Sports Desk – KKR Playoff Scenario : आईपीएल में 10 टीमें हैं और प्लेऑफ के लिए 4 टीमें ही क्वालीफाई करेंगी. प्लेऑफ में पहुंचने के लिए किसी भी टीम के पास कम से कम 16 पॉइंट्स होना जरूरी है. आइए जानते हैं पहले 5 मैच हारने के बाद केकेआर कैसे प्लेऑफ में पहुंच सकती है.

KKR Playoffs Scenario: आईपीएल 2026 केकेआर के लिए अब तक बुरा सपना साबित हुआ है. वह पहले 6 में से 5 मैच हार चुकी है. एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था. मतलब इतने मैचों के बाद केकेआर को एक भी जीत नहीं मिली है. उसकी हालत ‘बिना पतवार की नाव’ जैसी हो गई है. 17 अप्रैल को उसे नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस ने 5 विकेट से हरा दिया. इस हार के साथ ही केकेआर ने एक ऐसा शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जो पिछले 19 सालों में कभी नहीं हुआ. यह पहली बार है कि केकेआर एक सीजन के शुरुआती 6 मैचों में एक भी जीत दर्ज नहीं कर पाई है.

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली इस टीम को लेकर अब फैंस यह सवाल पूछ रहे हैं कि क्या यहां से भी प्लेऑफ का रास्ता निकलता है? या उसका सफर पूरी तरह खत्म हो चुका है? इसका जवाब है कि केकेआर अभी प्लेऑफ की रेस में जिंदा है, लेकिन उसके लिए टॉप-4 की डगर बेहद मुश्किल हो चुकी है. अगर उसे प्लेऑफ में एंट्री चाहिए तो बड़ा चमत्कार करना होगा.

पॉइंट्स टेबल में केकेआर की स्थिति?

इस सीजन में 10 टीमें प्लेऑफ की 4 सीटों के लिए लड़ रही हैं. केकेआर ने अब तक 6 मैच खेले हैं, जिनमें से 5 में उसे हार मिली और एक मैच (पंजाब के खिलाफ) बारिश की भेंट चढ़ गया. मतलब उसके पास सिर्फ 1 पॉइंट है. वह पॉइंट्स टेबल में 10वें स्थान पर है. फिलहाल पंजाब किंग्स, आरसीबी, राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस टॉप-4 की रेस में सबसे आगे चल रही हैं, जबकि केकेआर और मुंबई इंडियंस सबसे पीछे हैं.

प्लेऑफ में KKR के लिए आखिरी रास्ता?

अब सवाल ये है कि आखिर यह टीम प्लेऑफ में कैसे जा सकती है, वह आखिरी रास्ता क्या है? तो जान लीजिए कि आईपीएल के फॉर्मेट के अनुसार, टॉप-4 में जगह पक्की करने के लिए कम से कम 16 अंक होना जरूरी माना जाता है.

8 में से 8 जीत जरूरी

केकेआर के अब कुल 8 मैच बाकी हैं. अगर टीम अपने बाकी बचे सभी 8 मैच जीत लेती है, तो उसके पास 17 पॉइंट्स (16 जीत से + 1 बारिश वाला पॉइंट) हो जाएंगे. यह स्कोर उसे प्लेऑफ का टिकट दिलाने के लिए पर्याप्त होगा.

एक भी हार मतलब सफर खत्म

अगर केकेआर एक भी और मैच हारती है, तो वह अधिकतम 15 पॉइंट्स तक ही पहुंच पाएगी. पिछले साल का इतिहास गवाह है कि दिल्ली कैपिटल्स 15 पॉइंट्स के साथ भी बाहर हो गई थी, यानी रहाणे की पलटन के लिए अब हर मैच ‘नॉकआउट’ है. यह काम बेहद मुश्किल है, लेकिन क्रिकेट में कुछ भी हो सकता है.

केकेआर के सामने क्या चुनौती है?

अब केकेआर के लिए प्लेऑफ तक का सफर बेहद कठिन है. मतलब रास्ता कांटों भरा हो चुका है, क्योंकि उसे आने वाले मैचों में राजस्थान, आरसीबी और दिल्ली जैसी इन-फॉर्म टीमों को न केवल हराना होगा, बल्कि पॉइंट्स टेबल में उन्हें नीचे भी धकेलना होगा. अगर केकेआर यहां से 8 मैच लगातार जीतती है, तो यह आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी वापसी मानी जाएगी. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या 3 बार की चैंपियन यह चमत्कार कर पाती है या नहीं.

IPL 2026 में केकेआर के बचे हुए मैचों का शेड्यूल

KKR vs राजस्थान रॉयल्स – 19 अप्रैल 2026, कोलकाता – 03:30 PM
KKR vs लखनऊ सुपर जायंट्स – 26 अप्रैल 2026, लखनऊ – 07:30 PM
KKR vs सनराइजर्स हैदराबाद – 03 मई 2026, हैदराबाद – 03:30 PM
KKR vs दिल्ली कैपिटल्स – 08 मई 2026, दिल्ली – 07:30 PM
KKR vs रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु – 13 मई 2026, रायपुर – 07:30 PM
KKR vs गुजरात टाइटंस – 16 मई 2026, कोलकाता – 07:30 PM
KKR vs मुंबई इंडियंस – 20 मई 2026, कोलकाता – 07:30 PM
KKR vs दिल्ली कैपिटल्स – 24 मई 2026, कोलकाता – समय तय नहीं