कुंदन कुमार, पटना। बिहार इस समय अपने गौरवशाली इतिहास का जश्न मना रहा है। बिहार दिवस के 114वें वर्षगांठ पर राजधानी पटना में का माहौल पूरी तरह उत्सवमय है। इस अवसर पर पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 22 मार्च से तीन दिवसीय राज्यस्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में शिरकत करने और अपने गानों पर लोगों को नचाने के लिए आज 23 मार्च को बॉलीवुड सिंगर शान भी पटना पहुंचे।

एक बिहार सौ पर भारी- शान

बॉलीवुड सिंगर शान आज बिहार दिवस के दूसरे दिन कार्यक्रम में परफॉर्म करेंगे। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि, आज बिहार में आने का मौका मिला है। बहुत धमाल करेंगे। बिहार के आने वाले साल अच्छा गुजरे इसके लिए वह कामना करते हैं।

शान ने कहा कि, बिहार के लोग आज उनके गानों पर झूमने वाले हैं। इस दौरान उन्होंने भोजपुरी में भी गाना गाने की बात कही। शान ने कहा कि, अब बिहार का वक्त आ गया है। एक बिहार सौ पर भारी। इस दौरान उन्होंने अपने पिता द्वारा कंपोज किए गए भोजपुरी गाने को भी गुनगुनाया।

सोना महापात्रा ने अपने गानों से किया मंत्रमुग्ध

बिहार दिवस के पहले दिन कल रविवार को बॉलीवुड की मशहूर सिंगर सोना महापात्रा ने एक के बाद एक शानदार प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में समां बांध दिया। सोना महापात्रा ने अपने सिग्नेचर सॉन्ग “रुपैया” से कार्यक्रम की शुरुआत की और इसके बाद “जिया लागे ना” गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति के दौरान सोना महापात्रा ने छठ पर्व को समर्पित गीत “उगहे सूरज देव, भईल भिनसारवा” गाकर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ थीम पर प्रदर्शन

इस साल का समारोह ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ थीम पर रखा गया है। इस दौरान प्रदेश की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सशक्तिकरण की झलक देखने को मिलेगी। इस दौरान बिहार की लोक संस्कृति, कला और परंपरा की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन को और खास बनाने के लिए बॉलीवुड के नामी गायकों को भी आमंत्रित किया गया है, जिनकी प्रस्तुति से शामें और भी यादगार बनाएगी।

1912 में बंगाल से अलग हुआ था बिहार

बता दें कि हर साल 22 मार्च को बिहार दिवस मनाया जाता है। आज ही के दिन 1912 में बंगाल से अलग होकर बिहार राज्य का गठन हुआ था। दिल्ली दरबार में किंग जॉर्ज पंचम ने 12 दिसंबर 1911 को इसकी घोषणा की थी, जिसके बाद से हर साल 22 मार्च को बिहार दिवस मनाया जाता है।

ये भी पढ़ें- बिहार के अगले CM को लेकर NDA में बनी सहमति, चिराग पासवान ने बताया कब और कैसे होगा नाम का ऐलान?