर्ति करता है। जमीन पर नंगे तार और केबल होने के कारण यह पूरा इलाका डेंजर जोन’श में तब्दील हो चुका है।

बेजुबानों की मौत
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस जानलेवा केबल की चपेट में आने से अब तक लगभग आधा दर्जन मवेशियों की तड़प-तड़प कर मौत हो चुकी है। पशुपालकों को भारी आर्थिक क्षति हुई है, लेकिन विभागीय अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। लोगों का कहना है कि वे कई बार पश्चिमी क्षेत्र के एसडीओ सतपाल सिंह और अन्य कर्मियों से गुहार लगा चुके हैं, मगर आश्वासन के सिवा कुछ हासिल नहीं हुआ।
ग्रामीणों में गहराता आक्रोश
कदाने नदी के पास होने के कारण यहां लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते केबल को ऊपर नहीं किया गया, तो पशुओं के बाद अब इंसानी जान पर खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। विभागीय सुस्ती किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

