प्रदीप मालवीय, उज्जैन। उज्जैन जिले के बड़नगर तहसील अंतर्गत ग्राम झालरिया में बोरवेल में गिरे 3 साल के मासूम का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। गुरुवार रात करीब 8-9 बजे हुए इस हादसे के बाद प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू एजेंसियां पूरी ताकत के साथ बच्चे को सकुशल बाहर निकालने में जुटी हैं।

एसपी प्रदीप शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि रात 9 बजे से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बच्चा अपने परिजनों के साथ क्षेत्र में भेड़ चराने आया था, इसी दौरान खेलते-खेलते खुले बोरवेल में झांकने के दौरान वह अंदर गिर गया। एसपी के अनुसार, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने बच्चे को करीब 75 फीट गहराई पर लोकेट किया है। बोरवेल के अंदर कैमरा और विशेष उपकरण डाले गए हैं, जिनकी मदद से बच्चे की लगातार निगरानी की जा रही है और उसे सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं।

ये भी पढ़ें: बड़ी खबर: उज्जैन के बड़नगर में 3 वर्षीय मासूम बोरवेल में गिरा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी; पूरा इलाका दुआ में जुटा

रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के लिए मौके पर 5 पोकलेन और जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। समानांतर रूप से बोरवेल के पास गड्ढा खोदकर टनल बनाने का काम भी तेजी से किया जा रहा है, ताकि वैकल्पिक रास्ते से बच्चे तक पहुंचा जा सके। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि मौके पर पुलिस बल और विभिन्न एजेंसियों की टीमें तैनात हैं और पूरे क्षेत्र को कॉर्डन ऑफ कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें: गैस की कालाबाजारी का खुलासाः इंडियन ऑयल डिपो से 350 सिलेंडर से भरे ट्रक में से हर टंकी से डेढ़ से ढाई किलो गैस गायब, 20 किमी की दूरी 13 घंटे में की तय

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे मौके पर भीड़ न लगाएं और रेस्क्यू कार्य में बाधा न बनें, ताकि मशीनों और उपकरणों का आवागमन सुचारू बना रहे। गौरतलब है कि भागीरथ (3) पिता प्रवीण देवासी, निवासी गुड़ानला (जिला पाली, राजस्थान) है, जो अपने परिवार के साथ पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में रुका हुआ था। फिलहाल प्रशासन का पूरा फोकस जल्द से जल्द बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने पर है और रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

कैसे हुआ हादसा

प्रशासन के अनुसार, बोरवेल पर पहले ढक्कन लगा हुआ था, लेकिन भेड़ों के चरने के दौरान ढक्कन हट गया, जिससे यह हादसा हो गया और खेलते समय मासूम उसमें गिर गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m