​पटना‌। बिहार की कमान सम्राट चौधरी के हाथों में आने के बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ‘जीरो टॉलरेंस’ मोड ऑन हो चुका है। इसी कड़ी में बुधवार की सुबह राजधानी पटना के बेउर थाना क्षेत्र स्थित सिपारा कृषि फार्म के पास पुलिस और अपराधियों के बीच सीधी मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी पुलिस की गोली का शिकार हुआ, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

​ज्वेलरी शॉप डकैती का मुख्य आरोपी हुआ घायल

​पुलिस की गिरफ्त में आया अपराधी दिलीप कुमार है, जो हाल ही में रामकृष्ण नगर इलाके में हुई एक बड़ी ज्वेलरी शॉप डकैती का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। 19 अप्रैल को पुरानी गैस गोदाम गली में अपराधियों ने दिनदहाड़े लूटपाट की थी। पुलिस ने जब इस मामले की तहकीकात शुरू की, तो उदित नामक एक अन्य आरोपी के जरिए दिलीप का नाम सामने आया। मंगलवार शाम को गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने हथियार छिपाने की बात कबूल की।

​हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग

​एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के अनुसार, बुधवार सुबह पुलिस टीम दिलीप को लेकर सिपारा कृषि फार्म हाउस के पीछे हथियार बरामद करने पहुंची थी। इसी स्थान पर अपराधियों ने लूट के गहनों का बंटवारा किया था। पुलिस की टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, दिलीप ने पहले से छिपाकर रखे देसी कट्टे को निकाला और सब-इंस्पेक्टर हेमंत झा पर जानलेवा फायरिंग कर दी। अचानक हुए हमले के जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली दिलीप के पैर में जा लगी। घायल अवस्था में उसे तुरंत इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में भर्ती कराया गया है।

​मौके पर पहुंची मां की चीख-पुकार

​मुठभेड़ की खबर मिलते ही दिलीप की मां दुलारी देवी बदहवास हालत में नंगे पैर ही घटनास्थल पर पहुंच गईं। बेटे की हालत और पुलिस की कार्रवाई देख वह जमीन पर सिर पटक-पटक कर रोने लगीं। उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका बेटा निर्दोष है और उसे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। मां का दावा है कि पुलिस ने जानबूझकर उसे गोली मारी है।

​डकैती और भविष्य की बड़ी साजिश का खुलासा

​एसएसपी ने स्पष्ट किया कि दिलीप न केवल डकैती का हिस्सा था, बल्कि वह खुद दुकान के भीतर गया था और वहां मारपीट भी की थी। मौके से डकैती में इस्तेमाल की गई बाइक और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि यह गैंग भविष्य में भी शहर के कई अन्य हिस्सों में बड़ी वारदातों को अंजाम देने की फिराक में था। फिलहाल पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है और इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।