कुंदन कुमार, पटना। जनशक्ति जनता दल की ओर से आज बुधवार (8 अप्रैल) को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई, जिसमें पार्टी अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के अलावा कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। तेज प्रताप की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कई बड़े निर्णय लिए गए। बैठक में सभी 38 जिलों में प्रभारी की नियुक्ति की गई।

बिहार में लड़ेंगे परिवर्तन की लड़ाई- तेज प्रताप

इस मौके पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि, बिहार में 45 लोग की सशक्त टीम तैयार की गई है। इसमें युवा से लेकर के बुजुर्ग तक सभी लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि, बिहार में परिवर्तन की लड़ाई लड़ी जाएगी। आने वाले समय में बिहार में जो भी चुनाव होंगे हम लड़ेंगे।

हर जिले में 1 लाख सदस्य बनाना लक्ष्य

तेज प्रताप यादव ने कहा कि, वह पूरे बिहार में निकलेंगे और अलग-अलग कार्यक्रम में शामिल होंगे। आने वाले समय में हमारी सरकार बनेगी। जजद अध्यक्ष ने कहा कि, हम लोग क्षेत्र में जाएंगे और सभी जिलों में कार्यकर्ताओं को जोड़ने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि, हर जिले में एक लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। 38 जिलों में हमारे एक-एक लाख सदस्य होंगे।

‘निशांत राजनीति में जीरो बटा सन्नाटा’

वहीं, नीतीश कुमार के दिल्ली जाने के सवाल पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि, वह तो पहले ही मन बनाए हुए हैं। वही जदयू नेताओं द्वारा निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग पर उन्होंने कहा कि, अभी निशांत कुमार नए हैं, उन्हें एक्सपीरियंस बहुत कम है। वह अभी राजनीति में जीरो बटा सन्नाटा हैं, लेकिन नीतीश कुमार के बेटे को हम रिस्पेक्ट करते हैं। अभी उन्हें राजनीति सीखना चाहिए।

बोले- सम्राट चौधरी को मेरा सपोर्ट

वहीं, मुख्यमंत्री फेस को लेकर सम्राट चौधरी का नाम काफी तेजी से चल रहा है इस सवाल पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि, सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने मेरा सपोर्ट है। इस दौरान उन्होंने कहा कि, उनकी पार्टी जजद इस बार बंगाल चुनाव नहीं लड़ेगी। JJD बंगाल कमेटी ने तय किया है कि लोकल बॉडी के चुनाव से हम लोग शुरुआत करेंगे।

तेजस्वी को ऐसा नहीं बोलना चाहिए

वहीं, तेजस्वी यादव द्वारा केरल में बिहार को गरीब राज्य बताए जाने पर उन्होंने कहा कि, बिहार गरीब नहीं है। तेजस्वी यादव इस तरह का बयान देते हैं, तो यह ठीक नहीं है। उनको इस तरह के बयानों से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि, बिहार दिल का आमिर है।

तेजस्वी के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर कही ये बात

तेजस्वी यादव राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष बने हैं। चुनाव परिणाम को देखते हुए आपको क्या लगता है? इसपर तेज प्रताप यादव ने कहा कि, वह जाने की किस तरह से वह अपने दल को चलाएंगे। वह बच्चे नहीं है। वह समझ सकते हैं। बड़ा भाई JJD का राष्ट्रीय अध्यक्ष है, तो वह भी राष्ट्रीय जनता दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना चाहते होंगे।

शराबबंदी को लेकर कही ये बात

वहीं, शराबबंदी कानून पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि, शराबबंदी है कहां? जगह-जगह पर शराब मिल रहा है। खासकर महिला लोग को देखा जाए तो महिला इन दिनों सिगरेट पीते काफी नजर आ रही हैं। खासकर बोरिंग रोड इलाकों में…… हकीकत में तो शराब खुला हुआ है। संशोधन की बात पर कहा संशोधन क्या होता है? शराब तो माटी में गाड़ कर बेचा जा रहा है।

ये भी पढ़ें- ‘मुझे माफ कर देना मम्मी..’, कमरे में लटकता मिला कृषि पदाधिकारी का शव, परिजन बोले- गंदी नजर रखते थे सहकर्मी