अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान के साथ जारी तनाव और वैश्विक संघर्षों पर ट्रंप प्रशासन के कड़े रुख को स्पष्ट किया है. वेंस ने ईरान को दो टूक लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ईरानी नेतृत्व ने साफ नीयत के साथ बातचीत में हिस्सा नहीं लिया, तो उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ खिलवाड़ करना भारी पड़ सकता है. उन्होंने बताया कि फिलहाल एक सीजफायर लागू है और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खोलने पर सहमति बनी है. हालांकि क्षेत्र में तनाव अभी भी बना हुआ है और हालात किसी भी वक्त बिगड़ सकते हैं.

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर उसने बातचीत में ईमानदारी नहीं दिखाई, तो राष्ट्रपति ट्रंप सख्त कदम उठा सकते हैं.

उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब ईरान-अमेरिका में हुए सीजफायर के बीच खाड़ी देशों में हमले जारी हैं. दरअसल, एक तरफ जहां बुडापेस्ट में कूटनीतिक चर्चाएं चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर खाड़ी क्षेत्र में तनाव फिर से बढ़ गया है.

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया है कि उसका एयर डिफेंस सिस्टम वर्तमान में गंभीर मिसाइल खतरे का सामना कर रहा है. इसके अलावा कुवैत ने भी ताजा हमले होने की बात कही है. यह घटनाक्रम सीजफायर की स्थिरता पर सवालिया निशान खड़े करते हैं.

हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में एक महत्वपूर्ण संबोधन के दौरान उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि वर्तमान में ईरान और अमेरिका के बीच एक सीजफायर कायम है. इस समझौते के आधार पर अमेरिका और उसके सहयोगी ईरान पर हमले रोकने के लिए सहमत हुए हैं. इसके बदले में, ईरान ने वैश्विक व्यापार के लिए सामरिक रूप से महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने पर सहमति जताई है.

जेडी वेंस ने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप ने स्वयं वेंस और अमेरिकी वार्ता दल को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे ईरान के साथ किसी ठोस समझौते तक पहुंचने के लिए पूरी निष्ठा और सद्भावना के साथ काम करें. राष्ट्रपति ने हमें इन साधनों का इस्तेमाल करने के बजाय बातचीत की मेज पर आने को कहा है. लेकिन अगर ईरान भी ऐसा नहीं करता, तो उसे पता चल जाएगा कि अमेरिका का राष्ट्रपति मजाक करने वालों में से नहीं है. 

उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि अगर ईरान ईमानदारी से हमारे साथ काम करने को तैयार है, तो मुझे लगता है कि हम एक समझौते तक पहुंच सकते हैं. लेकिन अगर वे झूठ बोलते हैं, धोखा देते हैं तो उन्हें इसके परिणाम अच्छे नहीं होंगे.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m