अविनाश कुमार, रोहतास। बिहार समेत पूरे देश में जहां, एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। वहीं, जिले से गैस की कालाबाजारी और उसका गैरकानूनी तरीके से उपयोग करने का मामला सामने आया है। दरअसल जिला प्रशासन घरेलू गैस के व्यवसायिक उपयोग पर पूरी तरह से सख्ती बरत रही है। इसी को लेकर डेहरी एसडीएम निलेश कुमार ने इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के दो मिठाई दुकानों में छापेमारी की है, जहां से घरेलू गैस के 6 सिलेंडर बरामद किए गए हैं।

घरेलू गैस का व्यवसायिक उपयोग गैर-कानूनी

बता दें कि छापेमारी के दौरान एक मिठाई की दुकान से चार और एक मिल्क पार्लर की दुकान से दो घरेलू गैस बरामद किया गया। एसडीएम निलेश कुमार ने बताया कि, पहले ही निर्देश दिया गया है कि किसी भी हाल में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यवसायिक उपयोग नहीं किया जाना है। यह गैर-कानूनी है।

ऐसे लोगों पर होगी कार्रवाई

एसडीएम निलेश कुमार ने यह भी बताया कि, किसी का व्यवसाय प्रभावित नहीं हो, इसकी व्यवस्था की जा रही है। लेकिन किसी भी हाल में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर का उपयोग रेस्टोरेंट, होटलो आदि में नहीं किया जाना चाहिए। इसी की निगरानी के लिए वे लोग छापामारी कर रहे हैं तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

घंटों लाइन में लगने के बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर

सासाराम में भी रसोई गैस की कमी होने से लोगों को परेशानी बढ़ती दिख रही है। सुबह-सुबह गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जहां घंटों इंतजार के बाद भी कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कत बुजुर्ग और महिलाओं को हो रही है, जिन्हें लाइन में खड़े रहने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

भारत सरकार का क्या है कहना?

एक तरफ जहां देश भर में एलपीजी की किल्लत को लेकर लोगों में हाहाकार सा मचा हुआ है। वहीं, दूसरी तरफ भारत सरकार का कहना है कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी की आपूर्ति सुचारू रूप से हो रही है। सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच भी वैकल्पिक मार्गों से निर्बाध आयात भरोसा दिलाया है। साथ ही लोगों से घबराने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

ये भी पढ़ें- कैमूर में युवक की निर्मम हत्या: DJ का सट्टा लिखाने के बहाने बुलाकर घटना को दिया अंजाम, पिता ने भागकर बचाई अपनी जान