CG Morning News : रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राचीन ज्ञान परंपरा के संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है. उन्होंने कहा, हमारी पांडुलिपियां हमारी सभ्यता, संस्कृति और ज्ञान-वैभव का जीवंत प्रमाण हैं, जिन्हें सुरक्षित रखकर भावी पीढ़ियों तक पहुँचाना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है. केंद्र सरकार द्वारा प्रारंभ किया गया ‘ज्ञानभारतम राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण अभियान’ इस दिशा में एक दूरदर्शी और महत्वपूर्ण पहल है. यह अभियान देशभर में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों का सर्वेक्षण कर उन्हें सुरक्षित, संरक्षित और डिजिटल माध्यम से सुलभ बनाने का कार्य कर रहा है.

उन्होंने प्रदेश के नागरिकों से अपील करते हुए कहा, यदि उनके पास कोई प्राचीन पांडुलिपि, हस्तलिखित ग्रंथ या ताड़पत्र सुरक्षित हैं, तो वे ज्ञानभारतम मोबाइल एप पर उनका विवरण दर्ज कर इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनें. मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों का यह छोटा-सा प्रयास हमारी सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने में एक बड़ा योगदान सिद्ध होगा. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध ज्ञान परंपरा को नई पहचान मिलेगी और यह धरोहर आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रूप से पहुंच सकेगी. उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अपनी जड़ों को सहेजते हुए इस सांस्कृतिक अभियान में सहभागी बनें और ज्ञान की इस अमूल्य धरोहर को गर्व के साथ आगे बढ़ाएं.
7 जिलों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति जल्द
छत्तीसगढ़ के 33 जिलों में से 26 जिलों में जिला स्तरीय समिति का गठन और नोडल अधिकारी की नियुक्ति हो गई है, शेष 7 जिलों में गठन / नियुक्ति की कार्यवाही की जा रही है. जिलों में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित कर पाण्डुलिपि संग्रह कर्त्ता व्यक्तियों / संस्थाओं को चिन्हित किया जा रहा है, तथा ग्राम/क्षेत्रवार सर्वेक्षकों की नियुक्ति की जा रही है. प्रशिक्षकों को नोडल विभाग द्वारा ज्ञानभारतम के क्षेत्रीय संयोजकों के साथ मिलकर जिला स्तर पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है.
4191 पांडुलिपी का सर्वे
ज्ञानभारतम भारत सरकार से छत्तीसगढ़ में 148 पांडुलिपियों की जानकारी प्राप्त हुई थी. वर्तमान में छत्तीसगढ़ के 33 जिलों में से 6 जिलों में पाण्डुलिपि सर्वेक्षण का कार्य आरंभ हो गया है और अब तक 4191 पांडुलिपियों का सर्वे ज्ञानभारतम एप के माध्यम से किया जा चुका है.
रायपुर पुलिस कमिश्नर आज सोशल मीडिया पर आएंगे LIVE
रायपुर. पुलिस कमिश्नरेट एक नई पहल के तहत फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए जनता से सीधे संवाद चालू करने जा रहा है. इसकी शुरुआत पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला रविवार सुबह करेंगे. इस दौरान वे लोगों की समस्याएं, सवाल और सुझाव सुनेंगे और मौके पर ही उनका जवाब भी देंगे. इस पहल को पुलिस और जनता के बीच दूरी कम करने और शहर की जमीनी समस्याओं को तेजी से समझने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. यह लाइव संवाद रविवार सुबह 11 बजे पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के आधिकारिक फेसबुक और इंस्टाग्राम पेज पर आयोजित किया जाएगा.
एनएचएम संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक आज
रायपुर. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक 12 अप्रैल को आमापारा स्थित घासीदास प्लाजा में आयोजित की गई है. इसमें प्रदेश के सभी जिलों के अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मिलित होंगे. बैठक में संघ को मजबूत बनाने, ग्रेड पे निर्धारण, अनुकंपा नियुक्ति, स्थानांतरण नीति, नई मानव संसाधन नीति, वेतन विसंगति दूर करने समेत अन्य लंबित मांगों पर चर्चा कर कार्ययोजना तैयार की जाएगी. इसके अलावा अन्य राज्यों में एनएचएम कर्मचारियों को मिल रही सुविधाओं के आधार पर मांग को सुदृढ़ करने पर विस्तृत चर्चा की जाएगी.
