Durg News Update : बेमेतरा. भारतीय राष्ट्रीय एग्री इनपुट डीलर एसोसिएशन महाराष्ट्र पुणे द्वारा 27 अप्रैल से घोषित अनिश्चितकालीन बंद का आव्हान किया गया है. जिसमें देशभर के कृषि विक्रेताओं की समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने के लिए महाराष्ट्र फर्टिलाइजर्स पेस्टिसाइड्स एंड सीड्स डीलर्स एसोसिएशन पुणे द्वारा महाराष्ट्र में 27 अप्रैल से अनिश्चितकालीन बंद का आह्वान किया गया है. इस आंदोलन के समर्थन में छत्तीसगढ़ एग्री इनपुट डीलर एसोसिएशन ने भी एक दिवसीय सांकेतिक बंद का निर्णय लिया है. इसी परिपेक्ष्य में बेमेतरा जिला कृषि व्यापारी संघ ने भी इसका समर्थन करते हुए 27 अप्रैल को जिले में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया है. समस्याओं के समाधान हेतु राज्य संगठन और जिला कृषि व्यापारी संघ 27 अप्रैल को एक दिवसीय सांकेतिक बंद रखकर महाराष्ट्र संगठन के बेमुद्दत बंद को पूर्ण समर्थन देगा. इसके लिए जिला कृषि व्यापारी संघ बेमेतरा द्वारा 27 अप्रैल को कलेक्टर को प्रधानमंत्री, कृषि मंत्री शिवराज चौहानऔर कृषि सचिव के नाम ज्ञापन सौंप कर निराकरण की मांग रखी जाएगी. इसके लिए पूरे जिले भर से कृषि व्यापारी जिला कार्यालय में उपस्थित होकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे. इसके लिए व्यापारियों से समर्थन जुटाने जिला अध्यक्ष सिद्दीक खान के नेतृत्व में मंगलवार 22 अप्रैल से प्रतिनिधि मंडल जिले का दौरा करेगा.

घोषणा के बाद भी बस स्टैंड का निर्माण नहीं

मानपुर. वनांचल क्षेत्र को जब जिला का दर्जा दिया गया तब लोगों को उम्मीद थी कि क्षेत्र का तेजी से विकास होगा और उन्हे नई सुविधाएं मिलेगी. बीते सालों में नेताओं ने कई घोषणाएं तो की लेकिन उन पर अब तक अमल नहीं हो सका है जिससे वनांचल की तस्वीर पहले जैसी ही है. जानकारी के अनुसार करीब छह साल पहले मानपुर में बस स्टैंड निर्माण की घोषणा हुई थी. इस घोषणा पर अमल नहीं होने के बाद हाल के दिनों एक बार फिर अंतर राज्यीय बस स्टैंड निर्माण की घोषणा की गई किन्तु निर्माण की पहल अब तक नहीं हो सकी है. घोषणा के बाद स्थानीय ग्राम पंचायत ने भवन व शौचालय बनाकर काम को इति श्री कर लिया. बस स्टैंड निर्माण की घोषणा ठंडे बस्ते में नजर आ रही है. ग्रामीणों ने बताया कि नेशनल हाईवे क्रमांक 930 पर स्थित ब्लाक मुख्यालय में बस स्टैंड का निर्माण होने से सुविधा होगी साथ ही व्यापारियों को भी लाभ होगा.

नगर पालिका परिषद की बैठक में विकास कार्यों पर बनी रणनीति

बेमेतरा. नगर पालिका परिषद में प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल (पीआईसी) की एक बैठक आयोजित की गई. जिसकी अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा ने की. बैठक में नगर के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक के दौरान स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण, प्रकाश व्यवस्था सहित जनहित के कई अहम विषयों पर विचार-विमर्श किया गया. इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्णय लिए गए और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कायर्वाही के निर्देश दिए गए. जनप्रतिनिधियों ने अपने वार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिनके त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया. बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर विकास को गति देना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा. इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, पंचू साहू, गौरव साहू, विकास तम्बोली, आकिब मलकानी, नीतू कोठारी, राजकुमार खांडे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे.

पानी और सफाई की बदहाल व्यवस्था पर कांग्रेस ने खोला मोर्चा  

खैरागढ़. भीषण गर्मी और चालीस पार डिग्री के बीच शहर से सटे लालपुर वार्ड में पानी और सफाई की बदहाल व्यवस्था को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. विधायक यशोदा वर्मा के निर्देश पर शहर कांग्रेस पदाधिकारियों ने वार्ड का दौरा कर जमीनी हकीकत जानी और वार्डवासियों की समस्या सुनी. शहर अध्यक्ष डॉ अरुण भारद्वाज, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन और नेता प्रतिपक्ष दीपकॉ देवांगन के नेतृत्व में पहुंची टीम के सामने लोगों ने खुलकर नाराजगी जाहिर करते हुए बताया कि पेयजल संकट गहराया हुआ है. घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा जिससे भीषण गर्मी में हालात और भी मुश्किल हो गया है. महीनों से नालियों की सफाई नहीं होने के कारण गंदगी और बदबू से परेशानी हो रही है, जगह-जगह कचरा का ढेर लग गया है. सार्वजनिक शौचालय में बिजलीनहीं होने के कारण रात में उपयोग करना जोखिम भरा हो गया है. जहां सांप-बिच्छू का डर बना रहता है. वार्डवासियों ने भाजपा पार्षद पर निष्क्रयता का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाम नहीं मिल पा रहा और आवेदन महीनों से लंबित है. लोगों ने लालपुर एनीकट में पानी भराने कांग्रेस के प्रदर्शन पर आभार जताया. शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अरुण भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस लगातार वाडाँ का दौरा कर रही है और समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में नगर पालिका सीएमओ पुनीत वर्मा से फोन पर चर्चा कर व्यवस्था सुधारने कहा ठाया है.

जनहित में आंदोलन जारी रहेगा

विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने नपा प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं जिन्हें जगाने कांग्रेस मैदान में उतरी है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक पानी, सफाई और शौचालय में बिजली जैसी मूलभूत सुविधा बहाल नहीं होती. कांग्रेस का जनहित आंदोलन लगातार जारी रहेगा. इस दौरान रविंद्र सिंह गहरवार, शेखरदास वैष्णव, सूर्यकांत यादव, महेश यादव, कन्हैया रजक, यतेंद्रजीत सिंह, विनोद यादव, नोहर मरकामड़े, मंचू निषाद, देवशरण जोशी, भूपेंद्र जोशी, अशोक मेंद्र, किशोर बारले, कृपाराम सहित अन्य मौजूद थे.