भागलपुर। पुलिस जिला नवगछिया के बिहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनबरसा दियारा में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक 30 वर्षीय किसान का लहुलुहान शव उसके ही खेत में मिला। मृतक की पहचान शहजादपुर पंचायत के विशनपुर गांव निवासी दिलीप कुमार (पिता- भीम मंडल) के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में मातम और असमंजस का माहौल है।
सुबह परवल तोड़ने गया था किसान
परिजनों के अनुसार, दिलीप हर रोज की तरह सुबह करीब 9 बजे घर से अपने परवल के खेत की रखवाली और फसल तोड़ने के लिए निकला था। कुछ ही देर बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य किसानों को गोली चलने की जोरदार आवाज सुनाई दी। जब लोग भागकर मौके पर पहुंचे, तो दिलीप को खून से लथपथ जमीन पर पड़ा पाया। उसके सिर में गोली लगी थी। आनन-फानन में इसकी सूचना परिजनों और स्थानीय पुलिस को दी गई।
हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी कहानी
इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर दो तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। ग्रामीणों का एक गुट इसे आत्महत्या करार दे रहा है, जबकि कुछ लोग इसे सोची-समझी हत्या मान रहे हैं। मौके पर पहुंचे शहजादपुर पंचायत के सरपंच नीरज ने बताया कि युवक की मौत सिर में गोली लगने से हुई है, लेकिन असल परिस्थिति क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस टीम ने भागलपुर-नाथनगर के रास्ते दियारा पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की।
पुलिस का प्राथमिक अनुमान: सुसाइड
बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। इधर, जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

