Bihar Politics: सम्राट चौधरी के सीएम बनने पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने बिहार में बीजेपी का पहला मुख्यमंत्री बनने पर पप्पू यादव ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि, बीजेपी के बड़े नेताओं की पर्ची पर नीतीश कुमार की मर्जी भारी पड़ गई। पप्पू यादव ने यह भी कहा कि, सम्राट बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री जरूर बने हैं, लेकिन बीजेपी में अजीब सन्नाटा पसरा हुआ है।

बीजेपी में पसरा अजीब सन्नाटा- पप्पू यादव

सांसद पप्पू यादव ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, बिहार के नए CM और उनके सहयोगियों को शपथ एवं दायित्व ग्रहण की बहुत-बहुत बधाई! बिहार में BJP का पहले मुख्यमंत्री सम्राट जी बने हैं, पर BJP में अजीब सन्नाटा पसरा है! क्या नीतीश जी के कोटे से BJP के CM बने हैं? बीजेपी के सर्वोच्च नेताओं की पर्ची पर नीतीश जी की मर्जी भारी पड़ गई।

अब वे बिहार के सम्राट- मृत्युंजय तिवारी

वहीं, सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर राजद नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि, सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं, उन्हें ढेरों बधाई व शुभकामनाएं। वे बिहार के विकास के लिए काम करें, बिहार को आगे लेकर जाएं। केंद्र से बिहार को ज्यादा से ज्यादा सहयोग हो, बिहार को फायदा हो, उनके सामने जो चुनौतियां हैं वह कठिन है। बिहार के अब वे सम्राट हो गए हैं, उनके ऊपर जिम्मेदारियां हैं।

मृत्युंजय तिवारी ने आगे कहा कि, सम्राट चौधरी बिहार में राम राज्य कैसे स्थापित करेंगे इसपर सबकी नजर है। सबको पता है कि पहले वे किस पार्टी में थे, लेकिन वे आज बिहार के नए सम्राट हैं, भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने हैं तो अब उन्हें बिहार को देखना है क्योंकि जब कोई व्यक्ति मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठता है तो वह किसी पार्टी का नहीं होता, वह बिहार की जनता का प्रतिनिधित्व करता है, उन्हें बिहार के भविष्य के लिए काम करना है।

ये भी पढ़ें- ‘विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा बिहार’, सम्राट के सीएम बनने पर PM मोदी ने दी बधाई