चंडीगढ़। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने संगठनात्मक अनुशासन के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए हरियाणा के पांच विधायकों को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने इस कड़ी कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि इन विधायकों पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग बनी आधार
जानकारी के मुताबिक, संबंधित विधायकों ने हाल ही में खत्म हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ मतदान कर गंभीर अनुशासनहीनता का परिचय दिया था, जो कि संगठन के मर्यादा के खिलाफ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश अनुशासन समिति ने इनके निलंबन की सिफारिश की थी, जिसे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपनी स्वीकृति दे दी है।
इन विधायकों पर गिरी गाज
- शैली चौधरी (नारायणगढ़)
- रेणु बाला (सढौरा)
- सरदार जरनैल सिंह (रतिया)
- मोहम्मद इलियास (पुनहाना)
- मोहम्मद इजराइल (हथीन)
पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि: राव नरेंद्र सिंह
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि, पार्टी में अनुशासन से ऊपर कुछ भी नहीं है और किसी भी स्तर पर इसका उल्लंघन स्वीकार नहीं है। उन्होंने कहा कि यह फैसला सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए एक स्पष्ट चेतावनी है कि पार्टी के सामूहिक निर्णयों और अधिकृत रुख के खिलाफ जाने वाली किसी भी गतिविधि पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

