MP Morning News: शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश के सीएम डॉ मोहन यादव आज कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे ग्वालियर, मुरैना और लखनऊ के दौरे पर रहेंगे। जहां वे पार्टी की बैठकों और स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम रीवा जिले में करेंगे।

CM के आज के कार्यक्रम

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सुबह 09:30 बजे उज्जैन से भोपाल आएंगे। 11:00 बजे भोपाल के एमवीएम ग्राउंड में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 02:15 बजे भोपाल से ग्वालियर के लिए उड़ान भरेंगे। दोपहर 03:10 बजे मुरैना पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होंगे । 04:40 बजे ग्वालियर से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। जहां शाम को होने वाली अहम बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद रात 07:30 बजे लखनऊ से रीवा के लिए प्रस्थान करेंगे। सीएम आज सोमवार को रात्रि विश्राम रीवा में करेंगे।

बीजेपी का नारी शक्ति का महासंकल्प

नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन प्रस्ताव को संसद में पारित न किए जाने के विरोध में राजधानी भोपाल में जन आक्रोश महिला पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह पदयात्रा महिला सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान की रक्षा के संकल्प के साथ ऐतिहासिक रूप धारण करेगी। इस वृहद पदयात्रा में लगभग 25,000 महिला कार्यकर्ता, जनसमूह शामिल होकर अपनी एकजुटता और आक्रोश का प्रखर प्रदर्शन करेंगे। पदयात्रा एमवीएम कॉलेज ग्राउंड (पुरानी विधानसभा) से शुरू होकर रोशनपुरा चौराहे तक निकाली जाएगी, जहां नारी शक्ति की गर्जना पूरे प्रदेश में संदेश देगी। इसमें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, महिला मंत्री समेत कई दिग्गज शामिल होंगे।

23 अप्रैल को कांग्रेस का सत्याग्रह

एमपी कांग्रेस ‎किसानों को डिफाल्टर करने के विरोध में सत्याग्रह करेगी। ‎23 अप्रैल को कांग्रेस नेता दिनभर उपवास पर बैठेंगे। ‎कांग्रेस सेवादल के द्वारा किए जाने वाले इस सत्याग्रह में धरने पर बैठने वाले नेता दिनभर उपवास पर रहेंगे। रोशनपुरा चौराहे पर होने वाले इस धरने में प्रदेशभर से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भोपाल पहुंचेगे।

एमपी में सभी 3553 शराब दुकान नीलाम, निगम-मंडल नहीं बनेगा

मध्य प्रदेश में सभी 3553 शराब दुकान नीलाम हो गई है। इस बार शराब से 20,481 करोड़ रुपये की कमाई हुई है, जो कि लक्ष्य से 200 करोड़ ज्यादा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 18,676.80 करोड़ रुपए राजस्व मिलेगा। यह पिछले साल की सालाना वैल्यू से 12.33% अधिक है। आबकारी विभाग की दूसरे स्त्रोत से अनुमानित आय 1775 करोड़ रुपए होगी। विभाग को दिए गए लक्ष्य की पूर्ति नहीं होने की स्थिति में सरकार ने निगम-मंडल बनाकर शराब दुकानें संचालित करने की योजना बनाई थी। सभी दुकानों की नीलामी होने से यह तय हो गया कि अब शासन को निगम बनाकर कोई शराब दुकान नहीं चलानी होगी। आपको बता दें कि पूरी नीलामी के बाद घाटा भी समायोजित हुआ।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m