नवोदित , कुरुक्षेत्र। जिले के इस्माइलाबाद क्षेत्र से लापता युवक का शव पांच दिन बाद नहर से बरामद हुआ है। यह शव अंबाला जिला के जनसूई हेड के पास नरवाना ब्रांच नहर (भाखड़ा) से मिला।

मृतक की पहचान खेड़ी शहीदां गांव निवासी 26 वर्षीय सागर कुमार के रूप में हुई है। सागर बाइक से चलने वाली रिक्शा-रेहड़ी चलाकर अपना गुजारा करता था। वह अविवाहित था, जबकि उसका छोटा भाई शादीशुदा है।

काम पर निकला, फिर नहीं लौटा

परिजनों के अनुसार, सागर 10 अप्रैल को घर से काम पर जाने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। उसी दिन उसकी आखिरी बार परिवार से बात हुई थी, जिसमें वह कुछ परेशान लग रहा था।

नहर के पास होने की दी थी जानकारी

सागर ने फोन पर बताया था कि वह नहर के पास है। इसके बाद उसने कॉल काट दी और फिर फोन नहीं उठाया। परिवार ने उसकी काफी तलाश की और झांसा, डल्ला माजरा समेत आसपास के नहर, नदी और तालाबों में खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

नहर किनारे मिली रेहड़ी, फिर मिला शव

तलाश के दौरान परिजन जनसूई हेड पहुंचे, जहां नहर के पास सागर की रिक्शा-रेहड़ी खड़ी मिली। इसके बाद पुलिस ने नहर में सर्च अभियान चलाया और हेड के पास से उसका शव बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, युवक की मौत डूबने से हुई है। मामले में इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।