IISER में दाखिला आवेदन 13 अप्रैल तक
रायपुर. विज्ञान के क्षेत्र में कॅरियर बनाने का सपना देख रहे छात्रों के लिए इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च में प्रवेश का शानदार अवसर है. आईआईएसईआर एप्टीट्यूड टेस्ट के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 13 अप्रैल निर्धारित है. इस परीक्षा के जरिए आईआईएसईआर बेरहामपुर, भोपाल, कोलकाता, मोहाली, पुणे, तिरुवनंतपुरम और आईआईएसईआर तिरुपति में दाखिला ले सकते हैं. आईएटी 2026 परीक्षा 7 जून को सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक होगी.
ऐसा विभाग नहीं है जहां बिना कमीशन के काम हो जाए : बैज
रायपुर. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा, साय सरकार में कोई ऐसा विभाग नहीं है जहां बिना कमीशन के काम हो जाए. सरकार का महिला एवं बाल विकास विभाग तो भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है. आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को छोटी साड़ी देकर सरकार ने भ्रष्टाचार की इंतहा को पार कर दिया. आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को 6.3 मीटर की जगह 5 मीटर और 4.5 मीटर से भी कम लंबाई और चौड़ाई एवं घाटिया साड़यां महिला एवं बाल विकास विभाग में वितरण किया गया है. उन्होंने कहा, जो साड़ी हथकरघा के बुनकरों से 500 रुपए में लेना था, वही साड़ी गुजरात से 100 रुपए में खरीद कर 500 रुपए की बिलिंग करवा ली गयी.
रायपुर में आज के कार्यक्रम
योग प्रशिक्षण शिविर
संगठन- भारतीय योग संस्थान छत्तीसगढ़ प्रांत
स्थान- सालासर धाम, वीआईपी रोड
फुंडहर के पास
समय- सुबह 5 बजे से.
व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण
प्रमुख वक्ता- वैभव तिवारी, हेड कार्पोरेट अफेयर्स
संस्थान- यूथ यूनिटी फॉर वालेन्ट्री एक्शन (युवा)
स्थान- सीएम हाउस के समीप सिविल
लाइन संस्थान के हॉल में
समय- सुबह 9 बजे से.
परिचय सम्मेलन
संगठन- शहर जिला धोबी समाज
स्थान- कबीर चौक रामनगर स्थित
सामुदायिक भवन में
समय प्रातः 10 बजे से.
संगोष्ठी
विषय- गिग मजदूरों का भविष्य
आयोजक- संस्था छग श्रम कल्याण मंडल
स्थान- चौबे कॉलोनी स्थित महाराष्ट्र मंडल भवन
समय- दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक.
स्थापना दिवस व काव्य गोष्ठी
संगठन- अंतरराष्ट्रीय विश्व मैत्री
मंच छत्तीसगढ़ इकाई
स्थान- वृंदावन हॉल सिविल लाइन
समय शाम 4 से रात्रि 8 बजे तक.
वार्षिक आमसभा
संगठन- कृष्ण मित्र फाउंडेशन
स्थान- सरजूबांधा श्मशान घाट परिसर टिकरापारा
समय- शाम 5 बजे से.
संगीत संध्या
संगठन- विकास म्यूजिक वर्ल्ड मायाराम सुरजन ऑडिटोरियम
स्थान-समय शाम 6 बजे से.
सिंधी तम्बोला
सिंधी भाषा दिवस पर आयोजन
संगठन- छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा
महापंचायत लेडीज विंग
स्थान- मैग्नेटो मॉल के पास होटल वुड कैस्टल
समय- शाम 6 बजे से.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

