अनूप मिश्रा, नवाबगंज, बहराइच. क्षेत्र में डीजल और पेट्रोल की भारी किल्लत के चलते पान और परचून दुकानदार मनमाने दामों पर बिक्री कर खुलेआम मुनाफाखोरी कर रहे हैं. इस गंभीर समस्या से आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है, वहीं स्थानीय प्रशासन की अनदेखी से हालात और बिगड़ते नजर आ रहे हैं.
कस्बे, चौराहों और सड़कों के किनारे करीब एक सैकड़ा दुकानों पर डीजल 150 प्रति लीटर और पेट्रोल 200 प्रति लीटर तक बेचा जा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि यह खुलेआम लूट है, जिससे ग्राहक परेशान हैं. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल आपूर्ति प्रभावित होने के कारण पेट्रोल पंपों पर पहले ही मारामारी की स्थिति बनी हुई है, जिसका फायदा उठाकर कालाबाजारी बढ़ गई है.
इसे भी पढ़ें : इसलिए कहते हैं दुर्घटना से देर भली! ट्रेन पकड़ने के चक्कर में महिला को गंवाना पड़ा एक पैर, चलती गाड़ी पर चढ़ने का किया था प्रयास
बताया जा रहा है कि कुछ लोग पेट्रोल पंपों पर कई-कई बार लाइन में लगकर मोटरसाइकिल और जरीकेनों में तेल भरवाकर सैकड़ों लीटर का स्टॉक जमा कर लेते हैं. बाद में यही तेल ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है. विरोध करने पर ग्राहकों से अभद्रता तक की जाती है और तेल देने से मना कर दिया जाता है.
खोखले साबित हो रहे कार्रवाई के निर्देश
सरकार द्वारा ज्वलनशील पदार्थों की खुले में बिक्री पर रोक और सख्त कार्रवाई के निर्देश होने के बावजूद स्थानीय प्रशासन इस पर ध्यान नहीं दे रहा है. कुछ लोगों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों की संलिप्तता की भी आशंका जताई है. इस संबंध में क्षेत्रीय ग्रामीण कासिम खान, अनिल कुमार मिश्रा, ललन प्रसाद फौजी और छेदीराम आर्य सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से ऐसे दुकानदारों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

