KKR vs CSK A Major Blow for Ajinkya Rahane: भारत में इन दिनों आईपीएल 2026 की धूम है. अब तक 22 मैच हो चुके हैं. 19वें सीजन का 22वां मुकाबला सीएसके और केकेआर के बीच हुआ, जिसमें केकेआर को 32 रनों से हार मिली. इस हार के साथ ही 3 बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का सफर अब एक शर्मनाक मोड़ पर आ खड़ा हुआ है. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मंगलवार को मिली 32 रनों की करारी शिकस्त ने न केवल केकेआर की उम्मीदों को तोड़ा, बल्कि 19 साल के आईपीएल इतिहास में पहली बार टीम के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जिसे कोई भी फ्रेंचाइजी याद नहीं रखना चाहेगी.
आईपीएल 2026 के शुरुआती 5 मैचों में केकेआर एक भी जीत दर्ज करने में नाकाम रही है. यह पिछले 19 सालों में केकेआर का सबसे खराब आगाज है. इतना ही नहीं, कप्तान अजिंक्य रहाणे ने भी हार का एक ऐसा ‘शतक’ जड़ दिया है, जिसने उन्हें विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों वाली एक अनचाही लिस्ट में शामिल कर दिया है.
केकेआर के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड
केकेआर ने इस सीजन में अब तक 5 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 4 में उसे करारी हार मिली है, जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था. आईपीएल के 19 सालों में यह पहला मौका है जब कोलकाता की टीम शुरुआती पांच मैचों के बाद जीत का खाता खोलने में भी असफल रही है.
चेपॉक के मैदान पर चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 192 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में केकेआर की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर महज 160 रन ही बना सकी.
रहाणे को दोहरा झटका कैसे?
यह हार अजिंक्य रहाणे के लिए निजी तौर पर भी बहुत भारी रही. उन्हें दोहरा झटका लगा है. एक खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल में रहाणे की यह 100वीं हार थी. वह अब आईपीएल के ‘100 क्लब’ (हारने वाले खिलाड़ी) में शामिल हो गए हैं. इस लिस्ट में सबसे ऊपर विराट कोहली (131 हार) हैं.
रहाणे पर क्यों लगा जुर्माना?
मैच के बाद कप्तान रहाणे पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, क्योंकि उनकी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स स्लो ओवर रेट की दोषी पाई गई. आईपीएल में स्लो ओवर रेट को लेकर जुर्माना भुगतने वाले अजिंक्य रहाणे 5वें कप्तान हैं.
मैच का लेखा-जोखा
अगर मैच की बात करें तो चेन्नई ने 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 193 रन बनाए थे. इस टारगेट का पीछा करने उतरी केकेआर की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह (6 रन) और कैमरून ग्रीन (0) ने एक बार फिर निराश किया. चेन्नई के स्पिनर नूर अहमद ने कहर बरपाते हुए महज 21 रन देकर 3 विकेट चटकाए और केकेआर की कमर तोड़ दी. आखिर में रोवमैन पॉवेल (31) और रमनदीप सिंह (35) ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन वे हार का अंतर कम करने के अलावा कुछ नहीं कर सके.
इससे पहले चेन्नई की ओर से संजू सैमसन ने 32 गेंदों में 48 रनों की शानदार पारी खेली. युवा आयुष म्हात्रे ने भी महज 17 गेंदों में 38 रन कूटकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया. डेवाल्ड ब्रेविस के 41 रनों के योगदान ने यह सुनिश्चित किया कि चेन्नई एक मजबूत स्थिति में रहे.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

