अनूप मिश्रा, बहराइच. उत्तर प्रदेश उत्तराखंड मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन (UPMSA) बहराइच यूनिट ने CITU और FMRAI के तत्वावधान में सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन रामजी पाठक अध्यक्ष यूपीएमएसए की अध्यक्षता में दिया गया. बहराइच यूनिट के सचिव अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे ठेका मजदूरों पर प्रशासन ने बर्बर कार्रवाई की. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने 400 से ज्यादा मजदूरों को हिरासत में लिया, जिनमें सेंट्रल इंडियन ट्रेड यूनियन के कई नेता भी शामिल थे.

संगठन का आरोप है कि ठेका मजदूरों से 10 से 12 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम कराया जाता है और उन्हें पीएफ, ग्रेच्युटी जैसी मूलभूत सुविधाएं तक नहीं दी जाती. इसी के विरोध में CITU और FMRAI ने बुधवार को पूरे देश में ‘राष्ट्रीय विरोध दिवस’ मनाया. ज्ञापन में मजदूरों के लिए न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये तय करने, 8 घंटे का कार्यदिवस लागू करने, डबल ओवरटाइम का भुगतान सुनिश्चित करने, कार्यस्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और ठेका मजदूरों के साथ समान व्यवहार करने की मांग की गई.

इसे भी पढ़ें : नोएडा हिंसा को लेकर संजय निषाद का बयान, कहा- मजदूरों के बीच घुसकर उन्हें भड़काने का काम कर रहे असामाजिक तत्व

इस मौके पर अध्यक्ष रामजी पाठक, सचिव तैयब अली, अविनाश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष जिशान रिजवी, कोषाध्यक्ष अमरेश कुमार, मेराज अहमद, सचिन त्रिपाठी, मंसूर अली खान, शैलेन्द्र श्रीवास्तव, पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, ए.के. पाण्डेय, अभिषेक सिंह, वसीम, सोनू तिवारी, मनीष वर्मा, अनिल कन्नौजिया, अंकुर मिश्रा, तौफीक अहमद सहित सैकड़ों सदस्य मौजूद रहे.